ये हैं राजकुमार राव की बड़ी अपकमिंग फिल्में, जान्हवी कपूर समेत इन एक्ट्रेस संग आएंगे नजर

Rajkummar Rao Upcoming Movies: राजकुमार राव कई बड़ी फिल्मों में नजर आने वाले हैं। इन फिल्मों की लंबे समय से काफी चर्चा हो रही है।

Rajkummar Rao
राजकुमार राव  |  तस्वीर साभार: Instagram

बॉलीवुड एक्टर राजकुमार राव एक राष्ट्रीय पुरस्कार और तीन फिल्मफेयर अवॉर्ड जीत चुके हैं। वह पर्दे पर अलग-अलग तरह के किरदार निभाने के लिए जाने जाते हैं। चाहे एकतरफा प्रेमी का कैरेक्टर हो या आतंकवादी या स्वतंत्रता सेनानी का एक्टर ने हर रोल में खुद को साबित किया है। साल 2010 में दिबाकर बनर्जी की फिल्म लव सेक्स और धोका से बॉलीवुड में कदम रखने वाले राजकुमार ने कम वक्त में ही अपनी छाप छोड़ने में कामयाब हुए हैं।

उन्होंने काई पो चे, सिटीलाइट्स, ट्रैप्ड, बरेली की बर्फी, न्यूटन, ओमेर्टा, लुडो और छलांग जैसी फिल्मों में एक्टिंग का जलवा बिखेरा है। एक्टर आखिरी बार हाल ही में रिलीज हुई फिल्म 'द व्हाइट टाइगर' में दिखाई दिए थे। अब राजकुमार कई बड़ी फिल्मों नजर आने वाले हैं, जिनकी लंबे से चर्चा हो रही है। आइए जानते हैं एक्टर की अपकमिंग फिल्में कौन-कौन सी हैं।

रूही अफजाना

राजकुमार राव की हॉरर कॉमेडी फिल्म 'रूही अफजाना' का लंबे समय से इंतजार हो रहा है। फिल्म में जान्हवी कपूर और वरुण शर्मा भी होंगे। यह फिल्म पिछले साल आने वाली थी लेकिन लॉकडाउन के दौरान थियेटरों के बंद होने से इसकी रिलीज डेट आगे बढ़ा दी गई। बताया जा रहा है मेकर्स जल्द ही फिल्म की रिलीड डेट का ऐलान कर सकते हैं। फिल्म का डायरेक्शन हार्दिक पटेल ने किया है।
 

बधाई दो

आयुष्मान खुराना स्टारर 'बधाई हो' 2018 की एक हिट फिल्म थी। अब इसके दूसरे पार्ट 'बधाई दो' में राजकुमार राव नजर आएंगे। फिल्म में राजकुमार के अपोजिट भूमि पेडनेकर हैं। राजकुमार जहां एक पुलिस वाले की भूमिका में दिखाई देंगे वहीं भूमि पीटी शिक्षक के रोल में होंगी। पहले पार्ट की तरह यह फिल्म भी पारिवारिक ड्रामे से भरी होगी। फिल्म को हर्षवर्धन कुलकर्णी डायरेक्ट कर रहे हैं।

सेकंड इनिंग्स

राजकुमार राव और कृति सेनन एक बार फिर पर्दे पर साथ नजर आएंगे। इस फिल्म का नाम 'सेकंड इनिंग्स' है। राजकुमार और कृति की इस कॉमेडी फिल्म को अभिषेक जैन डायरेक्ट कर रहे हैं। फिल्म में अपारशक्ति खुराना, परेश रावल और रत्ना पाठक भी महत्वपूर्ण भूमिका में हैं। बता दें कि राजकुमार और कृति ने इससे पहले 'बरेली की बर्फी' में काम किया था। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर हिट साबित हुई थी। 

स्वागत है

राजकुमार राव डायरेक्टर हंसल मेहता की फिल्म फिर से दिखाई देंगी, जिसका नाम 'स्वागत है' होगा। बताया जा रहा है कि 'स्वागत है' की स्टोरी रियल लाइफ से प्रेरित है। यह हमारे समाज के कुछ गंभीर मुद्दों पर रौशनी डालेगी। बता दें कि राजकुमार और हंसल मेहता की जोड़ी जबरदस्त रही है। दोनों ने अब तक शाहिद और सिटीलाइट्स समेत चार फिल्म साथ में में की है। 'स्वागत है' दोनों की पांचवी फिल्म होगी।

हिट

Rajkummar Rao

राजकुमार राव सुपरहिट तेलुगु फिल्म 'हिट' (HIT) के हिंदी रीमेक में दिखाई देने वाले है। थ्रिलर और सस्पेंस से भरपूर इस फिल्म में राजकुमार एक पुलिस ऑफिसर का किरदार अदा करेंगे। फिल्म में एक पुलिस ऑफिसर की कहानी है जो एक लापता महिला की तलाश में रहता है। राजुकमार स्टारर फिल्म के निर्देशन की जिम्मेदारी सैलेश कोलानू के कंधों पर है। सैलेश ने ही फिल्म के तेलुगू वर्जन को भी डायरेक्ट किया था। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर