लॉकडाउन के बीच मुंबई के लिए रवाना हुईं ऋषि कपूर की बेटी, फोटो शेयर कर लिखा- घर आ रही हूं मां

एक्टर ऋषि कपूर का 30 अप्रैल को निधन हो गया। उनकी बेटी रिद्धिमा कपूर साहनी लॉकडाउन के चलते उनके अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सकीं। अब वो मुंबई के लिए रवाना हो गई हैं।

Riddhima Kapoor Sahni with Parents
Riddhima Kapoor Sahni with Parents  |  तस्वीर साभार: Instagram
मुख्य बातें
  • 30 अप्रैल को मुंबई में हुआ था ऋषि कपूर का निधन
  • ऋषि कपूर पिछले 2 साल से कैंसर से पीड़ित थे
  • ऋषि कपूर को अब फिर से कैंसर हो गया था

बॉलीवुड एक्टर ऋषि कपूर 30 अप्रैल को दुनिया को अलविदा कह गए, वो पिछले करीब दो साल से कैंसर से लड़ रहे थे। उन्हें साल 2018 में कैंसर हुआ था जिसके बाद वो इलाज के लिए न्यूयॉर्क चले गए थे और इस दौरान उनकी पत्नी नीतू कपूर उनके साथ रहीं। ऋषि कपूर का न्यूयॉर्क में करीब एक साल तक इलाज चला और वो ठीक होकर देश लौट आए लेकिन उन्हें फिर से कैंसर हो गया और वो जिंदगी की जंग हार गए।

ऋषि कपूर का निधन सर एचएन रिलायंस फाउंडेशन हॉस्पिटल में हुआ जिसके बाद मरीन लाइन्स के चंदनवाड़ी श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया जिसमे परिवार के केवल 20 लोग ही शामिल हुए। ऋषि कपूर की बेटी रिद्धिमा कपूर साहनी दिल्ली में रहती हैं और देश में लगे लॉकडाउन के चलते अंतिम समय में अपने पिता के साथ नहीं रह पाई और ना ही उनके दाह संस्कार में शामिल हो सकीं। लेकिन अब रिद्धिमा मुंबई के लिए रवाना हो गई हैं और उन्होंने एक पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी भी दी। रिद्धिमा ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में एक वीडियो शेयर कर लिखा, 'घर आ रही हूं मां.. मुंबई के रास्ते में हूं।' 

मालूम हो कि कोरोना वायरस के चलते पिछले एक महीने से ज्यादा समय से देश में लॉकडाउन है ऐसे में रिद्धिमा पिता ऋषि कपूर के अंतिम समय में उनके साथ नहीं रह सकीं। लॉकडाउन में सफर करने के लिए उन्होंने गृह मंत्रालय से इजाजत मांगी जिसके बाद उन्हें 5 मूविंग पास इशू जारी कर दिए गए जिसके बाद वो सड़क के रास्ते अपने परिवार के साथ दिल्ली से मुंबई जा रही हैं।

पिता को कर रही हैं याद

रिद्धिमा अपने पिता को याद कर रही हैं। बीते घंटों में उन्होंने पिता के साथ कई तस्वीरें शेयर की हैं जिनमें रिद्धिमा ने लिखा कि वो उन्हें याद कर रही हैं। रिद्धिमा ने एक फोटो शेयर कर लिखा, 'लौट आओ ना पापा'। उन्होंने अपने बचपन की फोटो भी शेयर की।

मालूम हो कि न्यूॉयॉर्क में कैंसर का इलाज करवाकर ऋषि सितंबर 2019 में देश वापस लौटे थे। इसके बाद उनकी हालत सही थी और उन्होंने अपनी फिल्म की शूटिंग भी शुरू कर दी थी लेकिन बुधवार रात उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां गुरुवार सुबह उनका निधन हो गया।

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर