सोनू निगम और उनके परिवार को हुआ कोरोना, सिंगर ने खुद बताया कैसी है उनकी तबियत

बॉलीवुड सिंगर सोनू निगम और उनके परिवार को कोरोना वायरस हो गया है, जिसकी जानकारी खुद सिंगर ने दी। उन्होंने बताया कैसी है उनकी तबियत।

Sonu Nigam
Sonu Nigam 
मुख्य बातें
  • कोरोना वायरस की चपेट में आए बॉलीवुड सिंगर सोनू निगम।
  • सोनू निगम ने बताया कि उनकी पत्नी और बेटे की रिपोर्ट भी पॉजिटिव है।
  • सिंगर ने वीडियो शेयर कर फैंस को दी ये जानकारी।

देशभर में लगातार कोरोना वायरस के मामले बढ़ते जा रहे हैं। बीते दिनों में बॉलीवुड से लेकर छोटे पर्दे तक कई सेलेब्स इसकी चपेट में आ चुके हैं और हर रोज इसके मामलों में वृद्धि हो रही है। अब बॉलीवुड सिंगर सोनू निगम और उनका परिवार भी इसकी चपेट में आ गया है। 

वीडियो शेयर कर फैंस को दी जानकारी

सोनू निगम ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर फैंस को इस बात की जानकारी दी कि वो इस वायरस की चपेट में आ गए हैं। सोनू निगम ने बताया कि वो इस समय दुबई में हैं। उन्हें सुपर सिंगर 3 के शूट और भुवनेश्वर में परफॉर्मेंस के लिए भारत आना था जिसके चलते उन्होंने कोविड टेस्ट करवाया जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद उन्होंने तीन- चार बार टेस्ट करवाया और हर बार उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। सोनू निगम ने कहा कि हालांकि उन्हें ऐसा लग नहीं रहा है कि उन्हें कोविड हुआ है और वो ठीक हैं। सिंगर ने कहा कि उन्हें लगता है कि धीरे- धीरे लोग इसके साथ जीना सीख लेंगे। 

Also Read: जब एयरपोर्ट में चंकी पांडे को छोड़, सोनू निगम को किस करने लगी लड़कियां'

'डरें नहीं लेकिन सतर्क रहें'

सोनू निगम ने कहा कि कोरोना वायरस की इस वेव में कई लोग इसकी चपेट में आ चुके हैं। इसे लेकर लोगों को डरना नहीं चाहिए लेकिन सतर्क रहना चाहिए क्योंकि यह थोड़ा ज्यादा जल्दी फैल रहा है। सिंगर ने कहा कि उन्हें उन लोगों के लिए बुरा लगता है जिनका काम कोरोना वायरस के चलते पिछले दो साल से नहीं हो पा रहा है। 

सोनू निगम की पत्नी- बेटे को भी हुआ कोरोना

सोनू निगम ने बताया कि वो पिछले डेढ़ महीने से अपने बेटे नीवान निगम से नहीं मिले थे और उनके साथ समय बिताना चाहते थे। हालांकि अब वो उनके साथ ज्यादा समय बिताएंगे क्योंकि उनके बेटे नीवान, पत्नी मधुरिमा निगम और साली को भी कोरोना हो गया है। 

ये सेलेब्स भी आए चपेट में

मालूम हो कि हाल ही में प्रेम चोपड़ा, जॉन अब्राहम और उनकी पत्नी प्रिया रुंचाल, एकता कपूर, अर्जुन कपूर, अंशुला कपूर, अनिता राज, दृष्टि धामी और डेलनाज ईरानी समेत कई सेलेब्स इसकी चपेट में आ चुके हैं। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर