कोरोना वायरस की चपेट में आने के बाद वरुण धवन ने किया पोस्ट, बताया- कहां हुई गलती

बॉलीवुड एक्टर वरुण धवन हाल ही में कोरोना वायरस की चपेट में आ गए। इसके बाद अब उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अपनी गलती मानी है और बताया कि उन्होंने क्या गलती की।

Varun Dhawan
Varun Dhawan  |  तस्वीर साभार: Instagram
मुख्य बातें
  • कोरोना वायरस की चपेट में आए वरुण धवन ने सोशल मीडिया पर किया पोस्ट।
  • वरुण ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बताया कहां हुई गलती।
  • मालूम हो कि वरुण इस समय चंडीगढ़ में हैं।

बॉलीवुड एक्टर वरुण धवन, नीतू कपूर और डायरेक्टर राज मेहता हाल ही में चंडीगढ़ में आने वाली फिल्म जुग जुग जियो की शूटिंग करते हुए, कोविड- 19 की चपेट में आ गए थे। वहीं उनके साथ अनिल कपूर और कियारा आडवाणी भी फिल्म की शूटिंग कर रहे थे, लेकिन उनकी रिपोर्ट नेगेटिव आई। 

कोविड की चपेट में आने के बाद वरुण ने मानी गलती

अब कोरोना की चपेट में आने के बाद वरुण धवन ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अपनी गलती मानी बताया कि उन्हें लगता है कि वो थोड़ा और ख्याल रख सकते थे। वरुण ने पोस्ट कर लिखा, 'तो इस महामारी के बीच जैसे ही मैं काम पर लौटा कोविड-19 की चपेट में आ गया। प्रोडक्शन द्वारा सभी सावधानियां बरती गईं लेकिन फिर भी जिंदगी में कुछ निश्चित नहीं है और खासतौर पर कोविड-19। तो कृप्या ज्यादा ध्यान रखें, मुझे लगता है कि मैं और अधिक ख्याल रख सकता था। मुझे जल्द ठीक होने के मैसेज मिलते हैं और मेरी हिम्मत हर दिन बढ़ रही है। थैंक्यू।' मालूम हो कि वरुण धवन मुंबई नहीं लौटे हैं बल्कि चंडीगढ़ में ही क्वारंटीन हैं। वरुण के अलावा राज मेहता ने भी चंडीगढ़ में ही रुकने का फैसला किया। 

एयर एंबुलेंस से मुंबई लौटीं नीतू कपूर

वहीं कोरोना वायरस की चपेट में आने के बाद एक्ट्रेस नीतू कपूर मुंबई लौट आई हैं। नीतू के कोविड-19 की चपेट में आने के बाद उनके बेटे व एक्टर रणबीर कपूर ने उन्हें वापस मुंबई बुलाने के लिए जरूरी इंतजाम किए। रणबीर ने एयर एंबुलेंस के जरिए नीतू को मुंबई वापस बुला लिया है, जहां उनका पूरा ख्याल रखा जा रहा है। वहीं एक्टर अनिल कपूर भी मुंबई लौट आए हैं और उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए फैंस को यह जानकारी दी थी कि उनकी कोरोना रिपोर्ट नेगेटिव आई है। 

पिछले महीने शुरू की थी शूटिंग

मालूम हो कि सभी एक्टर्स 12 नवंबर को अपनी फिल्म जुग जुग जियो की शूटिंग के लिए रवाना हुए थे। सभी ने रवाना होते हुए फोटो शेयर की थी और फिल्म के बारे में जानकारी दी थी। फिल्म में वरुण, अनिल और नीतू के अलावा एक्ट्रेस कियारा आडवाणी और प्राजक्ता कोली भी हैं।  

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर