जानें कितने करोड़ की है विवेक ओबेरॉय की संपत्ति, प्रोडक्शन हाउस समेत कंस्ट्रक्शन कंपनी के मालिक

बॉलीवुड एक्टर विवेक ओबेरॉय का आज जन्मदिन है और वो 44 साल के हो गए हैं। आज उनके जन्मदिन पर जानें कितनी है उनकी कुल संपत्ति और क्या करते हैं बिजनेस।

Vivek Oberoi
Vivek Oberoi 
मुख्य बातें
  • बॉलीवुड एक्टर विवेक ओबेरॉय का जन्मदिन आज
  • विवेक एक्टिंग के साथ- साथ प्रोडक्शन हाउस भी चलाते हैं
  • जानें कितनी है विवेक ओबेरॉय की कुल संपत्ति

बॉलीवुड एक्टर विवेद ओबेरॉय का आज जन्मदिन है और वो 44 साल के हो गए हैं। विवेक का जन्म 3 सितंबर 1976 को हैदराबाद में एक्टर सुरेश ओबेरॉय के घर हुआ था और उनके पेरेंट्स ने उनका नाम विवेकानंद ओबेरॉय रखा था। 

18 साल पहले किया था डेब्यू

विवेक ने साल 2002 में राम गोपाल वर्मा की फिल्म कंपनी से बॉलीवुड में कदम रखा था। इसके लिए उन्होंने बेस्ट डेब्यू और बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर का फिल्मफेयर अवॉर्ड जीता। इसके बाद वो फिल्म रोड और दम में भी नजर आए। इसके बाद इसी साल उनकी फिल्म साथिया रिलीज हुई जिसमें उनके साथ एक्ट्रेस रानी मुखर्जी थीं, फिल्म को बहुत पसंद किया गया और ये हिट साबित हुई। विवेक ने इसके बाद कई बॉलीवुड फिल्मों में काम किया जिसमें मस्ती, युवा, किसना: द वॉरियर पोएट, ओमकारा, नक्शा, शूटआउट एट लोखंडवाला, मिशन इस्तांबुल, रक्त चरित्र, कृष 3, ग्रेट ग्रैंड मस्ती, पीएम नरेंद्र मोदी और रुस्तम में नजर आए। 

प्रोडक्शन हाउस के मालिक हैं विवेक

विवेक ना केवल एक्टर हैं बल्कि वो प्रोडक्शन हाउस के मालिक भी हैं, जिसका नाम है ओबेरॉय मेगा एंटरटेनमेंट (Oberoi Mega Entertainment)। इतना ही नहीं विवेक की अपनी कंपनी कर्म इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड भी है। साल 2016 में बनी इस कंपनी ने महाराष्ट्र के शाहपुर में अफोर्डेबल हाउसिंग प्रोजेक्ट लॉन्च किया था जिसके तहत 15 हजार से ज्यादा परिवारों को 7 लाख 90 हजार रुपये की कीमत में घर देना है। मालूम हो कि इसी प्रोजेक्ट के तहत विवेक ने साल 2017 में छत्तीसगढ़ में शहीद हुए जवानों के परिवारों को महाराष्ट्र के ठाणे में 25 फ्लैट्स देने का फैसला किया था।

इतने करोड़ है विवेक ओबेरॉय की संपत्ति

जानकारी के मुताबिक विवेक ओबेरॉय की कुल संपत्ति करीब 15 मिलियन डॉलर यानी 1 अरब 10 करोड़ रुपये से ज्यादा की है। वहीं अगर फिल्मों की बात करें तो विवेक एक फिल्म के लिए 3 से 4 करोड़ रुपये तक फीस लेते हैं। 

बता दें कि 29 अक्टूबर 2010 को विवेक ने कर्नाटक के मंत्री जीवाराव अल्वा की बेची प्रियंका अल्वा से बेंग्लुरु में शादी कर ली थी। दोनों के दो बच्चे हैं एक बेटा और एक बेटी।

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर