साउथ कोरिया में पल्लवी सिंह ने जीता मिसेज यूनिवर्स डीवाइन का ताज, बोलीं- महिला सशक्तिकरण के लिए करना है काम

दक्षिण कोरिया में आयोजित विश्व स्तरीय मिसेज यूनिवर्स डीवाइन प्रतिस्पर्धा में पल्लवी सिंह ने खिताब अपने नाम किया है। साऊथ कोरिया में आयोजित इस मिसेज यूनिवर्स कांटेस्ट में 110 देशों ने भागीदारी की थी।

Pallavi Singh mrs universe divine
Pallavi Singh mrs universe divine 
मुख्य बातें
  • मिसेज यूनिवर्स डीवाइन प्रतिस्पर्धा में पल्लवी सिंह ने खिताब अपने नाम किया
  • साऊथ कोरिया में आयोजित इस मिसेज यूनिवर्स कांटेस्ट में 110 देशों ने भागीदारी की थी
  • उत्तर प्रदेश के कानपुर में जन्मी हैं सुंदरी पल्लवी सिंह

Pallavi Singh becomes mrs universe divine south korea: दक्षिण कोरिया में आयोजित विश्व स्तरीय मिसेज यूनिवर्स डीवाइन प्रतिस्पर्धा में एक बार फिर भारतीय सौंदर्य और सभ्यता की चमक और धमक दिखाई दी। इस स्पर्धा में मिसेज यूनिवर्स डिवाइन का खिताब जीत कर भारतीय सुंदरी पल्लवी सिंह ने कमाल कर दिया। साउथ कोरिया के योसु शहर में 22 से 30 जून तक इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया और अब पल्लवी इस खिताब के साथ स्वदेश लौटी हैं। 

साऊथ कोरिया में आयोजित इस मिसेज यूनिवर्स कांटेस्ट में 110 देशों ने भागीदारी की थी। इस प्रतियोगिता में भाग लेने आई प्रतियोगिओं के बीच अपने अलौकिक सौंदर्य के दम पर पल्लवी सिंह ने जीत हासिल कर भारत को एक बार फिर विश्व सौंदर्य के मंच पर गौरव का अहसास कराया है। उत्तर प्रदेश के कानपुर में जन्मी पल्लवी सिंह ने 2020 में जयपुर में आयोजित मिसेज इंडिया, 2021 में मिसेज इंडिया - शी इज इंडिया संस्था के जरिए आयोजित एशिया स्तर की प्रतियोगिता में मिसेज इंडो-एशिया यूनिवर्स का खिताब भी अपने नाम किया है। 

मां को दिया जीत का श्रेय 

पल्लवी सिंह अपनी इस जीत का श्रेय अपनी मां गीता सिंह को देती हैं। पल्लवी ने एक मीडिया हाउस से बात करते हुए कहा कि मैं अपनी मां के द्वारा दिए गगए मूल्यों को समाज के सामने रखना चाहती हूं। पल्लवी ने अपने इस खिताब को देश की महिलाओं को समर्पित किया और कहा कि मैं अपनी जीत के जरिए महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में जागरूकता लाना चाहती हूं।  

महिला सशक्तिकरण के लिए करना है काम

पल्लवी ने बताया कि उनकी मां बीते 30 वर्ष से महिला सशक्तिकरण और सामाजिक कार्यों के क्षेत्र में काम करने वाली संस्था नारी समर्था से जुड़ी हैं और वह खुद भी घरेलू हिंसा से पीड़ित महिलाओं के आर्थिक-सामाजिक और शैक्षिक सशक्तिकरण के क्षेत्र में काम कर रही हैं। दिल्ली के अरविंदो कॉलेज से अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद पल्लवी ने इंश्योरेंस के सेक्टर में करियर बनाया। पल्लवी सिंह अरविंदो कॉलेज की स्टूडेंटस यूनियन की प्रेसिडेंट रह चुकी हैं। साल 2021 में रिलायंस इंश्योरेंस ने भी उन्हें द वुमन इन इन्शुरेंस अवार्ड 2021 का अवार्ड दिया गया।

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर