Pratigya Season 2: फ‍िर प्रत‍िज्ञा बनकर लौट रही हैं पूजा गौर, जानें शो की बाकी की कास्‍ट और कब, कहां होगा एयर

साल 2012 में खत्म हुए टीवी सीरियल 'मन की आवाज प्रतिज्ञा' नए सीजन के साथ वापसी कर रहा है। जानें शो के इस सीजन की स्टार कास्ट के बारे में।

Mann Kee Awaaz Pratigya
Mann Kee Awaaz Pratigya 
मुख्य बातें
  • दर्शकों का मनोरंजन करने फिर लौट रहा है टीवी सीरियल 'मन की आवाज प्रतिज्ञा'।
  • 'मन की आवाज प्रतिज्ञा' के नए सीजन की शुरुआत जल्द होगी।
  • जानें कौन एक्टर्स शो के इस नए सीजन में आएंगे नजर।

टेलिविजन पर अक्सर नए टीवी सीरियल्स की शुरुआत होती रहती है। कुछ दर्शकों के दिलों में अपनी जगह नहीं बना पाते तो कुछ को इतना प्यार मिलता है कि वो नए सीजन के साथ वापसी करते हैं। इन्ही में से एक शो है मन की आवाज प्रतिज्ञा, जिसे बहुत पसंद किया गया था। साल 2009 में शुरू हुए इस शो ने करीब तीन साल तक दर्शकों का मनोरंजन किया। इसमें एक्ट्रेस पूजा गौर और अरहान बहल लीड रोल में थे।

ये होगी स्टार कास्ट

अब यह शो नए सीजन के साथ दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए वापसी कर रहा है। इस सीजन में भी दर्शकों को एक्ट्रेस पूजा गौर और अरहान बहल नजर आएंगे। मालूम हो कि शो में पूजा प्रतिज्ञा कृष्णा सिंह और अरहान कृष्णा सज्जन सिंह के रोल में थे। जानकारी के मुताबिक इस हफ्ते ही शो की शूटिंग शुरू हो जाएगी। शो में एक्टर अनुपम श्याम ने भी अहम रोल प्ले किया था और माना जा रहा है कि वो शो के इस सीजन में भी दर्शकों का मनोरंजन करते दिखेंगे। शो में अनुपम सज्जन सिंह के रोल में थे और उनके कैरेक्टर को दर्शकों का भरपूर प्यार मिला था। 

इस एक्टर की हुई एंट्री

शो के पहले सीजन में अहम रोल में नजर आए एक्टर्स के साथ शो में एक्टर आशीष कपूर भी नजर आ सकते हैं। खबरें हैं कि शो में आशीष की एंट्री हो गई है और वो इसमें अहम रोल प्ले करते नजर आएंगे, हालांकि यह जानकारी सामने नहीं आई है कि वो शो में क्या रोल प्ले करेंगे। मालूम हो कि शो की कहानी प्रतिज्ञा की जिंदगी के आसपास घूमती है, जबरदस्ती उसकी शादी कृष्णा से कर दी जाती है जो स्थानीय गुंडा है और उसका पीछा करता था। हालांकि बाद में उसे कृष्णा से प्यार हो जाता है, लेकिन वह अपने ससुराल में पुरुष वर्चस्व का विरोध करती रहती है और अपने हक के लिए लड़ती है।

ज्यादा दिलचस्प होगा ये सीजन

शो का पहला सीजन स्टार प्लस पर एयर होता था लेकिन खबरों की मानें तो इस बार यह स्टार भारत पर दिखाया जाएगा। वहीं शो को राजन शाही प्रोड्यूस कर रहे हैं जबकि पर्ल ग्रे शो की क्रिएटिव प्रोड्यूसर होंगी। टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक शो से जुड़े एक सूत्र ने कहा कि दर्शकों को शो का यह सीजन भी पसंद आएगा और यह पिछले सीजन से ज्यादा दिलचस्प होगा।

छह साल बाद करेंगी वापसी

पूजा गौर आखिरी बार छह साल पहले टीवी सीरियल 'मेरी आवाज को रोशनी मिल गई' में नजर आई थीं। ऐसे में एक्ट्रेस का कमबैक शानदार होने जा रहा है।

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर