भगवान राम का रोल भी निभा चुके हैं महाभारत के 'कृष्‍ण' नीतीश भारद्वाज, Smriti Irani बनी थीं 'माता सीता'

TV Throwback: बीआर चोपड़ा का एतिहासिक सीरियल महाभारत टीवी में दोबारा टेलिकास्ट हो रहा है। इस सीरियल में 'कृष्ण' का रोल न‍िभाने वाले नीतीश भारद्वाज पर्दे पर भगवान राम का रोल भी न‍िभा चुके हैं।

Nitish bharadwaj and smriti irani
Nitish bharadwaj and smriti irani 

TV Throwback: बीआर चोपड़ा का एतिहासिक सीरियल महाभारत टीवी में दोबारा टेलिकास्ट किया जा रहा है। लॉकडाउन के दौरान सोशल मीडिया पर इस धारावाहिक के पुन: प्रसारण की मांग उठी थी। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने मांग पूरी कर इसका दोबारा प्रसारण शुरू कर दिया था। 1988 से 1990 तक प्रसारित हुए इस सीरियल ने टीआरपी के नए कीर्तिमान रच दिए हैं। दर्शक इस सीरियल को खूब देख रहे हैं। 

बता दें कि इस सीरियल में 'भगवान कृष्ण' का रोल न‍िभाया था नीतीश भारद्वाज ने। यह उस दौर की बात है जब उन्‍होंने पर्दे पर कदम ही रखा था। इस सीरियल की बदौलत नीतीश भारद्वाज को जबरदस्‍त लोकप्रियता मिली। उन्‍हें लोग असल में भगवान कृष्‍ण समझने लगे थे। कई जगहों पर उनकी पूजा तक होती थी। आपको बता दें कि नीतीश भारद्वाज ने महाभारत के बाद दर्जनों फ‍िल्‍मों और धारावाहिकों में काम किया लेकिन हमेशा उन्‍हें टीवी का कृष्‍ण ही कहा गया। 

आपको बता दें कि नीतीश भारद्वाज ने कृष्‍ण बनने के बाद पर्दे पर भगवान राम का रोल भी न‍िभाया था। 2001 में आई बीआर चोपड़ा की रामायण में नीतीश भारद्वाज को भगवान राम का रोल ऑफर किया गया था। इस सीरियल में केंद्रीय मंत्री स्‍मृति ईरानी ने माता सीता का रोल निभाया था। जीटीवी पर दो साल इस धारावाहिक का प्रसारण हुआ था। 

महाभारत के कई किरदारों को मिला मौका
चुंकि महाभारत और ये वाली रामायण बीआर चोपड़ा ने ही बनाई थी, इसलिए इसमें महाभारत के कई कलाकारों को मौका मिला। नीतीश भारद्वाज के अलावा इस रामायण में गजेंद्र चौहान भी नजर आए। महाभारत में युधिष्ठिर का रोल निभाने वाले गजेंद्र चौहान रामायण में राजा दशरथ के रोल में नजर आए। 

रामानंद सागर को नहीं दे पाए टक्‍कर
भगवान राम के किरदार में नीतीश भारद्वाज खूम जमे लेकिन वह भगवान कृष्‍ण की छवि को मिटा नहीं पाए। दर्शक उनमें कृष्‍ण को ही खोजते थे। दूसरी तरफ बीआर चोपड़ा रामानंद सागर की रामायण की स्‍मृतियों को मिटा नहीं पाए। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर