Year Ender 2021: कोई नाबालिग रेप केस में फंसा तो कोई पत्नी संग मारपीट कर गया जेल, ये हैं TV जगत की साल 2021 की बड़ी कॉन्ट्रोवर्सी

TV Celebs controversies of year 2021 list: साल 2021 में टीवी इंडस्ट्री ने ऐसी कई कॉन्ट्रोवर्सी देखीं, जिसने महीनों तक लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा। एक नजर टीवी जगत के उन सब विवादों पर, जो इस साल सुर्खियों में रहे।

TV controversies of year 2021 Full List indian Idol 12 TRP Controversy To Shweta Tiwari Nisha Rawal domestice voilance check all list
टीवी जगत की बड़ी कॉन्ट्रोवर्सी। 
मुख्य बातें
  • श्वेता तिवारी और अभिनव कोहली की कानूनी लड़ाई
  • पुलिस केस में फंसी थीं युविका चौधरी
  • टीवी जगत के साल 2021 के बड़े विवादों

इस साल छोटे परदे के स्टार्स की रियल लाइफ में ऐसा बहुत कुछ हुआ, जिसने लोगों को हिला कर रख दिया। किसी पर घरेलू हिंसा और रेप केस लगे तो किसी ने खुद को विवादों में फंसा पाया। टीवी इंडस्ट्री ने ऐसी कई कॉन्ट्रोवर्सी देखीं, जिसने महीनों तक लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा। डालें एक नजर टीवी जगत के उन 9 विवादों पर, जो इस साल सुर्खियों में रहे...

रेप केस में फंसे थे पर्ल
नाबालिग के साथ रेप और छेड़छाड़ के मामले में टीवी एक्टर पर्ल वी पुरी को न्यायिक हिरासत में लिया गया था। मुंबई पुलिस के जोन 2 वसई के डीसीपी संजय पाटिल ने मीडिया से बातचीत में बताया था कि पीड़िता के पिताजी ने वर्सोवा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा था कि उनकी बेटी के साथ यौन शोषण हुआ है। पीड़िता की मां पर्ल के ही सीरियल में काम करती थी, जिसके कारण वह सेट पर आया जाया करती थी। उसने एक्टर के किरदार का नाम बताया है। पीड़िता की उम्र 12 साल से कम बताई गई थी। इसी के बाद एक्टर के खिलाफ पॉस्को एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। हालांकि पर्ल के सपोर्ट में कई टीवी सितारे उतर आए हैं। एकता कपूर ने कहा था, 'मेरी पीड़ित बच्‍ची की मां से फोन पर कई बार बात हुई। उन्‍होंने साफ कहा है कि पर्ल इसमें शामिल नहीं था और उनके पति ही कहानियां गढ़ने की कोशिश कर रहे हैं।' बाद में पर्ल को मामले में जमानत मिल गई थी। 

करण मेहरा को निशा रावल ने कराया था गिरफ्तार
ये रिश्‍ता क्‍या कहलाता है में नैतिक का रोल निभाने वाले एक्‍टर करण मेहरा पर गंभीर आरोप लगाए गए। उनको मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उन पर पत्‍नी के साथ मारपीट का आरोप लगे थे। निशा ने अपनी शिकायत में कहा था कि करण मेहरा ने उनके साथ पहले लड़ाई की और फिर मारपीट पर उतारू हो गए। गोरेगांव पुल‍िस स्‍टेशन में करण मेहरा पर धारा 336, 337, 332, 504, 506 के तहत मामला दर्ज किया था। निशा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस भी बुलाई थी, जहां अपने सिर पर चोट के निशान दिखाए और करण पर शारीरिक रूप से चोट पहुंचाने का दावा किया। दूसरी ओर, करण ने कहा कि निशा ने उसे गलत तरीके से चित्रित करने और गुजारा भत्ता के रूप में एक बड़ी राशि निकालने के लिए पूरा सीन बनाया था। हालांकि, निशा ने कहा है कि वह केवल अपने बेटे कविश की कस्टडी चाहती है और कोई गुजारा भत्ता नहीं चाहती। बता दें कि करण ने 5 साल निशा को डेट करने के बाद उनसे 24 नवम्बर 2012 को शादी की थी।

इंडियन आइडल-12 कॉन्ट्रोवर्सी
छोटे पर्दे का पॉपुलर टीवी शो इंडियन आइडल इस साल कई वजहों से सुर्खियों में छाया रहा। इस टीवी शो में बतौर मेहमान किशोर कुमार के बेटे अमित कुमार जब शो में आए थे तो खूब कॉन्ट्रोवर्सी हुई थी। क्योंकि अमित कुमार ने शो मेकर्स की पोल खोलते हुए बताया था कि उन्हें कंटेस्टेंट की तारीफ करने के लिए कहा था। वह इस टीवी शो में सिर्फ पैसों के लिए गए थे। इस कॉन्ट्रोवर्सी के बाद सोशल मीडिया पर टीवी शो इंडियन आइडल की खूब धज्जियां उड़ी थीं। सोशल मीडिया यूजर्स ने इंडियन आइडल का खूब मजाक उड़ाया था। इसके बाद इस टीवी शो में पवनदीप राजन और अरूणिता कांजीलाल का फेक लव एंगल भी चलाया गया था जिसने खूब सुर्खियां बटोरी थीं।

शिल्पा शेट्टी ने छोड़ा था सुपर डांसर शो
पति राज कुंद्रा के पोर्नोग्राफी केस में फंसने की वजह से शिल्पा शेट्टी को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा था। राज को हिरासत में ले लिया गया था। मुंबई पुलिस ने बॉलीवुड अदाकारा शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा को अश्लील फिल्में बनाने और एप्स के जरिए उन्हें रिलीज करने के आरोप पर गिरफ्तार कर लिया था। मुंबई क्राइम ब्रांच कुछ समय तक इस मामले की जांच कर रही थी। राज कुंद्रा को मुख्य साजिशकर्ता बताया गया था। राज कुंद्रा की वजह से शिल्पा शेट्टी पर भी मुसीबतें आ गई थी और उनको कुछ वक्त के लिए अपना टीवी शो सुपर डांसर छोड़ना पड़ा था। यहां तक कि शिल्पा ने हर किसी से दूरी बना ली थी। हालांकि शिल्पा शेट्टी का इसमें कोई हाथ नहीं था। बाद में राज कुंद्रा को बेल मिल गई थी। 

दिव्या भटनागर की मौत 
'ये रिश्ता क्या कहलाता है' की एक्ट्रेस दिव्या भटनागर कोरोना वायरस की चपेट में आने के बाद अस्पताल में भर्ती थी। लगातार तबीयत बिगड़ने से उनकी 07 दिसंबर को मौत हो गई थी। दिव्या की मौत ने हर किसी को हिला कर रख दिया है। दिव्या की मौत के बाद से उनके पति गगन खबरों में आ गए थे। पहले दिव्या के परिवार ने गगन पर आरोप लगाते हुए उन्हें फ्रॉड बताया था। दिव्या के भाई देवाशीष भटनागर ने कहा था कि उनके परिवार ने गगन के खिलाफ केस दर्ज करवाने का फैसला किया है। वहीं दिव्या की खास दोस्त और एक्ट्रेस देवोलीना भट्टचार्जी ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर यह खुलासा किया कि गगन दिव्या की पिटाई करता था और यहां तक कि 6 महीने जेल में भी रहा था। दिव्या की मां ने गगन पर यह आरोप लगाए थे कि 'उसका पति फ्रॉड था। उसने दिव्या को छोड़ दिया है।'

मुनमुन दत्ता का विवाद
तारक मेहता का उल्टा चश्मा फेम मुनमुन दत्ता का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था जिसमें वह जातिसूचक शब्द कहती हुई नजर आई थीं। इस वजह से सोशल मीडिया पर मुनमुन दत्ता जमकर ट्रोल हुई थीं। लोग मुनमुन दत्ता की गिरफ्तारी की मांग भी कर रहे थे। बाद में मुनमुन दत्ता ने एक वीडियो शेयर करके लोगों से माफी मांगी थी और उस वीडियो को हटा दिया था। इसके साथ वह राज अनादकट के साथ डेटिंग को लेकर भी सुर्खियों में छाई रहीं। 

पुलिस केस में फंसी थीं युविका चौधरी
इस वर्ष युविका चौधरी भी चर्चा का विषय बन गई थीं। दरअसल, युविका चौधरी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था जिसमें वह जातिसूचक शब्द का इस्तेमाल करती हुई नजर आई थीं। इस वजह से सोशल मीडिया पर उन्हें लोगों का गुस्सा सहना पड़ रहा था। यहां तक कि उनके ऊपर पुलिस केस भी रजिस्टर्ड हुआ था। बाद में युविका चौधरी ने अपना एक वीडियो शेयर किया था जिसमें वह लोगों से माफी मांगती हुई नजर आ रही थीं। 

श्वेता तिवारी और अभिनव कोहली की कानूनी लड़ाई
श्वेता तिवारी भी इस साल अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर काफी चर्चा में रहीं। श्वेता को पति अभिनव कोहली से लंबी लड़ाई लड़नी पड़ी। दोनों के बेटे रेयांश कोहली की कस्टडी को लेकर कई सालों से दोनों के बीच कानूनी लड़ाई चली आ रही है। अभिनव ने दावा किया कि श्वेता एक अच्छी मां नहीं है और वो रेयांश को काम की वजह से कहीं भी छोड़कर चली जाती हैं। अभिनव ने श्वेता के खतरों के खिलाड़ी 11 में हिस्सा लेने पर भी सवाल उठाए थे। इसके बाद श्वेता ने अभिनव का एक वीडियो शेयर किया था जिसमें वो सरेआम उनके साथ बदतमीजी करते दिखे थे। बाद में अदालत के आदेश के अनुसार, श्वेता को रेयांश की कस्टडी दी गई है और अभिनव को कुछ नियमों के साथ उससे मिलने की अनुमति है।

टेरेंस पर लगे थे नोरा फतेही को गलत तरीके से छूने के आरोप
नोरा फतेही और टेरेंस लुईस एक दूसरे के साथ एक बेहतरीन केमिस्ट्री और बॉन्ड शेयर करते हैं। नोरा फतेही ने रियलिटी डांस शो, इंडियाज बेस्ट डांसर में मलाइका अरोड़ा के जाने पर कुछ वक्त के लिए बतौर जज काम किया था। जब मलाइका को COVID-19 पॉजिटिव पाया गया था। इस दौरान टेरेंस का एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें उनपर नोरा को स्टेज पर गलत तरीके से छूने का आरोप लगा था। हालांकि, नोरा ने इसे बकवास बताते हुए वीडियो को 'मॉर्फ' और 'फोटोशॉप' बताते हुए टेरेंस का समर्थन किया था।

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर