Health Tips for eyes: आंखों की रोशनी बढ़ाने के लिए ये 6 चीजें हैं सबसे ज्यादा फायदेमंद, ऐसे करें सेवन

Home Remedies for eyes : ज्यादा देर तक कंप्यूटर या लैपटॉप चलाने से आंखों पर जोर पड़ता है। साथ ही शरीर में पोषक तत्वों की कमी से आंखों की रोशनी कमजोर हो जाती है। इसे ठीक करने के लिए अपनी डाइट में बदलाव करें।

foods for weak eyesight, healthy eyes, health tips
हेल्दी आंखों के लिए ये फूड्स हैं बेस्ट (pic: Istock) 
मुख्य बातें
  • आंखों की रोशनी बढ़ाने के लिए ओमेगा 3 फैटी एसिड युक्त चीजें खाएं।
  • कमजोर आंखों के लिए हरी स​ब्जियां खाना फायदेमंद होता है।
  • ज्यादा देर लैपटॉप या मोबाइल चलाने से आंखों पर पड़ता है जोर।

Best Foods for Weak Eyesight : आजकल ज्यादातर लोगों का वक्त मोबाइल और लैपटॉप में जाता है। वर्क फ्रॉम होम के कॉन्सेप्ट से ये चीज और ज्यादा बढ़ गई है। ऐसे में बहुत से लोगों को आंखों में जलन, पानी आना या धुंधला दिखने की शिकायत हो गई है। अगर आप भी इन्हीं में से एक हैं तो घबराए नहीं। आप अपने डाइट में कुछ खास चीजों को शामिल करके अपनी आंखों की रोशनी तेज कर सकते हैं।

2001 में प्रकाशित द एज-रिलेटेड आई डिजीज स्टडी (एआरडीएस) के मुताबिक आंखों की रोशनी कम होने का कारण कुछ खास पोषक तत्वों जैसे- जिंक, कॉपर, विटामिन सी, विटामिन ई और बीटा कैरोटीन का शरीर में कम होना होता है। ऐसे में भोजन में ओमेगा -3 फैटी एसिड, ज़ेक्सैन्थिन, ल्यूटिन और बीटा कैरोटीन आदि शामिल करने से ये समस्या दूर हो सकती है। तो कौन-सी ऐसी चीजें हैं जिन्हें खाने से आंखें तेज होती हैं, आइए जानते हैं।

मछली

डॉक्टरों के मुताबिक आंखों की रोशनी तेज करने के लिए तैलीय मछलियों का सेवन फायदेमंद होता है। इन्हें खाने से ओमेगा-3 मिलता है। इसका सबसे अच्छा स्त्रोत टूना, सैल्मन, ट्राउट, सार्डिन और छोटी समुद्री मछलियां हैं।

नट्स

काजू, बादाम और अखरोट जैसे नट्स में भी ओमेगा-3 फैटी एसिड भरपूर मात्रा में होते हैं। नट्स में उच्च स्तर का विटामिन ई भी होता है, जो आंखों को नुकसान से बचाता है।

बीज

नट और फलियों की तरह कुछ खास बीज भी ओमेगा -3 से भरपूर होते हैं। ये विटामिन ई का भी समृद्ध स्रोत होते हैं। ऐसे में कमजोर नजर वालों को चिया सीड, फ्लैक्स सीड या भांग के बीज खाने चाहिए।

खट्टे फल

आंखों की रोशनी बढ़ाने के लिए खट्टे फलों का भी सेवन फायदेमंद होता है। ये विटामिन सी से भरपूर होते हैं। इसके अलावा इनमें विटामिन ई और खास एंटीऑक्सिडेंट होते हैं। ये आंखों का सूखापन दूर करने में मदद करते हैं। इसलिए आप अपने मेन्यू में नींबू और संतरे जैसे फलों को शामिल करें।

हरी पत्तेदार सब्जियां

हरी पत्तेदार सब्जियां ल्यूटिन और ज़ेक्सैन्थिन जैसे पोषक तत्वों से भरपूर होती हैं। इनमें विटामिन सी भी पाया जाता है। इसलिए पालक, पत्तागोभी, बथुआ आदि सब्जियों के सेवन से आंखों की रौशनी बढ़ती है।

गाजर

आंखों को स्वस्थ रखने के लिए विटामिन ए और बीटा कैरोटीन बहुत महत्वपूर्ण होता है। गाजर में बीटा कैरोटीन प्रचुर मात्रा में मिलता है। इसमें रोडोप्सिन नामक प्रोटीन भी मिलता है जो रेटिना को प्रकाश को अवशोषित करने में मदद करता है।

अगली खबर