Weight Loss: ये है दुनिया का सबसे ताकतवर फल, जिसे खाते ही शरीर से मक्‍खन की तरह पिघल जाएगी चर्बी 

हेल्थ
Updated Jun 25, 2019 | 13:01 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

कीवी कई तरह के पोषक तत्वों से भरपूर होती है जो आपके शरीर को स्वस्थ तो रखती ही है साथ में वजन को भी कम करने में मदद करती है। आप चाहें तो एक्सरसाइज करने के बाद भी कीवी स्मूदी पी सकते हैं।

 Kiwi Smoothies  
Kiwi Smoothies    |  तस्वीर साभार: Instagram

आमतौर पर आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में वजन बढ़ना एक आम समस्या है। हर दस में से तीन व्यक्ति मोटापे से परेशान है। अपने आप को स्वस्थ एवं फिट रखने के लिए ज्यादातर लोग एक्सरसाइज करते हैं, जिम जाते हैं एवं अन्य उपाय करते हैं।

इसके अलावा कुछ लोग खाना पीना तक छोड़ देते हैं ताकि अपने वजन को नियंत्रित रख सकें। इससे आपका शरीर काफी कमजोर हो जाता है और आप बीमारियों के चपेट में भी आ सकते हैं। वजन घटाने के लिए कुछ आसान उपाय भी हैं, जिन्हें अपनाकर आप मोटापे से मुक्ति पा सकते हैं। जी हां हम बात कर रहे हैं कीवी स्मूदी की, यह स्वादिष्ट तो होती ही है, साथ में वजन को तेजी से कम करने में भी सहायक है।

कीवी में पाये जाते हैं ये पोषक तत्‍व  
कीवी कई तरह के पोषक तत्वों से भरपूर होती है जो आपके शरीर को स्वस्थ तो रखती ही है साथ में वजन को भी कम करने में मदद करती है। कीवी में विटामिन सी, विटामिन के, फोलेट, पोटैशियम एवं विटामिन ई प्रचुर मात्रा में पाया जाता है। इसके अलावा इसमें एसटिनिडेन नामक एंजाइम होता है जो प्रोटीन को पचाने के साथ ही वसा के अणुओं को छोटे छोटे टुकड़ों में तोड़ने का कार्य करता है। कीवी खाने से ब्लड प्लेटलेट्स बढ़ता है, पाचन क्रिया बेहतर होती है और आप विभिन्न प्रकार की बीमारियों से दूर रहते हैं।

वजन कम करने में सहायक है कीवी स्मूदी
अगर आप मोटापे की समस्या से परेशान हैं और समय के अभाव के कारण आप जिम नहीं जा पाते हैं या फिर एक्सरसाइज नहीं कर पाते हैं तो आपको कीवी स्मूदी पीना चाहिए। नियमित रुप से कीवी स्मूदी पीने से शरीर पर अतिरिक्त चर्बी नहीं जमती है और वजन नियंत्रित रहता है जिसके कारण आपका मोटापा नहीं बढ़ता है। आप चाहें तो एक्सरसाइज करने के बाद भी कीवी स्मूदी पी सकते हैं।

कीवी स्‍मूदी बनाने का तरीका
कीवी स्मूदी बनाने का तरीका बेहद आसान है। सबसे पहले ताजी कीवी के छिलके उतारकर इसे मसल लें। इसके बाद मसली हुई कीवी में दही, शहद और बादाम एवं अपना पसंदीदा कुछ अन्य ड्राई फ्रूट्स डालें। सभी सामग्री को एक बर्तन में अच्छी तरह मिला लें। आपका कीवी स्मूदी तैयार है। नियमित रुप से सुबह कीवी स्मूदी पीने से काफी देर तक पेट भरा हुआ महसूस होता है और बार बार खाने की इच्छा नहीं होती है जिससे वजन नियंत्रित होता है।

सामान्यतः हर जगहों पर कीवी बहुत आसानी से उपलब्ध हो जाती है। अगर आप अपने बढ़ते वजन को लेकर चिंतित हैं तो कीवी स्मूदी जरूर आजमाएं।

डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। 

Health News in Hindi के लिए देखें Times Now Hindi का हेल्‍थ सेक्‍शन। देश और दुन‍िया की सभी खबरों की ताजा अपडेट के ल‍िए जुड़िए हमारे FACEBOOK पेज से।


 

अगली खबर