Coronavirus Maharashtra Update, 05 April: महाराष्ट्र में एक दिन में 13 लोगों ने गंवाई जान, 113 नए मामले

देश
रामानुज सिंह
Updated Apr 05, 2020 | 20:22 IST

Coronavirus updates in Maharashtra, 05 April 2020: देश में दिन प्रतिदिन कोरोना वायरस के मामले बढ़ते ही जा रहे हैं। सबसे अधिक मामले महाराष्ट्र में सामने आए हैं। यहां जानिए ताजा अपडेट।

Mumbai Pune Maharashtra Corona Samachar 05 April
महाराष्ट्र में कोरोनावायरस 
मुख्य बातें
  • देश में कोरोना वायरस के सर्वाधिक मामले महाराष्ट्र में हैं
  • देश में इस महामारी से सर्वाधिक मौत भी इसी प्रदेश में हुई है
  • पूरे प्रदेश में इसके मामले 700 के करीब हो गए हैं जबकि देश भर में 3000 से ज्यादा हैं

मुंबई : देश और दुनिया में कोरोना वायरस के मामले लगातार बढ़ते ही जा रहे हैं। देश में सर्वाधिक मामले महाराष्ट्र में हैं। 55 नए मामलों की पुष्टि हुई जिससे राज्य में संक्रमितों की संख्या 690 हो गई है। शनिवार को राज्य में कोरोना वायरस से 06 लोगों की मौत हो गई। इनमें चार मुंबई के, एक अमरावती का और एक ठाणे जिले के मुंब्रा के रहने वाले की मौत हुई। राज्य में कोविड-19 से अभी तक कुल 32 लोगों की मौत हुई है। वहीं 56 मरीज ठीक हो चुके हैं और उन्हें छुट्टी दी जा चुकी है।

कुल केस- 748,   ठीक हुए- 56,   मौत-32

Coronavirus Maharashtra UPDATES, 05 April

45 लोगों की मौत: महाराष्ट्र में #Coronavirus के कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर 45 हो गई है। 13 नई मौतों के बाद आज मरने वालों का आंकड़ा 45 हो गया। मुंबई में 8, पुणे में 3 और कल्याण, डोंबिवली व औरंगाबाद में 1 व्यक्ति इसकी चपेट में आया है।

113 नए मामले: राज्य में 113 नए पॉजिटिव मामले सामने आने के बाद महाराष्ट्र में कोरोनो वायरस संक्रमण मामलों की संख्या बढ़कर 748 हो गई है। अब तक बीमारी से उबरने के बाद 56 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दी गई है। महाराष्ट्र स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी है।

अब तक 56 लोग ठीक हुए
महाराष्ट्र स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा कि महाराष्ट्र में कोरोना वायरस रोगियों की संख्या 690 हो गई है। वायरस से ग्रस्त 55 नए लोगों की पहचाना हुई है जिसमें मुंबई में 29, पुणे-17, पीसीएमसी-4, अहमदनगर-3, औरंगाबाद-2 शामिल हैं।अब तक 56 लोगों ठीक होकर अस्पताल से छुट्टी ले चुके हैं।

प्रदेश में 26 नए मामले
महाराष्ट्र स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि महाराष्ट्र में आज कोरोना वायरस के 26 नए मामले सामने आए हैं, राज्य में पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या बढ़कर 661 हुई। पुणे के स्वास्थ्य अधिकारी न कहा कि पुणे के ससून अस्पताल में कोरोना वायरस के एक 52 वर्षीय मरीज़ का निधन हो गया। यह पुणे में आज हुई दूसरी मौत है, इसके बाद पुणे जिले में मरने वालों की संख्या बढ़कर 4 हुई। आज पुणे में 52 वर्षीय जिस कोरोना वायरस मरीज़ का निधन हुआ उनको मधुमेह की बीमारी थी।

पहले नेगेटिव अब पॉजिटिव आया टेस्ट
महाराष्ट्र ससून अस्पताल के अधिकारी ने कहा कि तीन अप्रैल को पुणे के ससून अस्पताल में मृत लाई गई 60 वर्षीय महिला का कोरोना वायरस टेस्ट पॉजिटिव पाया गया है। उनका पिछला कोरोना टेस्ट नेगेटिव आया था।

देश भर में पिछले 12 घंटों में 302 मामले
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने कहा कि देश भर में पिछले 12 घंटों में कोरोना वायरस के मामलों में 302 मामलों की बढ़त हुई है, भारत में कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या बढ़कर 3374 हुई (3030 सक्रिय मामले, 267 ठीक/डिस्चार्ज/विस्थापित हो चुके मामले और 77 मौत के मामले इसमें शामिल हैं)

सोशल डिस्टेंसिंग का उल्लंघन
मुंबई की बायकुल्ला सब्जी मंडी में आज सुबह लोगों की भीड़ दिखी, यहां पर लोग सोशल डिस्टेंसिंग को नज़रअंदाज करते दिखे। 

'कोरोना वायरस के अलावा भी एक वायरस'
सीएम उद्धव ठाकरे ने शनिवार को कहा कि कोरोना वायरस के अलावा बांटने वाला एक वायरस भी है। ठाकरे ने देश में वायरस के फैलने को मजहबी रंग नहीं देने की अपील की। ठाकरे ने कहा कि कोरोना वायरस के अलावा बांटने वाला भी एक वायरस है। मैं ऐसे लोगों को चेतावनी देता हूं कि मैं यह सुनिश्चित करूंगा कि कोई कानून आपको न बचा पाए।

तबलीगी जमात पर लगा कोरोना फैलाने का आरोप
निजामुद्दीन मरकज में शामिल तबलीगी जमात पर आरोप लगाया गया कि लॉकडाउन के बावजूद जानबूझकर सामाजिक दूरी बरतने के नियमों का उल्लंघन किया गया और अराजकता फैलायी गई। यह उन लोगों की सोची समझी साजिश का हिस्सा है जिन्होंने पिछले महीने दिल्ली में तबलीगी जमात के कार्यक्रम में हिस्सा लिया था। कुछ ने यह भी आरोप लगाया कि तबलीगी जमात के सदस्यों ने मानव बम की तरह घूमते हुए कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए देश के प्रयासों पर पानी फेर दिया।

2.82 करोड़ रुपए की शराब, वाहन जब्त
कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए राज्य में जारी बंद के दौरान महाराष्ट्र की सरकार ने 2.82 करोड़ रुपए की अवैध शराब और वाहनों को जब्त किया है। एक सरकारी बयान के मुताबिक 24 मार्च से राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन जारी है और शराब बेचने के लिए जारी लाइसेंस जारी करना भी बंद कर दिया गया है। बयान में कहा गया है कि 1221 अपराध दर्ज किए गए हैं, 36 वाहन जब्त किए गए हैं और 472 आरोपियों को अवैध शराब बनाने, उनका परिवहन करने और बेचने के लिए इस दौरान गिरफ्तार किया गया है। बयान में कहा गया है कि दो करोड़ 82 लाख रुपए मूल्य का सामान जब्त किया गया है।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर