Cyclone tauktae: केरल-गोवा-पुणे में दिखा चक्रवात तौकते का असर, गुजरात-मुंबई में आज टीकाकरण पर रोक, बड़े अपडेट

देश
Updated May 17, 2021 | 00:23 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

Cyclone tauktae updates: कई राज्यों में चक्रवात तौकते का असर दिखने लगा है। इसके असर को कम करने के लिए हर प्रकार की तैयारियां की जा रही हैं। यहां पढ़ें इससे जुड़े अपडेट्स

Cyclone tauktae
चक्रवात तूफान तौकते 

नई दिल्ली: देश के कुछ राज्यों में चक्रवात 'तौकते' का असर देखा जा रहा है। इसके चलते कई जगह भारी बारिश हो रही है और उससे काफी नुकसान भी हो रहा है। इसकी वजह से गोवा के कई हिस्सों में रविवार को तेज हवाएं चलीं तथा भारी बारिश हुई, जिस वजह से बिजली के खंभे उखड़ गए और कई इलाकों में बिजली की आपूर्ति बाधित हुई। ये गुजरात की ओर बढ़ा रहा है। आईएमडी ने कहा कि उसने गुजरात तथा दमन एवं दीव के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। यहां पढ़ें इससे जुड़े बड़े अपडेट्स:

  1. गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने कहा कि चक्रवात तौकते के मद्देनजर 17 मई और 18 मई को पूरे गुजरात में कोविड-19 के खिलाफ टीकाकरण निलंबित रहेगा। मुख्यमंत्री ने नागरिकों से 17 मई और 18 मई के दौरान अपने घरों से बाहर न निकलने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि पूरे गुजरात राज्य में तूफान के साथ भारी बारिश की संभावना है।

  2. आज पुणे में खेड़ तहसील के भोरगिरी और भिवेगांव गांवों में चक्रवाती हवाओं के कारण 70 घर, दो आंगनवाड़ी, एक प्राथमिक विद्यालय और एक ग्राम पंचायत कार्यालय क्षतिग्रस्त हुए।

  3. मुंबई नगरपालिका ने चक्रवाती तूफान तौकते को लेकर जारी चेतावनी के मद्देनजर कोविड-19 टीकाकरण अभियान को 17 मई को तीसरे दिन भी रोके रखने का रविवार को फैसला किया। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने शुक्रवार को घोषणा की कि भारत मौसम विज्ञान विभाग की चक्रवात संबंधी चेतावनी को ध्यान में रखते हुए 15 और 16 मई को कोई टीकाकरण नहीं किया जाएगा।

  4. एनडीआरएफ डीजी एसएन प्रधान ने कहा कि गुजरात में एनडीआरएफ की 50 से अधिक टीमों को तैनात किया जा रहा है। हम निकासी और जागरूकता पैदा करने पर काम कर रहे हैं। तमिलनाडु में दीवार गिरने और करंट लगने से कुछ लोगों की मौत हो गई है। कर्नाटक में कुछ लोगों की मौत हुई है। 5-6 राज्यों में एनडीआरएफ की 100 से ज्यादा टीमों को तैनात किया गया है। गुजरात और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक के दौरान गृह मंत्री ने कहा कि हमारा लक्ष्य शून्य हताहत होना चाहिए और हम उस पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। हो सकता है, हमें गुजरात में लाखों लोगों को निकालना पड़े।

  5. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार च्रकवात तौकते काफी भीषण चक्रवाती तूफान में परिवर्तित हो गया है और 17 मई की शाम तक गुजरात के तट तक इसके पहुंचने की संभावना है और 18 मई की सुबह यह पोरबंदर और भावनगर जिले के महुआ के बीच से गुजरेगा। 

  6. चक्रवात तौकते कर्नाटक के तटीय और मलनाड जिले के आसपास कहर बरपा रहा है। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि राज्य में अभी तक इस चक्रवात के कारण चार लोगों की मौत हुई है। कर्नाटक राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अधिकारियों द्वारा रविवार सुबह जारी स्थिति रिपोर्ट के मुताबिक, दक्षिण कन्नड़, उडुपी, उत्तर कन्नड़, कोडागु, शिवमोगा, चिकमंगलुरू और हासन जिलों के 73 गांव और 17 तालुका चक्रवात से अभी तक प्रभावित हुए हैं। तिहत्तर प्रभावित गांवों में 28 गांव उडुपी जिले के हैं। अभी तक 318 लोगों को सुरक्षित बचाया गया है और 11 राहत शिविरों में 298 लोगों को रखा गया है। 112 घर, 139 खंभे, 22 ट्रांसफॉर्मर, चार हेक्टेयर बागान को क्षति हुई है। 

  7. मुंबई की मेयर किशोरी पेडनेकर ने कहा, 'चक्रवात तौकते ने गोवा को पार कर लिया है और यह अब रत्नागिरी के पास है। हम स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। यह चक्रवात एक बड़ी समस्या खड़ी कर सकता है। लाइफगार्ड सहित हमारी टीमें समुद्र के पास तैनात हैं। हमने सभी बड़े पेड़ों को काट दिया है और पुलिस गश्त कर रही है।' 

  8. केरल के तिरुवनंतपुरम के एक तटीय गांव वलियाथुरा में समुद्र में उठीं लहरों और उच्च ज्वार की लहरों ने कई घरों को नुकसान पहुंचाया है/नष्ट कर दिया है। 
  9. चक्रवात ताऊ-ते केरल तट पर पहुंच गया है। इसके कारण केरल में भारी बारिश हो रही है और तेज हवा चल रही है। तटीय क्षेत्रों समुद्र की स्थिति बहुत ही खराब है। पूरे राज्य से बड़े पैमाने पर नुकसान की खबर है। इसके चलते हजारों लोगों को राहत शिविरों में भेजा गया है। 

  10. गृहमंत्री अमित शाह ने चक्रवात तौकते से उत्‍पन्‍न स्थिति से निपटने के लिए राज्‍यों, केंद्र शासित प्रदेशों, केंद्रीय मंत्रालयों और संबंधित एजेंसियों की तैयारियों की समीक्षा की। उन्‍होंने इसके लिए आज गुजरात, महाराष्‍ट्र के मुख्‍यमंत्रियों तथा दमन, दीव और दादरा नागर हवेली के प्रशासकों के साथ समीक्षा बैठक की अध्‍यक्षता की। गृह मंत्रालय ने इन सभी तटीय राज्‍यों के लिए राज्‍य आपदा मोचन कोष की पहली अग्रिम किस्‍त जारी कर दी है। राष्‍ट्रीय आपदा मोचन बल-एनडीआरएफ ने छह राज्‍यों में नौकाओं, ट्री-कटर, टेलीकॉम उपकरण से लैस 42 दल पहले ही तैयार कर दिए हैं। 26 दल रिजर्व में रखे गए हैं।
  11. भारतीय वायुसेना, नौसेना और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) चक्रवात तौकाते से निपटने की तैयारी कर रहे हैं। 
  12. आईएमडी ने कहा है कि सोमवार को मुंबई में अलग-अलग जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। मुंबई के लिए ऑरेंज अलर्ट और महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।
  13. राज्य में मौजूदा मौसम की स्थिति के कारण सभी एयरलाइनों ने गोवा के लिए आज के लिए अपनी उड़ानों को रद्द कर दिया है।
  14. राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) ने उन राज्यों में 79 टीमों को तैनात किया है जिनके चक्रवात तौकते के प्रभाव में होने की संभावना है। 22 अतिरिक्त टीमों को भी तैयार रखा जा रहा है। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर