मोदी जी अशुभ मुहुर्त में राम मंदिर का शिलान्यास कर कितने लोगों को अस्पताल भिजवाना चाहते हैं आप- दिग्गी

देश
किशोर जोशी
Updated Aug 03, 2020 | 10:34 IST

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाया है कि राम मंदिर का शिलान्यास अशुभ मुहुर्त में हो रहा है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी को इस शिलान्यास के कार्यक्रम को टाल देना चाहिए।

Digvijay Singh says PM Modi should postpone the Ram temple foundation stone program due to inauspicious Muhurt
मोदी जी अशुभ मुहुर्त में मंदिर शिलान्यास को टाल दीजिए:दिग्गी 
मुख्य बातें
  • शाह सहित समस्त राम मंदिर के पुजारी कोरोना पॉजिटिव, हिंदू धर्म की मान्यताओं को नजरंदाज करने का है नतीजा- दिग्गी
  • मोदी जी की सुविधा पर राम मंदिर का यह अशुभ मुहुर्त निकाला गया- सिंह
  • दिग्विजय सिंह बोले- हमारे धर्म की स्थापित मान्यताओं के साथ खिलवाड़ मत करिए

नई दिल्ली: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। दिग्विजय सिंह ने कहा है कि हिंदू धर्म की मान्यताओं को नजर अंदाज करने की वजह से अधिक मामले सामने आ रहे हैं। दिग्विजय सिंह ने एक के बाद एक कई ट्वीट करते हुए सरकार पर निशाना साधा। दिग्विजय सिंह कहा, '5 अगस्त को भगवान राम के मंदिर शिलान्यास के अशुभ मुहुर्त के बारे में विस्तार से जगदगुरू स्वामी स्वरूपानंद जी महाराज ने सचेत किया था। मोदी जी की सुविधा पर यह अशुभ मुहुर्त निकाला गया।यानि मोदी जी हिंदू धर्म की हजारो वर्षों की स्थापित मान्यताओं से बड़े हैं!! क्या यही हिंदुत्व है?' 

मोदी से ये क्यों होने दे रहे हैं आप- दिग्गी

 अपने अगले ट्वीट में दिग्विजय सिंह ने लिखा, 'मोदी जी आप अशुभ मुहुर्त में भगवान राम मंदिर का शिलान्यास कर और कितने लोगों को अस्पताल भिजवाना चाहते हैं? योगी जी आप ही मोदी जी को समझाइए। आपके रहते हुए सनातन धर्म की सारी मर्यादाओं को क्यो तोड़ा जा रहा है? और आपकी क्या मजबूरी है जो आप यह सब होने दे रहे हैं? अब एक और प्रश्न उपस्थित होता है। उत्तर प्रदेश की मंत्री की कोरोना से मौत हो गयी। उत्तर प्रदेश के भाजपा अध्यक्ष कोरोना पॉजिटिव भारत के गृहमंत्री कोरोना पॉजिटिव।'

हठधर्मिता को रोकिए
यूपी सरकार और पीएम मोदी को निशाने पर लेते हुए कहा, 'इन हालातों में क्या उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और भारत के प्रधानमंत्री को क्वारंटीन नहीं होना चाहिए? क्या क्वारंटीन में जाने की बाध्यता केवल आम जनता के लिए है? प्रधानमंत्री मुख्यमंत्री के लिए नहीं है? क्वारंटीन की समय सीमा 14 दिवस की है। मैं मोदी जी से फिर अनुरोध करता हूँ 5 अगस्त के अशुभ मुहुर्त को टाल दीजिए। सैंकड़ों वर्षों के संघर्ष के बाद भगवान राम मंदिर निर्माण का योग आया है अपनी हठधर्मिता से इसमें विघ्न पड़ने से रोकिए। भगवान राम करोड़ों हिंदुओं के आस्था के केंद्र हैं और हज़ारों वर्षों की हमारे धर्म की स्थापित मान्यताओं के साथ खिलवाड़ मत करिए।'

मत करिए मान्यताओं को नजरअंदाज
राम मंदिर शिलान्यास को कोरोना वायरस से जोड़ते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा, 'सनातन हिंदू धर्म की मान्यताओं को नज़र अंदाज करने का नतीजा। राम मंदिर के समस्त पुजारी कोरोना पॉजिटिव, उत्तर प्रदेश की मंत्री कमला रानी वरुण का कोरोना से स्वर्गवास, उत्तर प्रदेश के भाजपा अध्यक्ष कोरोना पॉजिटिव अस्पताल में। भारत के गृह मंत्री अमित शाह कोरोना पॉजिटिव अस्पताल में। मध्यप्रदेश के भाजपा के मुख्यमंत्री व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष कोरोना पॉजिटिव अस्पताल में। कर्नाटक के भाजपा के मुख्यमंत्री कोरोना पॉजिटिव अस्पताल में।'

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर