महाराष्ट्र: बिगड़ रहे हालातों के लिए CM ठाकरे ने लोगों को ठहराया जिम्मेदार, लग सकता है लॉकडाउन, दिए संकेत

देश
Updated Mar 28, 2021 | 18:55 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

Maharashtra Coronavirus Update: महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के चलते बिगड़े हालातों के मद्देनजर मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कड़े प्रतिबंध लगाने के संकेत दिए हैं। राज्य में एक बार फिर लॉकडाउन लग सकता है।

Uddhav Thackeray
उद्धव ठाकरे 

नई दिल्ली: कोरोना वायरस के चलते महाराष्ट्र में एक बार फिर से हालात बिगड़ने लगे हैं। कई जिलों में लॉकडाउन की घोषणा की गई है, आज से नाइट कर्फ्यू भी लग रहा है। लेकिन इस बीच मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने लॉकडाउन लगाने के भी संकेत दिए हैं। वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारियों और कोविड टास्क फोर्स के साथ बैठक में सीएम उद्धव ठाकरे ने निर्देश दिए कि अगर लोग कोरोना से संबंधित नियमों का उल्लंघन करना जारी रखते हैं तो लॉकडाउन के समान प्रतिबंधों के लिए तैयार रहें।

मुख्यमंत्री ठाकरे ने कहा कि कोविड 19 के मामले बढ़ रहे हैं क्योंकि लोग दिशा-निर्देशों का गंभीरता से पालन नहीं कर रहे हैं, इसीलिए लॉकडाउन जैसे सख्त कदमों पर विचार करने की आवश्यकता है।

महाराष्ट्र में सबसे अधिक संक्रमण दर 22.78 प्रतिशत है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने रविवार को यह जानकारी दी। राज्य में शनिवार को 35,726 नए मामले सामने आए, जिससे कुल मामलों की संख्या बढ़कर 26,73,461 पहुंच गई। इसके अलावा 166 लोगों की मौत होने हुई, जो पिछले साल 23 अक्टूबर के बाद से सर्वाधिक संख्या है। राज्य में कुल मृतक संख्या शनिवार को बढ़ कर 54,073 पहुंच गई। 

ये प्रतिबंध लगाए गए

इससे पहले महाराष्ट्र सरकार ने राजनीतिक और धार्मिक सहित सभी प्रकार की सभाओं के आयोजन पर पूर्ण प्रतिबंध की शनिवार को घोषणा की। आदेश में कहा गया कि रेस्तरां, उद्यान और मॉल रात 8 बजे से सुबह 7 बजे तक बंद रहने चाहिए। लोगों को रात 8 बजे से सुबह 7 बजे के दौरान समुद्र तटों पर जाने की अनुमति नहीं होगी, ड्रामा थिएटर भी शनिवार रात से बंद रहेंगे। ये आदेश शनिवार की मध्यरात्रि से लागू होंगे। हालांकि रात के समय खाने की डिलीवरी में छूट दी है। आदेश में कहा गया है, 'रात 8 बजे से सुबह 7 बजे तक पांच से अधिक लोगों के इकट्ठा होने की अनुमति नहीं होगी। यह आदेश 27 मार्च की मध्यरात्रि से लागू होगा। उल्लंघन करने पर प्रति व्यक्ति 1,000 रुपए का जुर्माना लगेगा। बगीचों और समुद्र तटों सहित सभी सार्वजनिक स्थानों को इसी अवधि के दौरान बंद रखा जाएगा और उल्लंघनकर्ताओं पर प्रति व्यक्ति 1,000 रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा। मास्क न पहनने पर 500 रुपए का जुर्माना लगेगा जबकि सार्वजनिक स्थान पर थूकने पर 1,000 रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा।' 

इसके अलावा आज से रात में पांच या अधिक व्यक्तियों के एक जगह एकत्रित होने पर प्रतिबंध लगा दिया जाएगा। ये सभी आदेश 30 अप्रैल तक प्रभावी रहेंगे।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर