Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा में लंपी वायरस की दस्तक! 100 से अधिक गाय ग्रस्त, पशु विभाग अलर्ट मोड पर

Lumpy Virus News: ग्रेटर नोएडा में लंपी वायरस पहुंच गया है। 100 से अधिक गायों को इसने चपेट में ले लिया है। पशुपालकों में हड़कंप मच गया है। पशु विभाग और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण भी अलर्ट मोड पर है।

Lumpy virus news
ग्रेटर नोएडा में 100 से अधिक गाय लंपी वायरस से ग्रस्त, पशु विभाग में मचा हड़कंप 
मुख्य बातें
  • 123 गाय लंपी वायरस से ग्रस्त
  • प्राधिकरण ने अस्थाई आइसोलेट गौशाला तैयार की
  • गायों का किया जाएगा वैक्सीनेशन

Greater Noida Lumpy Virus: राजस्थान के बाद गौतमबुद्धनगर में लंपी वायरस ने दस्तक दे दी है। बता दें कि, शहर और कई ग्रामीण क्षेत्रों में यह बीमारी फैल रही है। गौतमबुद्धनगर जिले में अब तक 123 लंपी वायरस से ग्रस्त गाय मिली हैं। वही पशु चिकित्सक विभाग पूरी तरीके से अलर्ट दिखाई दे रहा है। इसको लेकर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की ओर से एक अस्थाई आइसोलेट गौशाला तैयार की गई है। बता दें कि बीमारी से संक्रमित गायों का शेल्टर होम में डॉक्टर्स इलाज कर रहे हैं। गौशाला में गायों का वैक्सीनेशन तेजी से करने की तैयारी है। गायों के चारे और पानी का पूरा इंतजाम भी किया जा रहा है।

बता दें कि नोएडा में कई गायों के लंपी वायरस की बीमारी से पीड़ित मिलने के बाद हड़कंप मच गया है। नोएडा के सेक्टर 24 थाना क्षेत्र के सामने और हरौला सेक्टर 5 में भी लंपी वायरस संक्रिमत गाय मिली हैं। इसके बाद सोशल मीडिया पर इसका वीडियो वायरल हो गया। पुलिस एक्शन मोड में आई और गांव की गायों को अस्थाई आश्रय स्थल पर भेज दिया गया। नोएडा में यह बीमारी लगातार पशुओं को अपनी चपेट में ले रही है। इसको लेकर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने चुहडपुर में एक बारात घर में अस्थाई आइसोलेट गौशाला बनाई गई है।

गायों के वैक्सीनेशन के लिए टीम तैनात

मिली जानकारी के अनुसार ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के जीएम सलिल यादव ने बताया है कि, अस्थाई आइसोलेट गौशाला में करीब 100 गायों को रखा जाता है। उसी हिसाब से इसको तैयार किया गया है। गौशाला टीन शेड से तैयार किया गया है। इसके नीचे आराम से गाय रह सकती हैं। ज्यादा बीमार गाय के लिए अलग से टेंट लगाया गया है। इस गौशाला में लंपी वायरस से ग्रस्त गायों को रखा जाएगा। यहां पर डॉक्टरों की 2 सदस्य टीम तैनात की गई है। यह टीम गायों की देखभाल करेगी साथ ही साथ यहां पर आई गायों का वैक्सीनेशन भी करेगी।

वायरस से ग्रस्त गायों को गौशाला लाने की व्यवस्था

प्राधिकरण के जीएम सलिल यादव का कहना है कि, उनकी टीम पूरी तरीके से तैनात रहेगी। जैसे ही उन्हें किसी भी गाय में लंपी वायरस के लक्षण दिखाई देंगे तो उसे तुरंत गौशाला में लाया जाएगा। आगे बताया कि गाय को यहां पर लाकर पूरा उपचार किया जाएगा। गाय को लाने के लिए भी एक टीम गठित की गई है। जो सूचना के तुरंत बाद गाय को गौशाला तक लेकर आएगी। सलिल यादव ने यह भी बताया कि, प्रशासन की ओर से लगातार ग्रेटर नोएडा में गायों का वैक्सीनेशन तेजी से कराया जा रहा है। जीएम सलिल यादव ने कहा कि, हम ज्यादातर गांवों में वैक्सीनेशन कर चुके हैं।

अगली खबर