Pune Crime News: रुपयों के साथ 'सपने' भी ठग गया साइबर शैतान, युवती को शादी के लिए प्रपोज किया फिर किया ये हाल

Pune Crime News: पुणे में एक 25 वर्षीय लड़की के साथ जो हुआ, वो वाकई हैरान कर देने वाला है। मेट्रीमोनियल के जरिए मिले एक युवक ने पहले उसे शादी के लिए प्रपोज किया, फिर महंगे स्मार्टफोन को आधे दाम पर दिलाने के बहाने ठगी का शिकार बना डाला।

cyber fraud  with Pune woman duped by man on pretext of Expensive mobile phone at half the market price
रुपयों के साथ 'सपने' भी ठग गया साइबर शैतान  |  तस्वीर साभार: Representative Image
मुख्य बातें
  • पुणे में 25 साल की लड़की के साथ अजब ठगी
  • जिस लड़के को पति बनाना था, वो ही निकला ठग
  • लड़की को लालच देकर ऐसे बनाया अपना शिकार

Pune Crime News: आजकल मेट्रीमोनियल साइट या इससे संबंधित सोशल मीडिया पर बने ग्रुप्स के जरिए लोग अपना जीवनसाथी तलाश करते हैं। कई बार लोगों को सफलता भी मिल जाती है और एक दूसरे की पसंद का जीवनसाथी चुन लेते हैं। कई बार उन्हें बार-बार तलाशने पर भी अपनी मनपंसद का साथी नहीं मिलता है। लेकिन पुणे में इसी तलाश में एक लड़की के साथ कुछ ऐसा हुआ जो वाकई हैरान कर देने वाला है। जी, हां अपने लिए वर तलाश रही लड़की को एक लड़का पसंद आया, बातचीत भी ठीक हुई लेकिन बाद में वही लड़का साइबर ठगी कर उसे चूना लगा गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। जांच की जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, यह मामला पुणे के हिंजेवड़ी थाना इलाके का है। पीड़ित युवती ने एक मेट्रीमोनियल साइट पर शादी के लिए अपना बायोडाटा शेयर किया था। इस दौरान एक युवक ने उससे बातचीत शुरू की और खुद को एक बड़ी स्मार्टफोन कंपनी में कार्यरत बताया।

लालच देकर खेला ठगी का खेल

पीड़िता भी उसकी प्रोफाइल के आधार पर बातों में आ गई। जिसके बाद दोनों बात करने लगे। युवक ने लड़की को शादी का प्रस्ताव भी दिया, जिससे और ज्यादा विश्वास बढ़ गया। इसी बीच युवक ने पीड़िता को एक महंगा स्मार्टफोन आधी कीमत पर दिलाने का लालच दिया। पीड़िता तुरंत लालच में आ गई और आधे दाम पर मिल रहे फोन को खरीदने के लिए राजी हो गई। 

पैसे लेने के बाद गायब हुआ आरोपी

आरोपी युवक ने पीड़िता से बात करते-करते बताया कि वह मोबाइल फोन उसे करीब 55 हजार रुपयों का पड़ेगा। आरोपी ने बताया कि वह उस कंपनी में काम करता है, इसलिए आधी कीमत पर आसानी से मिल रहा है। जिसके बाद पीड़िता ने आरोपी के अकाउंट में फोन लेने के लिए 55 हजार रुपए ट्रांस्फर कर दिए। अब पीड़िता को इंतजार था, अपने नए फोन का। हालांकि, ऐसा कुछ भी नहीं हुआ और आरोपी ने पीड़िता को मैसेज रिप्लाई देना भी बंद कर दिया। कुछ समय बाद पीड़िता की समझ में आया कि उसके साथ ठगी हो गई। जिसके बाद पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

अगली खबर