Pune Crime News: गिरफ्तार करने गई पुलिस पर आरोपी ने छोड़ा कुत्ता, एक कांस्टेबल हुआ शिकार, ये था मामला

Pune Crime News: पुणे में एक अपराधी ने पुलिस के ऊपर अपना कुत्ता छोड़ दिया, जिसने एक कांस्टेबल को काट लिया है। पुलिस टीम सूचना के आधार पर आरोपियों को पकड़ने गई थी, लेकिन आरोपियों ने मौका देखकर अपना कुत्ता टीम पर छोड़ दिया।

Pune Crime News
गिरफ्तार करने गई पुलिस टीम पर बदमाश ने छोड़ा कुत्ता  |  तस्वीर साभार: Representative Image
मुख्य बातें
  • एक अपराधी ने पुलिस के ऊपर अपना कुत्ता छोड़ा
  • बदमाश को पकड़ने गई थी पुलिस की टीम
  • घटना पिंपरी-चिंचवड़ के वाकाड इलाके की है

Pune Crime News: पुणे में एक हैरान कर देने वाली घटना सुनने को मिली हैं, जहां एक बदमाश को पकड़ने गई पुलिस पर उसने अपने पालतू कुत्ते से हमला करवा दिया। इस घटना में एक पुलिसकर्मी को कुत्ते ने काट भी लिया है। हालांकि पुलिस ने सनकी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया है कि, शनिवार को उसे गिरफ्तार करने गए पुलिसकर्मियों पर अपराधी ने अपने कुत्ते को छोड़ दिया था। रविवार को अधिकारियों ने कहा कि, एक पुलिसकर्मी को काट लिया गया।

घटना पिंपरी-चिंचवड़ के वाकाड इलाके की है। आरोपी की पहचान रवींद्र प्रकाश घाडगे के तौर पर हुई है। वाकाड पुलिस के मुताबिक, 17 सितंबर को उन्हें सूचना मिली थी कि पिंपरी-चिंचवाड़ का एक अपराधी रवींद्र प्रकाश घाडगे मारिजुआना बेचने के लिए वाकाड के महतोबानगर में छुपा हुआ था। 

कांस्टेबल को कुत्ते ने काटा

पुलिस ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए मौके पर छापेमारी की। इस दौरान सागर घडगे और अशोक तुपेरे के रूप में पहचाने गए दो अन्य लोगों ने भी भागने की कोशिश की। पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए बताया है कि, इसके बाद सागर घाडगे ने अपने कुत्ते को पुलिस पर छोड़ दिया। जिसके बाद कांस्टेबल संदीप पाटिल को कुत्ते ने काट लिया। पुलिस ने रविंद्र घाडगे को गिरफ्तार कर लिया है और दो अन्य की तलाश की जा रही है।

दो आरोपी मौके से फरार

मामले पर सहायक पुलिस निरीक्षक एस चव्हाण ने कहा है कि, जब हमने उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिश की, तो एक आरोपी ने विरोध करना शुरू कर दिया और अपने कुत्ते को हम पर छोड़ दिया, जिसमें हमारा एक कांस्टेबल घायल हो गया। हमने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इस छापेमारी के दौरान पुलिस ने 20,250 रुपये की कीमत का 810 ग्राम गांजा और 41,950 रुपये की कीमत का मोबाइल फोन जब्त किया। वाकाड पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 353 (लोक सेवक को उसके कर्तव्य के निर्वहन से रोकने के लिए हमला या आपराधिक बल), 332 (स्वेच्छा से अपने कर्तव्य से लोक सेवक को चोट पहुंचाना) और धारा 8 (सी) के तहत मामला दर्ज किया है। 

अगली खबर