Khelo India Youth Games: संयुक्‍ता काले ने जिम्‍नास्टिक में सभी पांच गोल्‍ड मेडल जीते

Khelo India Youth Games: महाराष्‍ट्र की संयुक्‍ता काले ने खेलो इंडिया यूथ गेम्‍स में जिम्‍नास्टिक के सभी पांच गोल्‍ड मेडल जीत लिए। इसी के साथ महाराष्‍ट्र पदक तालिका में हरियाणा को पछाड़कर पहले स्‍थान पर पहुंच गया है।

Sanyukta Kale
संयुक्‍ता काले   |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • संयुक्‍ता काले ने जिम्‍नास्टिक के पांचों गोल्‍ड मेडल जीते
  • सेलेस्टिना चेलोब्रोय ने साइकिलिंग स्‍पर्धा के दूसरे दिन तीसरा गोल्‍ड जीता
  • महाराष्‍ट्र पदक तालिका में हरियाणा को पछाड़कर नंबर-1 बना

पंचकूला: महाराष्ट्र की संयुक्ता काले ने खेलो इंडिया युवा खेलों में मंगलवार को लयबद्ध जिम्नास्टिक में सभी पांच स्वर्ण पदक जीत लिये। वहीं नयी दिल्ली में अंडमान निकोबार की सेलेस्टिना चेलोब्रोय ने साइकिलिंग स्पर्धा के दूसरे दिन तीसरा स्वर्ण पदक जीता।

16 वर्ष की संयुक्ता के 'क्लीन स्वीप' करने से महाराष्ट्र अब पदक तालिका में हरियाणा को पछाड़कर पहले स्थान पर है। महाराष्ट्र के 24 स्वर्ण, 22 रजत और 17 कांस्य पदक है जबकि हरियाण के 23 स्वर्ण, 20 रजत और 29 कांस्य हैं। मेजबान हरियाणा ने पांचवें दिन छह स्वर्ण जीते। कबड्डी और वॉलीबॉल फाइनल में उसकी टीमें हार गई।

संयुक्ता ने आल राउंड, हूप, बॉल, क्लब और रिबन लयबद्ध स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीते। वहीं सेलेस्टिना ने दिल्ली के आई जी वेलोड्रोम में तीसरा स्वर्ण अपने नाम किया। वह इससे पहले टीम फर्राटा और व्यक्तिगत फर्राटा में पीला तमगा जीत चुकी है। महाराष्ट्र ने चार गुणा सौ मीटर रिले में दोनों पदक अपने नाम किये जबकि लड़कों की ऊंची कूद में अनिकेत माने ने स्वर्ण पदक जीता। महाराष्ट्र ने कुश्ती में दो और बैडमिंटन में एक स्वर्ण अपने नाम किया।

झारखंड के सदानंद कुमार ने सौ मीटर फर्राटा दौड़ 10 . 63 सेकंड में जीती जबकि महाराष्ट्र की सुदेशना शिवांकर ने लड़कियों के वर्ग में बाजी मारकर 11 . 79 सेकंड में जीत दर्ज की। इसके बाद उसने चार गुणा सौ मीटर रिले में भी पीला तमगा हासिल किया। मध्यप्रदेश के अर्जुन वसकाले ने लड़कों की 1500 मीटर दौड़ में बाजी मारी। महिला वर्ग में मणिपुर की एच भुमेश्वरी देवी विजयी रही।

हरियाणा की बैडमिंटन स्टार उन्नति हुड्डा ने पूर्व विश्व जूनियर नंबर एक खिलाड़ी तसनीम मीर को हराकर लड़कियों का एकल खिताब जीता। महाराष्ट्र के दर्शन पुजारी ने लड़कों के एकल फाइनल में तमिलनाडु के एस रित्विक संजीवी को हराया।

अगली खबर