[VIDEO] फ्लाइट में साध्वी प्रज्ञा ठाकुर पर भड़के लोग- 'आप नेता हैं, शर्म आनी चाहिए'

ट्रेंडिंग/वायरल
Updated Dec 23, 2019 | 13:51 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

कुछ दिन पहले प्रज्ञा ठाकुर के फ्लाइट में बवाल करने की खबर सामने आई थी अब इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें लोग प्रज्ञा पर गुस्सा करते नजर आ रहे हैं।

Sadhvi Pragya Thakur Plane VIDEO
विमान में साध्वी प्रज्ञा ठाकुर पर भड़के लोग  |  तस्वीर साभार: Twitter

नई दिल्ली: अपने बड़बोले बयानों को लेकर सुर्खियों में बनी रहने वाली भारतीय जनता पार्टी की सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर को फ्लाइट में लोगों के गुस्से का सामना करना पड़ा। इसका एक वीडियो हाल ही में सामने आया है। कुछ खबरें सामने आई थीं जिसमें बीजेपी सांसद प्रज्ञा ठाकुर को स्पाइसजेट के कर्मचारियों के बुक की गई सीट नहीं देने की बातें सामने आई थीं। बाद में स्पाइसजेट की ओर से इसका जवाब दिया गया था।

इस बीच जो वीडियो सामने आया है उसमें लोग प्रज्ञा ठाकुर से नाराज नजर आ रहे हैं और कह रहे हैं- 'आपको अपने बर्ताव पर शर्म आनी चाहिए।' दरअसल स्पाइस जेट की फ्लाइट दिल्ली से भोपाल जा रही थी और इसी दौरान क्रू मेंबर्स से उनकी बहस हो गई थी। अपने लिए सीट की मांग को लेकर वह विमान में ही धरना कर रही थीं। इसी दौरान यात्री परेशान हो गया और साध्वी प्रज्ञा के साथ रोक टोक करने लगे।

वायरल हो रहे वीडियो में एक महिला और एक व्यक्ति प्रज्ञा ठाकुर का विरोध करते हैं। महिला कहती है, 'आप फैसला कीजिए। आपका मैनेजमेंट कौन है। यहां कोई प्रोफेशनललिज्म नहीं है क्या?' इस पर साध्वी प्रज्ञा कहती हैं- 'मैंने सुबह ही कहा था रूल बुक दिखा दो। हमसे बैठते बनेगा तो बैठेंगे नहीं तो चले जाएंगे।' यहां आप यह वीडियो देख सकते हैं।

इस बीच एक शख्स बोलता है- 'आप एक नेता हैं। आपकी वजह से जनता को परेशानी हो रही है। आपको शर्म आनी चाहिए।' प्रज्ञा ठाकुर उससे सही भाषा इस्तेमाल करने के लिए कहती हैं।

गौरतलब है कि फ्लाइट क्रू मेंबर्स से साध्वी प्रज्ञा ठाकुर का विवाद हो गया था। वह आगे की आपातकालीन सीट चाहती थीं लेकिन चूंकी प्रज्ञा ठाकुर व्हीलचेयर पर एयरपोर्ट गई थीं इसलिए उन्हें वह सीट नहीं दी जा सकती थी। इसी को लेकर विवाद हो गया था और प्रज्ञा ठाकुर ने क्रू मेंबर्स पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया था।

अगली खबर