चीन में कोरोना का कहर जारी, 3000 से ज्यादा लोग मरे, कंफर्म मामले 80,400 से ज्यादा

दुनिया
भाषा
Updated Mar 05, 2020 | 16:26 IST

चीन में कोरोना वायरस से 31 और लोगों की मौत हो गई हैं। इसके बाद मरने वालों की संख्या 3000 के पार पहुंच गई है।

 Corona continues to wreak havoc in China
चीन में कोरोना का कहर जारी, 3000 से ज्यादा लोग मरे, कंफर्म मामले 80,400 से ज्यादा  |  तस्वीर साभार: AP

बीजिंग:  चीन में कोरोना वायरस से 31 और लोगों की मौत हो गई हैं। इसके बाद मरने वालों की संख्या 3000 के पार पहुंच गई है। वहीं कुल पुष्ट मामलों की संख्या 80,400 से ज्यादा है। चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने चौकसी में किसी भी तरह की कमी नहीं करने की अपील करते हुए कहा कि संक्रमण से सबसे बुरी तरह से प्रभावित वुहान में सकारात्मक प्रगति के बावजूद स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है।

चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग ने बृहस्पतिवार को कहा कि बुधवार को कोरोना वायरस से 139 नए मामलों की पुष्टि हुई है और 31 लोगों की जान गई है। ये सभी मौतें सबसे ज्यादा प्रभावित हुबेई प्रांत और उसकी राजधानी वुहान में हुई हैं।आयोग ने कहा कि बुधवार को ही संक्रमण के 143 नए संदिग्ध मामले दर्ज हुए हैं, जबकि गंभीर मामलों की संख्या 464 घटकर 5,952 हो गई है। अब भी आशंका है कि 522 लोग इस घातक वायरस से संक्रमित हैं।

चीन की मुख्य भूमि में बुधवार रात तक कोविड-19 (बीमारी का आधिकारिक नाम) के कुल 80,409 मामलों की पुष्टि हुई है।इसमें 3,012 वे लोग भी शामिल हैं जिनकी इस बीमारी से मौत हो गई है और 25,352 मरीजों का इलाज चल रहा है जबकि 52,045 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। बुधवार रात तक, बाहर से आए 20 लोगों में कोरोना वायरस से संक्रमित होने की सूचना है।

सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने खबर दी है कि बुधवार रात तक हांगकांग में 104 मामलों की पुष्टि हुई है और दो लोगों की मौत हुई है। मकाऊ में 10 और ताइवान में 42 मामलों की पुष्टि हुई है। ताइवान में एक शख्स की मौत भी हुई है।इसके अलावा हांगकांग में 43, मकाऊ में नौ और ताइवान में 12 मरीजों को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे गई है।

इस बीच चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने कोविड-19 की रोकथाम और नियंत्रण के लिए चौकसी में किसी भी तरह की कमी नहीं करने की अपील की। वुहान और हुबेई प्रांत में स्थिति गंभीर बनी हुई है।स्थानीय स्वास्थ्य आयोग ने कहा कि हुबेई प्रांत में कोरोना वायरस के 134 नए मामलों की पुष्टि हुई है और 31 लोगों की मौत हुई है। प्रांत में 67,466 मामले हैं और 2902 लोगों की मौत हुई है।

सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ चाइना (सीपीसी) के राजनीतिक ब्यूरो की यहां बुधवार को हुई बैठक में चिनफिंग ने कहा कि पूरे देश में कड़ी मशक्कत करने के बाद, महामारी की मौजूदा स्थिति में सुधार होना जारी है और उत्पादन तथा लोगों का जीवन पटरी पर लौट रहा है। सरकारी सीजीटीएन के खबर दी है कि उन्होंने तेजी से आर्थिक और सामाजिक व्यवस्था स्थापित करने के लिए अधिक प्रयास करने का आह्वान किया जो महामारी की रोकथाम और नियंत्रण कार्य के साथ जुड़ा हुआ है।

चिनफिंग ने कहा कि कि हुबेई और वुहान शहर में महामारी की रोकथाम और नियंत्रण अब भी मुश्किल काम है और अन्य क्षेत्रों में लोगों की आवाजाही बढ़ने तथा लोगों के जमा होने से बीमारी फैल रही है।उन्होंने कहा कि यह जरूरी है कि आर्थिक और सामाजिक विकास के विभिन्न कार्यों को तुरंत आगे बढ़ाया जाए, काम और उत्पादन फिर से शुरू किया जाए। घरेलू और अंतरराष्ट्रीय व्यापार का एकीकरण किया जाए और बीमारी से हुए नुकसान को कम किया जाए।

विश्व स्वास्थ्य संगठन ने बृहस्पतिवार को कहा कि चीन के बाहर कोरोना वायरस के 12600 मामलों की पुष्टि हुई है और 214 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है।योनहप समाचार एजेंसी ने खबर दी है कि दक्षिण कोरिया में 438 मामलों की पुष्टि हुई है।जापान में कोरोना वायरस के 1,037 से अधिक मामलों की पुष्टि हुई है और अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है। ईटली में 107 लोगों की मौत हो गई है और संक्रमित मामलों का आंकड़ा 3,089 है।
ईरान में इस वायरस ने 92 लोगों की जान ले ली है और 2,922 मामलें रिपोर्ट हुए हैं।

अमेरिका में कोविड 19 से बृहस्पतिवार को मरने वालों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है और देशभर में 160 मामलों की पुष्टि हुई है। फ्रांस ने कहा है कि कोरोना वायरस के 21 नए मामले सामने आए हैं। इसके बाद कुल मामलों की संख्या 285 हो गई है, जिनमें से 12 का इलाज कर दिया गया है और चार की मौत हो गई है।
    

अगली खबर