लाइव टीवी

World Record Partnership: दीप्ति शर्मा और पूमन राउत की जोड़ी ने तीन साल पहले रचा था इतिहास

Updated May 15, 2020 | 09:28 IST

साल 2017 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम( Indian Women's Cricket Team) की दो खिलाड़ियों की जोड़ी ने बल्ले से वो कारनामा कर दिखाया था जो उनसे पहले महिला वनडे क्रिकेट में कोई नहीं कर सका था।

Loading ...
deepti sharma Poonam Raut
मुख्य बातें
  • आयरलैंड के खिलाफ दीप्ति शर्मा और पूरम राउत ने पहले विकेट के लिए जोड़े थे 320 रन
  • महिला वनडे क्रिकेट इतिहास में किसी भी विकेट के लिए 300 रन से ज्यादा की थी पहली और सबसे बड़ी साझेदारी
  • दीप्ति शर्मा ने खेली थी 188 और राउत मे 109 रन की पारी

नई दिल्ली: पिछले कुछ सालों में महिला किकेट को लेकर क्रिकेट प्रशंसकों के मन में ज्यादा रुचि जागी है। इसकी वजह भारतीय क्रिकेट टीम का पिछले तीन साल में शानदार प्रदर्शन भी है। साल 2017 में इंग्लैंड की मेजबानी में खेले गए वनडे विश्व कप से लेकर फरवरी मार्च 2020 में ऑस्ट्रेलिया की मेजबानी में खेले गए टी20 विश्व कप तक भारतीय टीम का प्रदर्शन शानदार रहा है। 2017 में वनडे विश्व कप के फाइनल में टीम इंडिया को इंग्लैंड के खिलाफ करीबी हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद 2018 में टी20 विश्व कप के वो सेमीफाइनल तक पहुंची थी। इसके बाद 2020 में भी वो टी20 विश्व कप के फाइनल तक पहुंचने में सफल रही। 

महिला वनडे  क्रिकेट इतिहास की सबसे बड़ी साझेदारी 
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सफलता की नई इबारत युवा खिलाड़ी लिख रही हैं। इनमें से युवा खिलाड़ियों ने 15 मई 2017 को बल्ले से वो कारनामा कर दिखाया था जो उससे पहले कभी नहीं हुआ था। आयरलैंड के खिलाफ भारतीय ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने पूनम राउत के साथ मिलकर 320 रन की साझेदारी कर डाली थी। महिला वनडे क्रिकेट इतिहास में ऐसा इससे पहले कभी नहीं हुआ था। ये आज भी महिला क्रिकेट इतिहास की सबसे लंबी साझेदारी का विश्व रिकॉर्ड है। 

भारत के लिए सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी
दोनों ने दक्षिण अफ्रीका के पोचफस्ट्रूम में भारतीय टीम के लिए पारी की शुरुआत करते हुए ये कारनामा किया था। दीप्ति शर्मा ने 188 रन की और पूनम राउत ने 109 रन की पारी खेली थी। 19 वर्षीय दीप्ति शर्मा का ये पहला अंतरराष्ट्रीय शतक था। दीप्ति ने अपनी इस पारी के दौरान 160 गेंदों का सामना करते हुए 27 चौके और 2 छक्के जड़े थे। वो भले दीप्ति ही दोहरा शतक जड़ने से चूक गई थीं लेकिन भारत के लिए सबसे बड़ी वनडे पारी खेलने का रिकॉर्ड उनके नाम दर्ज हो गया था। उनकी 188 रन की पारी महिला वनडे क्रिकेट इतिहास की दूसरी सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी के रूप में दर्ज है। महिला क्रिकेट इतिहास में सबसे बड़ी पारी का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया की बेलिंडा क्लार्क के नाम दर्ज है। उन्होंने साल 1997 विश्व कप के दौरान डेनमार्क के खिलाफ 229 रन की पारी खेली थी।  

249 रन के अंतर से मिली थी जीत 
वहीं पूनम राउत 116 गेंद में 109 रन की पारी खेलने का बाद रिटायर्ड हर्ट हो गई थीं। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 11 चौके जड़े थे। पूनम और दीप्ति के बीच 320 रन की साझेदारी 273 गेंद में हुई थी। दोनों की पारी की बदौलत भारतीय टीम ने 50 ओवर में 358/2 रन का स्कोर खड़ा किया था। इसके बाद आयरिश टीम को 40 ओवर में 109 रन पर ढेर करके 249 रन के अंतर से जीत हासिल की थी। 
 

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल