लाइव टीवी

कोरोना योद्धाओं की खातिर सचिन तेंदुलकर ने लिया बड़ा फैसला, बर्थ-डे पर नहीं मनाएंगे जश्‍न

Updated Apr 22, 2020 | 20:21 IST

Sachin Tendulkar on birthday celebration: सचिन तेंदुलकर शुक्रवार को अपने 47वें जन्‍मदिन का जश्‍न नहीं मनाएंगे। इस तरह वह कोरोना वायरस महामारी से लड़ाई में जुटे कर्मचारियों के प्रति सम्‍मान प्रकट करेंगे।

Loading ...
सचिन तेंदुलकर
मुख्य बातें
  • 24 अप्रैल 2020 को 47 साल के हो जाएंगे महान बल्‍लेबाज सचिन तेंदुलकर
  • तेंदुलकर कोरोना योद्धाओं की खातिर अपने जन्‍मदिन पर जश्‍न नहीं मनाएंगे
  • तेंदुलकर ने पीएम केयर्स फंड सहित अन्‍य जगहों पर भारी राशि दान की है

मुंबई: महान बल्‍लेबाज सचिन तेंदुलकर शुक्रवार को 47 साल के हो जाएंगे। क्रिकेट के भगवान माने जाने वाले तेंदुलकर ने एक बड़ा फैसला लिया है। कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई कर रहे कर्मचारियों के प्रति सम्‍मान जाहिर करने के इरादे से तेंदुलकर अपने जन्‍मदिन का जश्‍न नहीं मनाएंगे। तेंदुलकर के करीबी सूत्र ने पीटीआई से कहा, 'सचिन ने फैसला किया है कि यह जश्‍न मनाने का समय नहीं है। उन्‍हें लगता है कि यह डॉक्‍टर्स, नर्स, पुलिस और कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ रहे लोगों के हित में सर्वश्रेष्‍ठ कदम होगा।'

तेंदुलकर ने मुख्‍यमंत्री रिलीफ फंड में 50 लाख रुपए का योगदान दिया है। इसके अलावा उन्‍होंने कई फंड और राशन वितरण जैसे दान भी दिए। सूत्र ने कहा, 'इस बारे में बात करने पर तेंदुलकर हमेशा असहज हो जाते हैं।' मास्‍टर ब्‍लास्‍टर के लिए सोशल मीडिया पर कई फैन क्‍लब्‍स अनोखे तरीके से तेंदुलकर को सम्‍मान देते हैं। एक फैन क्‍लब ने महान बल्‍लेबाज के 40 दुर्लभ फोटो रिलीज किए तो एक ने उनके सामाजिक कार्यो व पहल पर प्रकाश डाला।

महादान में आगे तेंदुलकर

सचिन तेंदुलकर कोरोना के कहर के बीच एक बार फिर लोगों की मदद के लिए आगे आए हैं। इससे पहले प्रधानमंत्री केयर्स फंड और मुख्यमंत्री राहत कोष में भी 25-25 लाख रुपये की मदद दी थी लेकिन महाराष्ट्र में स्थिति और गंभीर होती और लॉकडाउन की अवधि में बढ़ोत्तरी की संभावना को देखते हुए मुंबई के 5 हजार गरीब परिवारों को एक महीने का राशन देने का फैसला किया है। 

मौजूदा स्थिति को देखते हुए सचिन ने अपनी सास की एनजीओ अपनालय के माध्यम से मुंबई के शिवाजी नगर और गोवंदी क्षेत्र में रहने वाले लोगों को महीने भर तक मदद करने का फैसला लिया है। अपनालय एनजीओ ने तेंदुलकर को धन्यवाद देते हुए ट्वीट किया, अपनालय की मदद करने के लिए आगे आने के लिए धन्यवाद सचिन। सचिन 5000 हजार लोगों के एक महीने के राशन की जिम्मेदारी उठाएंगे। कई लोग हैं जिन्हें आपके समर्थन की जरूरत है। दान दीजिए। 

सचिन ने अपनी तरफ से एनजीओ को सेवाएं जारी रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने लिखा, अपना अच्छा काम जारी रखें। सचिन तेंदुलकर की पत्नी अंजली की मां एनाबेल मेहता सालों से मुंबई में लोगों की मदद के लिए अपनालय नाम की संस्था का संचालन करती हैं। इस काम में सचिन की बेटी सारा भी नानी के साथ नजर आती रही है। 

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल