लाइव टीवी

IPL में 6 साल बाद 0 पर आउट हुए धोनी, नए सीजन में नहीं हुई अच्छी शुरुआत

Updated Apr 10, 2021 | 22:55 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

MS Dhoni: आईपीएल 2021 के दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के पहले मैच में ही धोनी का बल्ला दगा दे गया और वो आवेश खान की गेंद पर शून्य (0) पर आउट हो गए।

Loading ...
महेंद्र सिंह धोनी (फोटो क्रेडिट: IPL)

नई दिल्ली: आईपीएल 2021 के चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के पहले मैच में कप्तान महेंद्र सिंह धोनी बल्ले से कमाल नहीं कर सके। उन्होंने सिर्फ 2 गेंदें खेलीं और आवेश खान ने उन्हें बोल्ड कर दिया। आईपीएल के इतिहास में धोनी चौथी बार शून्य पर आउट हुए हैं। आखिर बार 2015 में धोनी मुंबई इंडियंस के खिलाफ जीरो पर आउट हुए थे। वो मैच भी मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया था। आज भी चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स मुंबई में भी भिड़ रही हैं।  

उससे पहले 2010 के सीजन में धोनी 2 बार शून्य पर आउट हुए थे। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ चेन्नई में धोनी 0 पर आउट हुए और फिर दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) के खिलाफ चेन्नई में ही 0 पर आउट हुए। 2015 में धोनी को हरभजन सिंह ने आउट किया था और 2010 में शेन वाट्सन और डिर्क नेनेस ने उन्हें जीरो पर आउट किया था।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके धोनी के लिए पिछला सीजन भी बल्ले से अच्छा नहीं रहा था। 14 मैच में धोनी 25 की औसत से सिर्फ 200 ही रन बना पाए थे। उनका स्ट्राइक रेट भी 116.27 था, जो कि टी-20 फॉर्मेट में संतोषजनक नहीं है। उस सीजन में उनका उच्चतम स्कोर 47 नॉट आउट रहा था। 

ऐसे में इस सीजन के पहले ही मैच में 0 पर आउट होना धोनी के लिए बिल्कुल भी अच्छी शुरुआत नहीं है। उनके फैंस भी चाहते हैं कि वो कई धमाकेदार पारियां खेलें। देखना होगा कि उनकी खराब फॉर्म जारी रहती है या वो जल्द ही अपने पुराने रंग में दिखते हैं।
 

Times Now Navbharat पर पढ़ें IPL 2022 News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।