लाइव टीवी

IPL 2021 Points Table: पांचवें पायदान पर पहुंची केकेआर, आरसीबी पर हुआ करारी हार का ऐसा असर

Updated Sep 21, 2021 | 05:35 IST

IPL 2021 Points Table, Orange Cap, Purple Cap Holder List (IPL 2021 अंक तालिका): आरसीबी के खिलाफ दूसरे दौर में शानदार शुरुआत के साथ केकेआर की टीम अंक तालिका में पांचवें पायदान पर पहुंच गई है।

Loading ...
कोलकाता नाइट राइडर्स( साभार IPL)
मुख्य बातें
  • केकेआर ने सोमवार को अबूधाबी में दी आरसीबी को करारी मात
  • केकेआर ने शानदार गेंदबाजी के बाद बल्लेबाजी में भी किया शानदार प्रदर्शन
  • मैन ऑफ द मैच वरुण चक्रवर्ती बने केकेआर के लिए सीजन के सबसे सफल गेंदबाज

IPL 2021 Points Table, Orange Cap, Purple Cap Holder List  (IPL 2021 अंक तालिका): आईपीएल 2021 के दूसरे चरण का दूसरा मैच कोलकाता नाइट राइडर्स के नाम रहा। इयोन मोर्गन की कप्तानी वाली केकेआर ने पहले दौर के निराशाजनक प्रदर्शन को भुलाकर आरसीबी के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी विराट सेना को पहले कोलकाता के धुरंधरों ने महज 19 ओवर में 92 रन पर ढेर कर दिया। वरुण चक्रवर्ती की फिरकी और आंद्रे रसेल की चालाकी भरी गेंदबाजी में आरसीबी की सेना फंस गई। इसके बाद जीत के लिए मिले 93 रन के आसान लक्ष्य को कोलकाता ने 60 गेंद और 9 विकेट शेष रहते हासिल कर लिया। शुभमन गिल ने 48 और डेब्युटेंट वेंकटेश अय्यर ने नाबाद 41 रन की पारी खेलकर कोलकाता की जीत पक्की कर दी।

प्वाइंट्स टेबल: 
केकेआर ने आरसीबी के खिलाफ बड़े अंतर से जीत हासिल करके अपने नेट रन रेट को बेहतर कर लिया है। आठवें मैच में चौथी जीत के साथ केकेआर अब अंक तालिका में पांचवें पायदान पर पहुंच गई है। वहीं 8वें मैच में मिली तीसरी हार का विराट सेना की अंक तालिका में पोजीशन पर फर्क नहीं पड़ा है वो तीसरे पायदान पर अब भी काबिज हैं लेकिन उसका नेट रन रेट अब घटकर -0.706 हो गया है। जो आठों टीमों मे सबसे खराब है। ऐसे में अगर अंत में प्लेऑफ में पहुंचने में नेट रन रेट की भूमिका हुई तो विराट कोहली की सेना को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। 



ऑरेंज कैप(Orange Cap Holder):
आरसीबी और केकेआर के बीच सोमवार को खेले गए लो स्कोरिंग मुकाबले का टूर्नामेंट के पांच सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में कोई फर्क नहीं पड़ा है। दिल्ली कैपिटल्स के शिखर धवन 380 रन के साथ पहले स्थान पर काबिज हैं। उनका ऑरेंज कैप पर कब्जा बरकरार है। उनके बाद केएल राहुल (331) दूसरे, फॉफ डुप्लेसी (320) तीसरे, पृथ्वी शॉ(308) चौथे और रुतुराज गायकवाड़ (284) पांचवें स्थान पर हैं। 48 रन की पारी खेलने वाले गिल अभी टॉप 20 से भी बाहर हैं। 

आईपीएल 2021 के टॉप 5 बल्लेबाज  
शिखर धवन           380
केएल राहुल           331
फॉफ डुप्लेसी         320
पृथ्वी शॉ                308
रुतुराज गायकवाड़  284 


पर्पल कैप (Purple Cap Holder):
केकेआर और आरसीबी के बीच खेले गए मुकाबले में वरुण चक्रवर्ती और आंद्रे रसेल ने 3-3 विकेट हासिल किए। वरुण ने 13 रन देकर 3 विकेट झटके और मौजूदा सीजन में केकेआर के सबसे सफल गेंदबाज सोमवार को बन गए। इस शानदार प्रदर्शन के बल पर चक्रवर्ती सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले खिलाड़ियों की सूची में छठे पायदान पर भी पहुंच गए हैं। केकेआर के खिलाफ एक भी विकेट नहीं लेने का बाद भी आरसीबी के हर्षल पटेल सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले खिलाड़ियों की सूची में पहले पायदान पर बरकरार हैं। पर्पल कैप फिलहाल अभी भी उनके सिर पर सजी हुई है। इसके बाद दूसरे पायदान पर 14 विकेट के साथ दिल्ली कैपिटल्स के आवेश खान हैं। 

टॉप 5 गेंदबाज 
हर्षल पटेल(आरसीबी)     17 
आवेश खान(दिल्ली)        14
क्रिस मॉरिस(राजस्थान)   14
राहुल चाहर(मुंबई)          11
राशिद खान                   10 

Times Now Navbharat पर पढ़ें IPL 2022 News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।