लाइव टीवी

केएल राहुल ने तोड़ा डेविड वॉर्नर और एबी डिविलियर्स का रिकॉर्ड, बने ऐसा करने वाले सबसे तेज भारतीय  

Updated May 01, 2022 | 19:19 IST

लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान केएल राहुल ने रविवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अपनी 77 रन की आतिशी पारी के दौरान 5 छक्के जड़कर आईपीएल में सबसे तेज 150 छक्के जड़ने वाले भारतीय बन गए। 

Loading ...
केएल राहुल (साभार IPL)
मुख्य बातें
  • केएल राहुल ने आईपीएल में रविवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेली 77 रन की पारी
  • इस पारी के दौरान 5 छक्के जड़कर बने सबसे तेज 150 छक्के जड़ने वाले भारतीय
  • राहुल ने इस मामले में डेविड वॉर्नर और एबी डिविलियर्स जैसे धाकड़ खिलाड़ियों को भी छोड़ा पीछे

मुंबई: लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान केएल राहुल का बल्ला आईपीएल में लगातार रन उगल रहा है। रविवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ केएल राहुल ने 51 गेंद में 77 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 4 चौके और 5 छक्के जड़े और आईपीएल में सबते तेज 150 छक्के जड़ने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। 

सबसे तेज 150 छक्के जड़ने वाले भारतीय 
केएल राहुल ने ये उपलब्धि आईपीएल में 104वें मैच की 95वीं पारी में खेलते हुए हासिल की। राहुल ने जैसे ही दिल्ली के खिलाफ पारी में पहला छक्का जड़ा उनके आईपीएल में 150 छक्के पूरे हो गए। उनके नाम अब आईपीएल में 154 छक्के हो गए हैं। उन्होंने आईपीएल में सबसे तेजी से 150 छक्के जड़ने के मामले में डेविड वॉर्नर और एबी डिविलियर्स जैसे धाकड़ खिलाड़ियों को भी पीछे छोड़ दिया। राहुल ने जहां 95वीं पारी में इस मुकाम को हासिल किया वहीं डेविड वॉर्नर ऐसा 109वीं और एबी डिविलियर्स 111वीं आईपीएल पारी में ऐसा कर सके थे।

गेल के नाम दर्ज है सबसे तेज 150 छक्के जड़ने का रिकॉर्ड 
आईपीएल में सबसे तेजी से 150 छक्के जड़ने का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम दर्ज है। गेल आईपीएल में महज 50वीं पारी खेलते हुए इस मुकाम पर पहुंच गए थे। वहीं आंद्रे रसेल को ऐसा करने के लिए 72 पारियां खेलनी पड़ी थीं। ऐसे में राहुल महज 95 पारी में 150 छक्के आईपीएल में पूरे करने में सफल हुए हैं। 

आईपीएल 2022 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय 
आईपीएल 2022 में राहुल का बल्ला जमकर रन उगल रहा है। अबतक खेले 10 मैच की 10 पारियों में राहुल ने 56.37 की औसत से 451 रन बना चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 2 शतक और 2 अर्धशतक जड़े हैं। अबतक वो टूर्नामेंट में 38 चौके और 20 छक्के जड़े हैं।टूर्नामेंट में वो सबसे ज्यादा रन बनाने के मामल में जोस बटलर(566) के बाद दूसरे पायदान पर हैं। वो आईपीएल में अबतक सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज हैं। 

सीजन में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले कप्तान
टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले खिलाड़ियों में वो साझा रूप से जोस बटलर(36) के बाद संजू सैमसन और लियाम लिविंगस्टोन के साथ दूसरे पायदान पर हैं। इन तीनों ने अबतक 20-20 छक्के जड़े हैं। बतौर कप्तान भी राहुल सबसे छक्के जड़ने वाले खिलाड़ियों में संजू सैमसन के साथ साझा रूप से पहले पायदान पर पहुंच गए हैं। 
 

Times Now Navbharat पर पढ़ें IPL 2022 News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।