लाइव टीवी

सफेद दाढ़ी देख फैंस बोले- शेर बूढ़ा हो रहा है, धोनी की मां ने दिया ये जवाब

Updated May 12, 2020 | 09:45 IST

MS Dhoni new look: टीम इंडिया के पूर्व कप्‍तान एमएस धोनी का सफेद दाढ़ी में नया लुक सामने आया था, जिसने उनके फैंस को चिंतित कर दिया है। अब माही की मां ने अपना जवाब दिया है।

Loading ...
एमएस धोनी
मुख्य बातें
  • सफेद दाढ़ी वाले लुक पर फैंस ने कहा कि शेर अब बूढ़ा हो रहा है
  • धोनी की मां ने कहा कि उनका बेटा अभी ज्‍यादा बूढ़ा नहीं हुआ है
  • इसके अलावा धोनी की मां ने टी20 विश्‍व कप को लेकर भी बयान दिया

रांची: टीम इंडिया के पूर्व कप्‍तान एमएस धोनी के नए लुक का फोटो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। धोनी इस फोटो में सफेद दाढ़ी में नजर आ रहे हैं। माही के फैंस इस लुक को देख हैरान हुए और ट्विटर पर कमेंट्स की बाढ़ लगा दी। कई फैंस ने यहां तक कह दिया कि शेर अब बूढ़ा हो रहा है। बता दें कि एमएस धोनी की पत्‍नी साक्षी धोनी ने अपने आधिकारिक इंस्‍टाग्राम अकाउंट पर क्रिकेटर के फार्म हाउस का वीडियो बनाया था, जिसमें माही का नया लुक देखने को मिला।

बहरहाल, फैंस के कमेंट्स के बीच महेंद्र सिंह धोनी की मां की प्रतिक्रिया सामने आई है। धोनी की मां ने कहा कि उन्‍हें अपने बेटे का नया लुक पसंद है और अभी उनका बेटा इतना बूढ़ा भी नहीं हुआ है।

पता हो कि साक्षी धोनी ने जो वीडियो शेयर किया था, उसमें एमएस धोनी अपनी बेटी के साथ गार्डन में खेल रहे थे। पिता-बेटी मिलकर अपने कुत्‍ते के साथ थ्रो बॉल खेलते दिखे। तभी धोनी का सफेद दाढ़ी वाला लुक सामने आया। एमएस के नए लुक को देखकर फैंस चिंतित हो चुके हैं। लोगों ने सोशल मीडिया पर सवालों की झड़ी लगा दी है कि क्‍या उनका चहेता क्रिकेटर अब बूढ़ा हो चुका है। धोनी की मां ने कहा- हां मैंने भी अपने बेटे के नए लुक को देखा है। मगर उसमें वह उतना भी बूढ़ा नहीं लग रहा है। किसी भी मां के लिए उसका बेटा कभी बूढ़ा नहीं होता।

टी20 विश्‍व कप पर दी राय

महेंद्र सिंह धोनी की मां से पूछा गया कि क्‍या पूर्व भारतीय कप्‍तान आगामी टी20 विश्‍व कप में खेलेंगे? इस पर मां ने जवाब दिया कि पहले कोरोना वायरस खत्‍म हो जाने दो। मां के इस जवाब को जानकर लोग कयास लगा रहे हैं कि धोनी के भविष्‍य के बारे में घर वालों को भी कुछ पता नहीं है।

ब्रेक पर हैं धोनी

बता दें कि 2019 विश्‍व कप में न्‍यूजीलैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबला धोनी का आखिरी अंतरराष्‍ट्रीय मैच रहा। इसके बाद से उन्‍होंने कोई सीरीज नहीं खेली। इस बीच धोनी की वापसी को लेकर कई चर्चाएं हुईं, लेकिन पूर्व कप्‍तान ब्रेक पर ही रहे। धोनी ने आईपीएल में चेन्‍नई सुपरकिंग्‍स का ट्रेनिंग कैंप ज्‍वाइन करके क्रिकेट एक्‍शन में लौटने का संकेत दिया। मगर कोरोना वायरस महामारी के कारण कैंप बंद हो गया और धोनी अपने घर लौट गए।

बता दें कि कोरोना वायरस महामारी के कारण आईपीएल 2020 अनिश्चितकाल के लिए स्‍थगित कर दिया गया है। ऐसे में धोनी भी लॉकडाउन में अपने घर पर है और परिवार के साथ खूब समय बिता रहे हैं। अन्‍य खिलाड़‍ियों की तुलना में माही सोशल मीडिया पर सक्रिय नहीं है, लेकिन उनकी पत्‍नी साक्षी इंस्‍टाग्राम पर वीडियो पोस्‍ट करके माही फैंस को एंगेज रखती हैं।

Times Now Navbharat पर पढ़ें IPL 2022 News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।