लाइव टीवी

गूगल का कर्मचारी बता इस शख्स ने 50 से ज्यादा महिलाओं को ठगा, बनाता था शारीरिक संबंध और लूटता था पैसे

Updated Jan 19, 2021 | 17:21 IST

गुरुग्राम के 40 साल के संदीप मिश्रा ने मैट्रिमोनियल साइट पर फेक अकाउंट बना कई लड़कियों को धोखा देने का काम किया है। उसने उनसे शारीरिक संबंध बनाए और उन्हें लूटा।

Loading ...
आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है

नई दिल्ली: गुजरात के अहमदाबाद में एक शख्स को 50 से अधिक महिलाओं को धोखा देने और उनका यौन शोषण करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। अहमदाबाद साइबर सेल के अनुसार, संदीप मिश्रा उर्फ विहान शर्मा के रूप में पहचाने गए व्यक्ति ने एक मैट्रिमोनियल साइट पर खुद को आईआईएम अहमदाबाद से ग्रेजुएट बताया। इसके अलावा उसने खुद को गूगल में एचआर मैनेजर के रूप में दिखाया।

इसी के सहारे उसने लड़कियों को पहले फंसाया और फिर उनके साथ शारीरिक संबंध बनाए और बाद में उन्हें लूटा। पुलिस ने उसके पास से 30 सिम कार्ड, चार मोबाइल फोन और चार फर्जी आईडी बरामद की हैं। पुलिस ने बताया कि संदीप मिश्रा ने मैट्रिमोनियल साइट पर विहान शर्मा, प्रतीक शर्मा और आकाश शर्मा जैसे अलग-अलग नामों से अलग-अलग प्रोफाइल बनाई थीं।

शुरुआती जांच में पता चला है कि मैट्रिमोनियल साइट पर उसकी फर्जी प्रोफाइल ने कहा गया कि संदीप की सालाना सैलरी 40 लाख रुपए है। पहले वह महिलाओं के साथ शारीरिक संबंध बनाता था और फिर उनके पैसे लूट कर उन्हें छोड़ देता था। यहां तक कि वह यौन कृत्यों के वीडियो भी शूट करता था। पुलिस ने कहा, कुछ वीडियो उसके फोन से बरामद किए गए हैं। पुलिस ने कहा कि संदीप के पास फर्जी डिग्री थी, जिसके अनुसार वह आईआईएम अहमदाबाद से पास आउट था। 

सिर्फ 10वीं तक की है पढ़ाई

पुलिस ने कहा, 'इसने अहमदाबाद, उज्जैन, ग्वालियर, गोवा और छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों की लड़कियों को निशाना बनाया है।' 40 साल का संदीप मिश्रा गुरुग्राम का रहने वाला है। अहमदाबाद की एक महिला ने उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया है। उसने कथित तौर पर यह भी बताया कि उसके पिता एसबीआई में काम करते थे और बहन दुबई में रहती थी। पुलिस जांच में पाया गया कि मिश्रा ने केवल 10वीं कक्षा तक ही पढ़ाई की है और 2017 से महिलाओं को ठग रहा था। वह कुछ समय पहले अपनी पत्नी से अलग हो गया था।