लाइव टीवी

पंजाब: सगाई के दिन लड़के के परिवार ने मांगी हीरे की अंगूठी, नहीं मिलने पर लड़की पर किया हमला

Updated Sep 07, 2021 | 17:04 IST

पंजाब के जालंधर में सगाई समारोह के दौरान लड़के के परिवार ने लड़की के परिवार से हीरे की अंगूठी मांगी, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद हो गया, बात हाथापाई तक पहुंच गई।

Loading ...
प्रतीकात्मक तस्वीर

नई दिल्ली: पंजाब के जालंधर के एक होटल में सगाई समारोह में दो परिवारों के बीच झड़प हो गई। दरअसल, लड़के के परिवार ने समारोह में हीरे की अंगूठी की मांग की, इसे लेकर दोनों परिवारों के बीच कहासुनी हो गई। यह घटना रविवार को हुई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच हाथापाई हो गई। हीरे की अंगूठी न मिलने पर लड़के पक्ष ने सगाई तोड़ दी। मारपीट के दौरान लड़के के परिवार वालों ने लड़की पर भी हमला किया। अंगूठी नहीं मिलने और लड़की की पिटाई करने के बाद लड़के के परिजन मौके से फरार हो गए।

लड़की के परिवार ने इसकी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। घटना होटल के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस अब अपराधियों को पकड़ने और झड़प की जानकारी हासिल करने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

सूत्रों के मुताबिक, लड़की के परिजनों ने पुलिस को दिए अपने बयान में कहा है कि लड़के के परिवार ने सगाई से पहले कुछ भी नहीं मांगा था लेकिन रविवार को जब अंगूठी की रस्म होने वाली थी तो लड़के के परिवार वाले सोने की दो हीरे की अंगूठियां, कंगन और झुमके मांगने लगे। इसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई जो मारपीट में बदल गई। जिस मध्यस्थ ने इस शादी के प्रस्ताव की व्यवस्था की थी, उसे झड़प के बाद होटल में बुलाया गया और यह पता चला कि लड़का पहले से ही दो बच्चों के साथ शादीशुदा था।