लाइव टीवी

दिल्ली में हाड़ कंपा देगी सर्दी, पारा 2 डिग्री तक पहुंचने की उम्मीद

Updated Dec 16, 2020 | 11:52 IST

पहाड़ों पर बर्फबारी से मैदानी राज्यों में ठिठुरन बढ़ गई है, राजधानी दिल्ली में पारा 4 डिग्री तक लुढ़क गया है आगे भी दिल्ली में पारा और गिरने का अनुमान जताया जा रहा है।

Loading ...
बर्फीली हवाओं ने मंगलवार को दिल्ली का पारा 4.1 डिग्री सेल्सियस तक नीचे ला दिया

दिल्ली की सर्दी इस दफा खासा डरा रही है क्योंकि मौसम का मिजाज और तीखा होता जा रहा है, बताया जा रहा है मंगलवार का दिन दिसंबर में अभी तक का सबसे ठंडा दिन माना जा रहा है, मंगलवार सुबह न्यूनतम तापमान 4.1 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, मौसम विभाग की मानें तो  16 से 18 दिसंबर तक राजधानी में शीत लहर की स्थिति देखी जा सकती है।

पश्चिमी हिमालय से बहने वाली बर्फीली हवाओं ने मंगलवार को दिल्ली का पारा 4.1 डिग्री सेल्सियस तक नीचे ला दिया, जो इस मौसम में अब तक का शहर का न्यूनतम तापमान है।

मौसम विभाग का कहना है कि दो-तीन दिनों में उत्तर भारत के तापमान  में तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है, बताया जा रहा है कि दिसंबर के आखिरी हफ्ते में दिल्ली का तापमान 2 डिग्री से भी नीचे जा सकता है वहीं उत्तर भारत का पारा लुढ़क कर 3-5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।विभाग ने कहा कि अधिकतम तापमान भी गिरकर 18.5 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है, जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस नीचे है।

मंगलवार रहा सीजन का सबसे ठंडा दिन

मंगलवार को सुबह न्यूनतम तापमान 4.1 डिग्री सेल्सियस था, जो सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस कम था।जाफरपुर में तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।मौसम विभाग ने कहा कि आयानगर और लोधी रोड मौसम केन्द्रों में न्यूनतम तापमान क्रमश: चार डिग्री और 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दिल्ली में आगे भी तापमान में गिरावट जारी रहेगी

पिछले साल दिसंबर के अंतिम सप्ताह में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया था।मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में आगे भी तापमान में गिरावट जारी रहेगी। बुधवार को न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है और शुक्रवार तक इसके पांच डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने का अनुमान है।

उत्तर भारत के कई हिस्सों में ठंड बढ़ी

उत्तर भारत के कई हिस्सों में मंगलवार को ठंड बढ़ गई और कई राज्यों में घना कोहरा छाया रहा जबकि दिल्ली में इस मौसम का अब तक का सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया, तो वहीं कश्मीर में रात का तापमान शून्य से नीचे चला गया।राजस्थान, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, त्रिपुरा, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश में घना कोहरा छाया रहा। उत्तर प्रदेश में कई जगहों पर बहुत हल्की बारिश हुई, जबकि हरियाणा और पंजाब में तापमान सामान्य से नीचे चला गया।

हिमाचल प्रदेश में, केलांग और कल्पा में पिछले 24 घंटों में शुष्क मौसम के बावजूद शून्य डिग्री तापमान दर्ज किया गया।आईएमडी ने कहा कि अधिकतम तापमान भी गिरकर 18.5 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है, जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस नीचे है।

Delhi News in Hindi (दिल्ली न्यूज़), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।