लाइव टीवी

दिल्ली में हाड़ जमा देने वाली ठंड, मंगलवार सीजन का सबसे सर्द दिन

Updated Dec 16, 2020 | 00:11 IST

दिल्ली में हाड़ जमा देने वाली ठंड ने दस्तक दे दी है।मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को दिल्ली का तापमान 4.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम का सबसे न्यूनतम तापमान है।

Loading ...
दिल्ली में मंगलवार सीजन का सबसे सर्द दिन
मुख्य बातें
  • दिल्ली में हाड़ जमा देने वाली ठंड, मंगलवार सीजन का सबसे सर्द दिन
  • दिल्ली में तापमान 4.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज
  • हिमालय से आने वाली बर्फीली हवाओं का असर

नयी दिल्ली। बर्फ से ढके पश्चिमी हिमालय से बहने वाली बर्फीली हवाओं ने मंगलवार को दिल्ली का पारा 4.1 डिग्री सेल्सियस तक नीचे ला दिया, जो इस मौसम में अब तक का शहर का न्यूनतम तापमान है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।
विभाग ने कहा कि अधिकतम तापमान भी गिरकर 18.5 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है, जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस नीचे है।

दिल्ली में तापमान 4.1 डिग्री सेल्सियस
शहर में तापमान के आंकड़े उपलब्ध कराने वाली सफदरजंग वेधशाला के मुताबिक मंगलवार को सुबह न्यूनतम तापमान 4.1 डिग्री सेल्सियस था, जो सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस कम था।जाफरपुर में तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।मौसम विभाग ने कहा कि आयानगर और लोधी रोड मौसम केन्द्रों में न्यूनतम तापमान क्रमश: चार डिग्री और 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पिछले साल अंतिम सप्ताह में तापमान था पांच डिग्री के नीचे
पिछले साल दिसंबर के अंतिम सप्ताह में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया था।मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में आगे भी तापमान में गिरावट जारी रहेगी। बुधवार को न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है और शुक्रवार तक इसके पांच डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने का अनुमान है।

इस तरह होती है शीतलहर की घोषणा
आईएमडी के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा कि दिल्ली जैसे छोटे इलाकों में अगर एक दिन के लिए भी तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे या लगातार दो दिन तक सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस कम रहता है तो शीतलहर की घोषणा की जा सकती है।
दिल्ली की वायु गुणवत्ता ''खराब'' श्रेणी में रही। 24 घंटे के दौरान शहर का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 230 रहा।

Delhi News in Hindi (दिल्ली न्यूज़), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।