लाइव टीवी

दिल्ली में सर्दी ने दिखाए तेवर, इस मौसम में अब तक का सबसे कम टेम्प्रेचर

Updated Dec 20, 2020 | 11:47 IST

दिल्ली की सर्दी का अपना ही मिजाज है, इस साल भी ये अपना खासा तीखापन दिखा रही है और पारे गिरता ही जा रहा है जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

Loading ...
शहर में बृहस्पतिवार को “बेहद” ठंडा दिन दर्ज किया गया था जब अधिकतम तापमान गिरकर 15.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया

नयी दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी रहा और न्यूनतम तापमान गिरकर 3.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया जो कि इस मौसम में अब तक का सबसे कम तापमान है।भारत मौसम विज्ञान विभाग के एक अधिकारी ने कहा,“सफदरजंग वेधशाला में रविवार सुबह तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है।”
लोधी रोड में तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

आईएमडी की ओर से बताया गया कि बर्फ से ढके पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र से चलने वाली बर्फीली हवाओं के कारण शहर में ठंड का प्रकोप बरकरार है।शुक्रवार को जाफरपुर मौसम केंद्र में न्यूनतम तापमान 2.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

शहर में बृहस्पतिवार को “बेहद” ठंडा दिन दर्ज किया गया था जब अधिकतम तापमान गिरकर 15.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था जो कि सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस कम था और इस मौसम का सबसे कम तापमान था।शुक्रवार को अधिकतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और शनिवार को यह 21.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम तब “ठंडा दिन”

आईएमडी के अनुसार “ठंडा दिन” तब होता है जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम होता है और अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम 4.4 डिग्री सेल्सियस नीचे होता है।“बेहद ठंडा दिन” तब होता है जब अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम 6.5 डिग्री सेल्सियस नीचे होता है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच से छह दिन तक न्यूनतम तापमान करीब पांच डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
 

Delhi News in Hindi (दिल्ली न्यूज़), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।