लाइव टीवी

'हाफ गर्लफ्रेंड' में लीड रोल निभाने वाले थे सुशांत, अर्जुन कपूर की एंट्री पर अब सोशल मीड‍िया पर उठे सवाल

Updated Jun 24, 2020 | 16:32 IST

Sushant Singh Rajput Replaced by Arjun Kapoor in Half Girlfriend: सोशल मीडिया पर फ‍िल्‍म हाफ गर्लफ्रेंड को लेकर चर्चा हो रही है। इस फ‍िल्‍म में पहले सुशांत स‍िंह राजपूत को साइन क‍िया गया था।

Loading ...
सुशांत सिंह राजपूत
मुख्य बातें
  • सुशांत सिंह राजपूत की मौत से नेपोटिज्म पर बहस शुरू हो गई है
  • सोशल मीडिया पर नेपोटिज्म को लेकर तमाम बातें हो रही हैं
  • सोशल मीडिया यूजर्स स्टारकिड्स को लगातार ट्रोल कर रहे हैं

बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत के निधन के बाद फिल्म इंडस्ट्री में नेपोटिज्म (भाई-भतीजावाद) के मुद्दे पर एक बार फिर से बहस छिड़ गई है। सोशल मीडिया पर नेपोटिज्म को लेकर तरह-तरह के खुलासे हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि नेपोटिज्म के चलते प्रतिभाशाली कलाकारों को अच्छे मौके नहीं मिल पाते। साथ ही कई स्टार को भी निशाना बनाया जा रहा है।

बुधवार को ट्विटर पर हैशटैग अर्जुन कपूर और हैशटैग हाफ गर्लफ्रेंड ट्रेंड हो रहे हैं। यूजर्स इन हैशटैग पर सुशांत से 'हाफ गर्लफ्रेंड' फिल्म छीनकर अर्जुन कपूर को देने की बात लिख रहे हैं। यूजर्स कह रहे हैं कि अर्जुन कपूर को यह फिल्म सिर्फ नेपोटिज्म के कारण मिली थी। यूजर्स अपने दावे को सही बताने के लिए लेखक चेतन भगत के एक पुराने ट्वीट का सहारा ले रहे हैं

'हाफ गर्लफ्रेंड' फिल्म चेतन भगत के नॉवेल पर ही बनी थी। मई, 2017 में रिलीज हुई इस फिल्म को मोहित सूरी ने निर्देशित किया था। फिल्म में अर्जुन कपूर के अलावा श्रद्धा कपूर ने भी अहम भूमिका निभाई थी। अब यूजर्स ने चेतन भगत का एक पुरान ट्वीट खोज निकाला है, जो उन्होंने 7 नवंबर, साल 2015 को किया था।

चेतन ने फिल्म में सुशांत को लीड रोल के लिए सिलेक्ट किए जाने पर खुशी का इजहार किया था। उन्होंने टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर शेयर करते हुए लिखा था कि यह बताते हुए खुशी हो रही है कि सुशांत सिंह राजपूत 'हाफ गर्लफ्रेंड' फिल्म में लीड रोल निभाएंगे। वहीं, मोहित सूरी फिल्म को निर्देशित करेंगे। शूटिंग अगले साल की शुरुआत में स्टार्ट होगी। 


ज्यादातर लोग जहां अर्जुन कपूर को 'हाफ गर्लफ्रेंड' फिल्म मिलने की वजह नेपोटिज्म बता रहे हैं। वहीं, कुछ लोगों का कहना है कि यह बात सच नहीं है। लोग उस वक्त की मीडिया रिपोर्ट्स शेयर कर लिख रहे हैं कि सुशांत सिंह राजपूत को 'हाफ गर्लफ्रेंड' से निकाला नहीं गया था बल्कि उन्होंने शेड्यूल के कारण खुद फिल्म छोड़ी थी। उन्होंने कहा था कि वह यह फिल्म करना चाहते थे लेकिन शेड्यूल और डेट्स के चलते ऐसा हो नहीं पाया।  

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।