लाइव टीवी

Rahul Roy Health Update: आशिकी फेम एक्‍टर राहुल रॉय को अस्‍पताल से मिली छुट्टी, ब्रेन स्ट्रोक के बाद थे भर्ती

Updated Dec 09, 2020 | 14:02 IST

आशिकी फेम एक्‍टर राहुल रॉय बीते द‍िनों ब्रेन स्ट्रोक का शिकार हो गए थे। अब उनकी हालत में सुधार है और अस्पताल से डॉक्टरों ने राहुल को छुट्टी दे दी है। हालांकि घर पर अभी उनका इलाज चलेगा।

Loading ...
Rahul Roy
मुख्य बातें
  • आशिकी फेम एक्‍टर राहुल रॉय बीते द‍िनों ब्रेन स्ट्रोक का शिकार हो गए थे।
  • अब उनकी हालत में सुधार है और अस्पताल से डॉक्टरों ने राहुल को छुट्टी दे दी है।
  • राहुल रॉय पिछले महीने कश्‍मीर में फ‍िल्‍म एलएसी की शूटिंग कर रहे थे!

महेश भट्ट की फ‍िल्‍म आशिकी फेम एक्‍टर राहुल रॉय बीते द‍िनों ब्रेन स्ट्रोक का शिकार हो गए थे। अब उनकी हालत में सुधार है और अस्पताल से डॉक्टरों ने राहुल को छुट्टी दे दी है। हालांकि घर पर अभी उनका इलाज चलेगा। राहुल रॉय पिछले महीने कश्‍मीर में फ‍िल्‍म एलएसी की शूटिंग कर रहे थे और उसी दौरान उन्‍हें ब्रेन स्ट्रोक हुआ था। उनकी हालत एक दम काफी खराब हो गई थी जिसके तुरंत बाद उन्‍हें भर्ती कराया गया था। अब सोमवार को उन्‍हें छुट्टी मिल गई और वह अपनी बहन पिया के साथ घर वापस लौट गए हैं।

जानकारी के अनुसार, फिल्म की शूटिंग के दौरान तापमान -12 डिग्री सेल्सियस तक नीचे चला गया था। इसी शरीर को जमा देने वाली ठंड का शिकार हुए राहुल रॉय और उन्हें हल्का सा ब्रेन स्ट्रोक का झटका लगा। राहुल को तुरंत कारगिल से जम्मू और कश्मीर की राजधानी श्रीनगर लाया गया और वहां से सीधे मुंबई लाकर यहां के नानावटी अस्पताल में इलाज शुरू करवाया गया। फिल्म 'एलएसी' के निर्देशक नितिन कुमार गुप्‍ता ने भी राहुल से मुलाकात की और हालचाल जाना। 

राहुल रॉय कारगिल में जिस फिल्म 'एलएसी' की शूटिंग कर रहे थे, वह फिल्म भारत और चीन के बीच जून के महीने में भारत-चीन सीमा पर हुई हिंसक झड़प पर आधारित है। नितिन कुमार गुप्‍ता ने बताया कि राहुल इसमें लीड रोल में हैं। वह जल्‍द ठीक होंगे और शूटिंग पूरी की जाएगी। नितिन के मुताबिक राहुल इस समय बिल्कुल ठीक हैं। लेकिन, उन्हें कुछ मुश्किल शब्दों को बोलने में थोड़ी परेशानी होती है। उन्‍हें स्‍पीज थेरेपी दी जा रही है। 

बता दें कि साल 1990 में रिलीज हुई फिल्म आशिकी के एक्टर राहुल रॉय रातों-रात स्टार बन गए थे। इस फिल्म के बाद उन्होंने 11 दिन में 47 फिल्में साइन कर ली थी।  हालांकि, कुछ फिल्मों के बाद राहुल रॉय फिल्म इंडस्ट्री से दूर चले गए थे। राहुल रॉय ने दिल्ली के कोलंबस स्कूल से पढ़ाई की है। दैनिक भास्कर अखबार से बातचीत में राहुल रॉय ने बताया था कि वह शाहरुख खान के क्लासमेट थे। राहुल रॉय ने कपिल शर्मा के शो में बताया कि शाहरुख खान की फिल्म डर भी पहले उन्हें ऑफर की गई थी। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।