लाइव टीवी

Kangana Ranaut के खिलाफ शिकायत दर्ज, Aryan Khan ड्रग्स केस में एनसीबी को झटका, जानिए इस हफ्ते की बॉलीवुड की बड़ी खबरें

Updated Nov 21, 2021 | 21:22 IST

Bollywood Weekly Round Up: अक्षय कुमार की फिल्म सूर्यवंशी ने तीसरे हफ्ते की शुरुआत में 173 करोड़ रुपए का कलेक्शन कर लिया है। आर्यन खान केस में एनसीबी को बंबई हाईकोर्ट से झटका मिला है। जानिए बॉलीवुड की इस हफ्ते की बड़ी खबरें...

Loading ...
Kangana Ranaut, Aryan Khan
मुख्य बातें
  • सूर्यवंशी फिल्म 175 करोड़ रुपए के कलेक्शन को पार करने वाली है।
  • आर्यन खान केस में नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो को झटका लगा है।
  • कंगना रनौत के खिलाफ दिल्ली गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी ने शिकायत दर्ज कराई है।

मुंबई. बॉक्स ऑफिस पर तीसरे हफ्ते भी सूर्यवंशी का जलवा कायम है। 150 करोड़ रुपए का कलेक्शन करने के बाद फिल्म 175 करोड़ रुपए के आंकड़े को छूने वाली हैं। वहीं, राजकुमार राव और पत्रलेखा शादी के बंधन में बंध गए हैं। विवादित बयान पर दिल्ली गुरुद्वारा कमेटी ने कंगना रनौत के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। जानिए इस हफ्ते बॉलीवुड की बड़ी खबरें। 

ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श के मुताबिक अक्षय कुमार की फिल्म ने तीसरे हफ्ते के शुक्रवार को 3.26 करोड़ रुपए, शनिवार को 3.77 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया है। फिल्म ने अभी तक भारत में 173.27 करोड़ रुपए का कलेक्शन कर लिया है। आपको बता दें कि देश के कई हिस्से में थिएटर फिलहाल 50 फीसदी क्षमता के साथ ही खुले हैं। फिल्म को महाराष्ट्र और गुजरात में अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। 

पत्रलेखा और राजकुमार राव की शादी 
पत्रलेखा और राजकुमार राव शादी के बंधन में बंध गए हैं। राजकुमार और पत्रलेखा ने सोशल मीडिया पर अपनी शादी की फोटोज शेयर की है। दोनों ने चंडीगढ़ के सुखविलास होटल में सात फेरे लिए। पत्रलेखा ने अपने दुपट्टे में राजकुमार राव के लिए बंगाली भाषा में लिखा है, 'अमर पोरन भौरा भालोबाशा, अमी तोमर शो मोर पोन कोरिलम।' हिंदी में इसका मतलब होता है, 'मैं प्यार से भरे अपने दिल को आपको सौंपती हूं।' 

कंगना रनौत के खिलाफ शिकायत दर्ज 
एक्ट्रेस कंगना रनौत की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के खिलाफ दिल्ली की सिख गुरुद्वारा प्रबंधक समिति ने शिकायत दर्ज कराई है। कंगना ने कृषि कानून के वापस होने के बाद अपने एक इंस्टाग्राम पोस्ट पर किसानों के प्रदर्शन को 'खालिस्तानी आंदोलन' बताया था। कमेटी के मुताबिक, 'सिख समुदाय की भावनाओं को आहत करने के लिए जानबूझकर वह पोस्ट तैयार किया गया है।'

आर्यन खान केस में एनसीबी को झटका 
आर्यन खान ड्रग्स केस में नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो को बड़ा झटका लगा है। आर्यन खान के बेल ऑर्डर में बंबई हाईकोर्ट ने कहा कि आर्यन खान के वॉट्सऐप चैट में ऐसा कुछ भी आपत्तिजनक नहीं मिला है,  जिससे पता चलता हो कि उनके बीच साजिश थी। बॉम्बे हाईकोर्ट ने जमानत आदेश में कहा कि आर्यन खान, अरबाज मर्चेंट और मुनमुन धमेचा की मेडिकल जांच भी नहीं की गई थी।

इन फिल्म की रिलीज डेट की घोषणा 
आमिर खान की फिल्म लाल सिंह चड्ढा की रिलीज डेट में बदलाव किया गया है। लाल सिंह चड्ढा अगले साल बैसाखी के मौके पर 14 अप्रैल 2022 को रिलीज होगी। पहले ये फिल्म वैलेंटाइन्स डे के मौके पर रिलीज होने वाली थी। 

लाल सिंह चड्ढा के अलावा रणबीर कपूर की फिल्म एनिमल 11 अगस्त 2023 के दिन सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसके अलावा वरुण धवन, कियारा आडवाणी, अनिल कपूर और नीतू कपूर की फिल्म जुग-जुग जियो जून 2022 को रिलीज होगी।
 

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।