लाइव टीवी

Mahabharat Facts: विदुर, नकुल से कृपाचार्य तक, अब इस दुनिया में नहीं हैं महाभारत के ये एक्टर

Updated May 25, 2020 | 10:51 IST

Mahabharat Actors: महाभारत के हर एक्टर ने अपनी एक्टिंग से सभी किरदारों में जान फूंक दी थी। यही कारण है कि 32 साल बाद भी इन्हें याद किया जाता है। महाभारत के कई एक्टर अब इस दुनिया में नहीं हैं।

Loading ...
Mahabharat
मुख्य बातें
  • महाभारत शो के कलाकारों को आज तक याद किया जाता है।
  • इस सीरियल के कई एक्टर अब इस दुनिया में नहीं हैं।
  • महाभारत के डायरेक्टर रवि चोपड़ा का भी निधन हो गया है।

मुंबई. लॉकडाउन में बी.आर.चोपड़ा की महाभारत दोबारा प्रसारित होने के बाद से ही इसके सभी एक्टर्स चर्चा में हैं। ये शो सबसे पहले साल 1988 में दूरदर्शन पर टेलिकास्ट हुआ था। 32 साल बाद इस सीरियल के कई एक्टर्स अब हमारे बीच नहीं हैं। 

महाभारत के प्रोड्यूसर बी.आर.चोपड़ा थे। वहीं, उनके बेटे रवि चोपड़ा इस सीरियल के डायरेक्टर थे। अब ये दोनों ही इस दुनिया में नहीं हैं। बी.आर.चोपड़ा का साल 2008 में 93 साल की उम्र में निधन हो गया था। वहीं, साल 2014 में फेफड़ों के इनफेक्शन के कारण रवि चोपड़ा का निधन हो गया था। 

महाभारत में नकुल का किरदार निभाने वाले एक्टर समीर चित्रे भी अब इस दुनिया में नहीं हैं। समीर चित्रे ने महाभारत के बाद आमिर खान की फिल्म दिल है कि मानता नहीं और शाहरुख खान की फिल्म राजू बन गया जेंटलमैन में काम किया था। 

विदुर और कृपाचार्य 
महाभारत में कौरवों और पांडवों के काका और हस्तिनापुर के महामंत्री विदुर का किरदार वीरेंद्र राजदान ने निभाया था। वीरेंद्र ने महाभारत से पहले 1982 में फिल्म गांधी में मौलाना आजाद का रोल निभाया था। इसके अलावा वह जंजीर, वास्ता जैसी फिल्मों में काम किया था। साल 2003 में वीरेंद्र राजदान का निधन हो गया था। 

हस्तिनापुर के कुल गुरु कृपाचार्य का किरदार धर्मेश तिवारी ने निभाया था। महाभारत के अलावा वह टीवी सीरियल विक्रम और बेताल में भी नजर आए थे। धर्मेश तिवारी ने साल 2013 में महाभारत और बरबीक फिल्म भी डायरेक्ट की थी। साल 2014 में धर्मेश तिवारी का निधन हो गया था।   

वेद व्यास और कंस
महाभारत के रचियता वेद व्यास का किरदार राजेश विवेक ने निभाया था। राजेश विवेक बंटी और बबली, स्वदेश, त्रिदेव और लगान जैसी फिल्मों में काम कर चुके हैं। राजेश विवेक का निधन साल 2016 में हुआ था। 

महाभारत में कंस का किरदर गोगा कपूर ने निभाया था। गोगा कपूर 80 और 90 के दशक के सबसे खूंखार विलेन में से एक थे। गोगा कपूर ने कयामत से कयामत तक, दूध का कर्ज, शहंशाह, तूफान जैसी फिल्मों में काम किया। गोगा कपूर का साल 2011 में लंबी बीमारी के कारण निधन हो गया था।  

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।