लाइव टीवी

Faridabad Park Development News: बढ़ेगी शहर के पार्कों की खूबसूरती, नगर निगम ने जारी किया करोड़ों का बजट

Updated May 05, 2022 | 14:13 IST

Faridabad Park Development: फरीदाबाद शहर के पार्क अब हरे-भरे व खूबसूरत दिखेंगे। नगर निगम ने इसकी जिम्‍मेदारी आरडब्ल्यूए को सौंपी है। इन पार्कों को खूबसूरत बनाने के लिए करोड़ों का बजट भी जारी किया है। अब इन पार्कों में नियमित रूप से स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इस संबंध में निगमायुक्त यशपाल यादव ने जरूरी दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspTwitter
अब नगर निगम आरडब्ल्यूए को सौंपेगा पार्को की देखरेख की जिम्मेदारी
मुख्य बातें
  • फरीदाबाद के पार्कों को आरडब्ल्यूए बनाएगा खूबसूरत
  • नगर निगम ने पार्कों की देखरेख के लिए जारी किया 2 करोड़ का बजट
  • नगर निगम के 384 पार्कों की देखरेख करेगा आरडब्ल्यूए

Faridabad Park Development News: नगर निगम क्षेत्र के पार्क भी अब खूबसूरत और ग्रीन बनेंगे। साथ ही इन्‍हें पूरी तरह साफ-सुथरा भी रखा जाएगा। नगर निगम ने इसकी जिम्‍मेदारी आरडब्ल्यूए को सौंपी है। साथ ही इन्‍हें हरा-भरा व खूबसूरत बनाने के लिए करोड़ों का बजट भी जारी किया गया है। अब इन पार्कों में नियमित रूप से स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। साथ ही इनमें जरूरत के हिसाब से नए पेड़-पौधे भी लगाए जाएंगे। इस संबंध में निगमायुक्त यशपाल यादव ने जरूरी दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।

बता दें कि, नगर निगम ने शहर के 384 पार्को की देखरेख की जिम्मेदारी आरडब्ल्यूए को सौंपी है। अब आरडब्ल्यूए इन पार्कों की देखरेख करने के साथ माली का वेतन भी देगा। नगर निगम ने अभी इस योजना के प्रथम चरण में 64 पार्कों की देखरेख के लिए करीब 2 करोड़ रुपये जारी किए हैं। निगम अधिकारियों के अनुसार जरूरत पड़ने पर और बजट जारी किया जाएगा।

शहर में मौजूद हैं कुल 717 पार्क

बता दें कि फरीदाबाद नगर निगम के अंदर कुल 717 पार्क मौजूद हैं। निगम ने इनमें से 384 पार्कों की जिम्‍मेदारी आरडब्ल्यूए को दे दी है। अब इन पार्कों को आरडब्ल्यूए हरा-भरा बनाएंगा। वहीं बाकि बचे पार्क या तो निगम खुद देख रहा है, या फिर निजी एजेंसियों के हवाले कर रखा है। आरडब्ल्यूए के महासचिव एएस गुलाटी ने बताया कि आरडब्ल्यूए की तरफ से देखे जा रहे हर पार्क में एक माली सेवा देता है। इनमें मानसून के सीजन में अब नए पेड़-पौधे भी लगाए जाएंगे। साथ ही प्रतिदिन स्‍वच्‍छता अभियान चलाया जाएगा। जिससे ये सुंदर दिखें। ये पार्क बच्‍चों के खेलने व बुजुर्गों के बैठने की खास जगह होती है। नगर निगम द्वारा बजट मिलने के बाद अब इन्‍हें बेहतर बनाने में काफी राहत मिलेगी।

निगम आरडब्ल्यूए के साथ चलाएगा अभियान

निगमायुक्त यशपाल यादव ने कहा कि पार्कों की देखरेख के काम में जुटी अलग-अलग आरडब्ल्यूए को लगभग दो करोड़ रुपये दिए जा रहे हैं। बागवानी शाखा के अधिकारियों को विभिन्न क्षेत्रों में लगे पेड़-पौधों को पानी देने के काम की निगरानी करने को भी कहा गया है। आरडब्ल्यूए के साथ मिल कर हम स्वच्छता अभियान को गति देंगे। हमारे पास अभी 333 पार्क ऐसे हैं, जिनकी देखरेख के लिए अन्य संस्थाओं को आगे आना चाहिए।