लाइव टीवी

Summer Tips For Body: डायट में इन चीजों को करें शामिल, गर्मी में हेल्दी रहने के साथ मिलेगी शरीर को ठंडक

Updated May 06, 2020 | 21:06 IST

Tips Reduce Body Heat: गर्मी में शरीर का तापमान सही रहे, इसके लिए खाने-पीने पर खास ध्यान देने की जरूरत होती है। वहीं गर्मी में इन चीजों को शामिल कर शरीर के तापमान को नियंत्रित कर सकते हैं।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspRepresentative Image
health tips for summer heat
मुख्य बातें
  • गर्मी में बेहद जरूरी है आपके शरीर का तापमान सामान्य हो।
  • शरीर में पानी की कमी को पूरा करने के लिए इन चीजों को करें शामिल।
  • हेल्दी डायट से आपके शरीर का तापमान भी सामान्य रहेगा।

गर्मी के मौसम में हर किसी को अपना खास ख्याल रखना चाहिए। क्योंकि इस मौसम में एक छोटी सी भी गलती कई तरह की परेशानियों को खड़ा कर सकती है। इसके अलावा इस मौसम में बेहद जरूरी है कि आपके शरीर का तापमान सामान्य हो। इसलिए डॉक्टर अक्सर गर्मी में पेय पदार्थों को अधिक पीने की सलाह देते हैं। कई बार ऐसा होता है जब गर्मी से राहत पाने के लिए लोग कोल्ड ड्रिंक्स, आइसक्रीम जैसी उन तमाम चीजों का सेवन करना शुरू कर देते हैं, जो शरीर के तापमान से ठंडी होती हैं। वहीं इन चीजों का सेवन करने से सर्दी-जुकाम या फिर दस्त जैसी समस्याएं हो सकती है। इसलिए जरूरी है कि फल, हरी सब्जियों के साथ कुछ ऐसे खाद्य पदार्थों को अपनी डायट में शामिल करें जो शरीर में पानी की कमी को पूरा कर सके। यह न सिर्फ आपको मौसमी बीमारियों से दूर रखेगा बल्कि इससे आपके शरीर का तापमान भी सामान्य रहेगा।

अपने शरीर के तापमान को सामान्य रखने के लिए डायट में शामिल करें ये चीजें 

  • अपने दिन की शुरुआत लेमन टी के जरिए करें। बता दें कि कई लोगों को चाय पीने की आदत होती है, लेकिन गर्मी में चाय पीना हानिकारक हो सकता है। ऐसे में डायट में लेमन टी को शामिल कर आप हेल्दी लाइफ एन्जॉय कर सकते हैं।
  • डायट में दही को शामिल करें, यह आपके पेट को ठंडा रखता है। इसे आप नाश्ते में या फिर रात के डिनर में किसी भी तरह से खा सकते हैं। गर्मी में कई लोग रायते के रूप में दही को खूब पसंद करते हैं।
  • गर्मी में खीरा आसानी से मिल जाता है, ऐसे में सलाद के रूप में या फिर किसी भी रूप में खीरा खा सकते हैं। खीरे खाने के कई फायदे हैं, इसमें 95 प्रतिशत पानी होता है, जो शरीर में पानी की कमी नहीं होने देता है। सुबह के वक्त आप नाश्ते में खीरे को शामिल कर सकते हैं यह आपके शरीर के तापमान को नियंत्रित रखता है।
  • गर्मी में छाछ और लस्सी पी सकते हैं। यह न सिर्फ आपके मन को खुश करता है बल्कि शरीर के तापमान को नियंत्रित रखता है। दही से बनने वाला छाछ में हल्का नमक मिलाकर पीने से शरीर में उर्जा बनी रहती है। इसके अलावा आप मीठी लस्सी भी बनाकर पी सकते हैं।
  • स्ट्रेस दूर करने के साथ शरीर के तापमान को सामान्य रखने के लिए नींबू पानी पिएं। इसके अलावा नींबू पानी के कई फायदे हैं, यह जोड़ों के दर्द, अनिद्रा, खांसी जैसी समस्याओं को भी दूर करता है। खास बात है कि नींबू पानी में विटामिन सी की मात्रा बहुत अधिक होती है।
  • नारियल पानी शरीर को पर्याप्त नमी भी देता है। इसके साथ ही ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने में नारियल पानी काफी मदद करता है। बता दें कि नारियल पानी में पोटैशियम, मैग्नीशियम, विटामिन-सी आदि जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो शरीर के तापमान को कंट्रोल करते हैं।
  • तरबूज में लाइकोपिन पाया जाता है जो त्वचा की चमक को बरकरार रखता है। इसे आप अपने डायट में किसी भी तरह शामिल कर सकते हैं, चाहे तो इसे जूस या फिर ऐसे ही काटकर खा सकते हैं। गर्मी में तरबूज खाने से खुद को लू से बचा सकते हैं, साथ ही एसिडिटी जैसी समस्या को खत्म कर सकते हैं।
  • गन्ने का रस पीने से आपको शरीर में एनर्जी का एहसास होगा। गन्ने के रस में आयरन भरपूर मात्रा में पाया जाता है, जिसे पीने के बाद शरीर में ताजगी बनी रहेगी। इसके अलावा खून की कमी की समस्या भी दूर होती है। गर्मी में लू से बचने के लिए रोजाना गन्ने का जूस पिएं।

(डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए है, इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रुप में नहीं लिया जा सकता। कोई भी स्टेप लेने से पहले अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर कर लें।)