लाइव टीवी

गर्मी में कैसी होनी चाहिये आपकी डाइट? जानें कूल रहने के लिये क्‍या खाएं और क्‍या नहीं 

Updated Jun 25, 2019 | 07:37 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

इस मौसम में अधिक से अधिक दही और छाछ का सेवन करना चाहिए। इससे न सिर्फ आपको गर्मी से राहत मिलती है बल्कि आपका शरीर अंदर से ठंडा रहता है और आपकी पाचन क्रिया भी बेहतर होती है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspGetty Images
sprouts

भारत के ज्यादातर हिस्सों में गर्मी अपने चरम पर है। ऐसे में हर व्यक्ति बेहाल है और लोग गर्मी से राहत पाने के लिए तरह तरह के उपाय कर रहे हैं। तेज धूप और लू के असर से बचने के लिए कुछ लोग पूरे दिन घर से बाहर नहीं निकलते हैं तो कुछ लोग कूलर और एयरकंडीशन में अपना दिन बिताते हैं।

लेकिन इन चीजों से शरीर को बाहर से तो राहत मिल जाती है लेकिन अगर आप गर्मी से बचने के लिए सही डाइट लेते हैं तो आपको अंदर से भी ठंडक मिल सकती है और आपकी बेचैनी काफी हद तक दूर हो सकती है। तो आइये जानते हैं कि गर्मी के इस मौसम में आपको क्या खाना चाहिए और क्या नहीं खाना चाहिए।

गर्मी में लें ऐसी डाइट तो नहीं खराब होगी सेहत

गर्मी के दिनों में क्या खाएं

  • इस मौसम में अधिक से अधिक दही और छाछ का सेवन करना चाहिए। इससे न सिर्फ आपको गर्मी से राहत मिलती है बल्कि आपका शरीर अंदर से ठंडा रहता है और आपकी पाचन क्रिया भी बेहतर होती है।
  • तरबूज में पर्याप्त मात्रा में पानी होता है जो शरीर को हाइड्रेट करने का कार्य करता है। इसमें कई प्रकार के विटामिन्स और पोषक तत्व मौजूद होते हैं। गर्मी के दिनों में तरबूज खाने से काफी राहत मिलती है।
  • इस मौसम में तेज धूप के कारण त्वचा जल जाती है। इससे बचने के लिए आपको टमाटर खाना चाहिए। टमाटर में कैरोटेनॉयड होता है जो गर्मी के साथ ही सनबर्न से भी बचाने में मदद करता है।
  • मकई भी शरीर को ठंडक प्रदान करता है। इसमें ल्यूटेन और जैक्सेन जैसे एंटीऑक्सीडेंट होते हैं। मकई का सेवन करने से शरीर को ऊर्जा मिलती है और शरीर भी ठंडा रहता है।

गर्मी के दिनों में क्या न खाएं

  • वैसे तो ड्राई फ्रूट्स स्वास्थ्य के लिए अच्छे होते हैं लेकिन ये शरीर को गर्म रखने का कार्य करते हैं। इसलिए गर्मी में अधिक मात्रा में ड्राई फ्रूट्स नहीं खाना चाहिए।
  • बीयर, वाइन, कोल्ड कॉफी, एनर्जी ड्रिं और डिब्बा बंद फ्रूट जूस जैसे पेय पदार्थों में अधिक मात्रा में शर्करा होती है। गर्मी के दिनों में इनका अधिक सेवन करने से स्वास्थ्य खराब हो सकता है।
  • इस मौसम में कम से कम मात्रा में चाय का सेवन करना चाहिए।
  • अगर आप परांठे के साथ सॉस खाते हैं तो गर्मी के मौसम में सॉस से परहेज करें। इसमें अधिक मात्रा में कैलोरी होती है जिससे आपको सुस्ती आ सकती है।
  • गर्मी के मौसम में गेहूं की रोटी और ब्राउन ब्रेड बहुत कम मात्रा में खाना चाहिए अन्यथा आपको अधिक गर्मी महसूस हो सकती है।
  • इस मौसम में तले भूने खाद्य पदार्थ, चाट पकौड़े, चिप्स, पिज्जा, बर्गर सहित अन्य जंक फूड खाने से बचें। इससे आपको गर्मी तो अधिक लगेगी ही साथ में आप फूड प्वॉयजनिंग के भी शिकार हो सकते हैं।
  • रेड मीट में उच्च मात्रा में प्रोटीन होता है जो शरीर को गर्म रखता है। इसलिए इस मौसम में रेड मीट खाने से परहेज करें।
  • संभव हो तो गर्मी के मौसम में दूध का सेवन कम से कम करें। यह शरीर को गर्म रखता है जिससे आपको बेचैनी महसूस हो सकती है।

इस मौसम में अधिक मसालेयुक्त एवं तैलीय भोजन ना करें अन्यथा आपकी पाचन क्रिया खराब हो सकती है।

डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता।

Health News in Hindi के लिए देखें Times Now Hindi का हेल्‍थ सेक्‍शन। देश और दुन‍िया की सभी खबरों की ताजा अपडेट के ल‍िए जुड़िए हमारे FACEBOOK पेज से।