लाइव टीवी

Deepotsav 2021: खास होने जा रहा इस बार का दीपोत्सव, 12 लाख दीये से आज जगमग होगी अयोध्या, बनेगा कीर्तिमान

Updated Nov 03, 2021 | 07:55 IST

Ayodhya Diwali 2021 : अयोध्या में पहली बार दीपोत्सव का आयोजन साल 2017 में हुआ। इसके बाद हर साल अयोध्या में दीपोत्सव का आयोजन हो रहा है। सरयू तट पर इस बार नौ लाख दीये जलाए जा रहे हैं।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspPTI
सरयू तट पर इस बार जलाए जाएंगे 9 लाख मिट्टी के दीये।
मुख्य बातें
  • इस बार अयोध्या में जलेंगे 12 लाख मिट्टी के दीये, 9 लाख दीये सरयू तट पर जलेंगे
  • अयोध्या में पांच दिनों तक चलेंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम, लेजर शो मुख्य आकर्षण
  • मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार दोपहर बाद पहुंचेंगे अयोध्या, कई कार्यक्रमों होंगे शरीक

लखनऊ : इस बार अयोध्या में भव्य एवं ऐतिहासिक दिवाली की तैयारी की गई है। पांचवें साल का दीपोत्सव बेहद खास होने जा रहा है। दरअसल, इस बार राम नगरी अयोध्या में कुल 12 लाख मिट्टी के दीये जलाने की तैयारी है। इनमें से नौ लाख दीये सरयू नदी के तट राम की पैड़ी पर और तीन लाख दीये अयोध्या के मंदिरों-मठों में जलाए जाएंगे। यह अब तक का सबसे भव्य एवं विशाल दीपोत्सव कार्यक्रम होने जा रहा है। इस अद्भुत का कार्यक्रम की साक्षी  'गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स' की टीम भी बनेगी। बुधवार को अयोध्या में कई सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों के आयोजन भी हो रहे हैं। 

भगवान राम पर केंद्रित होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम

शोभा यात्रा से लेकर, सरयू तट पर आरती, राम लीला, भगवान राम की प्रतीकात्मक अयोध्या वापसी, उनका तिलक, लेजर शो, सीएम योगी आदित्यनाथ का उद्बोधन एवं अन्य कार्यक्रमों से इस बार की दिवाली को अद्भुत रूप दिया जा रहा है। 

अयोध्या में पांच दिनों का कार्यक्रम

अयोध्या में पहली बार दीपोत्सव का आयोजन साल 2017 में हुआ। इसके बाद हर साल अयोध्या में दीपोत्सव का आयोजन हो रहा है। अयोध्या में सांस्कृतिक समारोहों एवं आयोजना की शुरुआत सोमवार से हो चुकी है। दिवाली की पूर्व संध्या पर तीन नवंबर को मुख्य आयोजन है जिसमे प्रदेश के हर गांव से आने वाले पांच मिट्टी के दीये अयोध्या को रोशन करेंगे। लेजर शो के जरिए भगवान राम और माता सीता के जीवन से जुड़े रामायण के अनेक प्रसंगों को लेजर लाइट शो के जरिए दिखाया जाएगा। 

राम की पैड़ी पर लेजर शो

कार्यक्रमों में 500 ड्रोन की मदद से दिखाई जाने वाली रामायण आकर्षण का केंद्र होगी। सरयू नदी के किनारे राम की पैड़ी पर थ्री डी होलोग्राफिक शो, थ्री डी प्रोजेक्‍शन मैपिंग और लेजर शो बेहद खास होगा। अन्य राज्यों से आए कलाकार राम लीला का मंचन करेंगे।

03 नवंबर, 2021 को अयोध्या दीपोत्सव का कार्यक्रम इस प्रकार है

सायं 06:30 बजे राम की पैड़ी पर पर्यटन विभाग द्वारा 3D होलोग्राफिक प्रोजेक्शन मेपिंग, रामायण पर आधारित भव्य लेजर शो का आयोजन
सायं 07:05 बजे माननीय मुख्यमंत्री जी का उद्बोधन
सायं 07:20 बजे माननीय श्री राजपाल द्वारा उद्बोधन
सायं 07:30 बजे माननीय पर्यटन मंत्री जी द्वारा धन्यवाद ज्ञापन
सायं 07:40 बजे नया घाट के मंच से माननीय विशिष्ट अतिथियों द्वारा भव्य आतिशबाजी तथा लेजर शो का अवलोकन

हेलिकॉप्टर से आएंगे प्रतीकात्मक श्रीराम-सीता

सांय 2.50 पर प्रतीकात्मक रूप से श्री राम सीता का हेलिकॉप्टर से रामकथा पार्क स्थित हैलीपैड पर अवतरण एवं भरत मिलाप होगा। इसके बाद गणमान्य विशिष्ट अतिथियों का रामकथा पार्क में आगमन और फिर रामायण चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन होगा। यहां मुख्य अतिथि केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जी किशन रेड्डी को मुख्यमंत्री आदित्यनाथ शॉल तथा स्मृति चिन्ह भेंट करेंगे।  

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।