लाइव टीवी

Google Doodle: 72वें गणतंत्र दिवस पर गूगल ने डूडल बनाकर दी बधाई, भारतीय संस्कृति की शानदार झलक

Updated Jan 26, 2021 | 05:26 IST

Google Doodle on 72nd Republic Day:गूगल ने डूडल बनाकर 72वें गणतंत्र दिवस की लोगों को बधाई दी है। गूगल ने इस डूडल के जरिए भारतीय संस्कृति की झलक दिखाई है।

Loading ...
72वें गणतंत्र दिवस पर गूगल ने बनाया डूडल।
मुख्य बातें
  • गूगल ने डूडल बनाकर दी गणतंत्र दिवस की बधाई
  • गूगल के डूडल में भारतीय संस्कृति की झलक
  • 72वां गणतंत्र दिवस समारोह आज मनाया जाएगा

नई दिल्ली: आज देशभर में अब से कुछ ही देर बाद 72वां गणतंत्र दिवस समारोह मनाया जाएगा। इस मौके पर गूगल ने अपने डूडल के जरिए खास अंदाज में बधाई दी है। गूगल के इस डूडल में भारतीय परंपरा, भारतीय संस्कृति को दर्शाया गया है। गौर हो कि गूगल भारतीय स्वाधीनता दिवस के मौके पर भी डूडल बनाकर खास अंदाज में बधाई देता है। भारतीय संस्कृति से जुड़े कलेवर को रोचक अंदाज में पेश किया गया है। 

आज  देश की राजधानी दिल्ली में गणतंत्र दिवस परेड के दौरान पहली बार राफेल लड़ाकू विमानों की उड़ान के साथ टी-90 टैंकों, समविजय इलेक्ट्रॉनिक युद्धक प्रणाली, सुखोई-30 एमके आई लड़ाकू विमानों समेत अपनी सैन्य शक्ति का प्रदर्शन किया जाएगा। गणतंत्र दिवस परेड में राजपथ पर 17 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की झांकियों, रक्षा मंत्रालय की छह झांकियों अन्य केंद्रीय मंत्रालयों और अर्द्धसैनिक बलों की नौ झांकियों समेत 32 झांकियों में देश की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर, आर्थिक उन्नति और सैन्य ताकत की आन बान शान नजर आएगी।

परेड के दौरान थल सेना अपने मुख्य जंगी टैंक टी-90 भीष्म, इनफैन्ट्री कॉम्बैट वाहन बीएमपी-दो सरथ, ब्रह्मोस मिसाइल की मोबाइल प्रक्षेपण प्रणाली, रॉकेट सिस्टम पिनाका, इलेक्ट्रॉनिक युद्धक प्रणाली समविजय समेत अन्य का दमखम प्रदर्शित करेगी।गणतंत्र दिवस परेड पर इस साल नौसेना अपने पोत आईएनएस विक्रांत और 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान नौसैन्य अभियान की झांकी पेश करेगी।भारतीय वायु सेना हल्के लड़ाकू विमान तेजस और देश में विकसित टैंक रोधी निर्देश मिसाइल ध्रुवास्त्र पर प्रस्तुति पेश करेगी।राफेल समेत वायु सेना के 38 विमान और भारतीय थल सेना के चार विमान मंगलवार को उड़ान में हिस्सा लेंगे।

परंपरा के मुताबिक झंडा फहराने के बाद राष्ट्रगान और 21 तोपों की सलामी दी जाएगी। मंत्रालय ने कहा कि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के सलामी लेने के बाद परेड की शुरुआत होगी।इस बार 17 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में -गुजरात, असम, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, पंजाब, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, उत्तरप्रदेश, कर्नाटक, केरल, आंध्रप्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, दिल्ली और लद्दाख की झांकी पेश की जाएगी।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।