लाइव टीवी

नवजोत सिंह सिद्धू ने अपनी ही सरकार को दी नसीहत- पंजाब देश का सबसे अधिक कर्जदार राज्य, उधार लेना सही नहीं

Updated Nov 15, 2021 | 18:31 IST

कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू ने अपनी ही कांग्रेस सरकार को नसीहत देते हुए कहा कि पंजाब सर्वाधिक कर्जदार राज्य है उधार लेना सही रास्ता नहीं है।

Loading ...
कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू
मुख्य बातें
  • सिद्धू ने कहा कि टैक्स से अर्जित धन का इस्तेमाल कर्ज चुकाने में नहीं किया जाना चाहिए।
  • पंजाब के खर्च का आधा हिस्सा महंगे कर्ज से भरा है।
  • राज्य के सकल घरेलू उत्पाद का 50 प्रतिशत कर्ज है।

चंडीगढ़ : कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू ने सोमवार को पंजाब को देश का सबसे अधिक कर्जदार राज्य बताया और कहा कि टैक्स से अर्जित धन का इस्तेमाल कर्ज चुकाने में नहीं किया जाना चाहिए, बल्कि यह विकास के रूप में लोगों के पास वापस जाना चाहिए। कांग्रेस के पंजाब प्रमुख ने कहा कि उधार लेना सही रास्ता नहीं है और राज्य के खर्च का आधा हिस्सा महंगे कर्ज से भरा है।

सिद्धू ने सिलसिलेवार ट्वीट में कहा कि उधार लेना सही रास्ता नहीं है। टैक्स का पैसा कर्ज चुकाने के लिए नहीं, बल्कि विकास के रूप में लोगों के पास जाना चाहिए। समाधान-उन्मुख मॉडल राज्य के संसाधनों की चोरी को रोकना, सरकारी खजाने को भरना और आय सृजन के माध्यम से कल्याणकारी राज्य बनाना है।

पूर्व क्रिकेटर ने कहा कि आज पंजाब भारत का सबसे अधिक कर्जदार राज्य है। राज्य के सकल घरेलू उत्पाद का 50 फीसदी कर्ज है। हमारे खर्च का आधा हिस्सा महंगे कर्ज से भरा है। उन्होंने एक ट्वीट में कहा कि आइए, उन वास्तविक मुद्दों से न हटें, जिनका हर पंजाबी और पार्टी कार्यकर्ता समाधान चाहता है। सिद्धू ने कहा कि वित्तीय जवाबदेही और पारदर्शिता पंजाब मॉडल के स्तंभ हैं।

उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा कि जवाबदेही हर योजना की घोषणा के दौरान कोष के स्रोतों के खुलासे की मांग करती है, कि यह आय से आ रहा है या फिर और कर्ज लेकर। पारदर्शिता के लिए जरूरी है कि राज्य की वित्तीय स्थिति की जानकारी हर महीने सार्वजनिक की जाए।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।