लाइव टीवी

भगोड़े स्वामी नित्यानंद ने बसाया अपना अलग देश 'कैलासा', हिंदू राष्ट्र किया घोषित

Updated Dec 04, 2019 | 13:22 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

Swami Nithyananda's ‘Kailaasa’ : साइबर विशेषज्ञों के मुताबिक इस वेबसाइट को 21 अक्टूबर 2018 को बनाया गया और इसे अंतिम बार 10 अक्टूबर 2019 को अपडेट किया गया। वेबसाइट का पंजीकरण पनामा में हुआ है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspTwitter
Swami Nithyananda : रेप केस में फरार चल रहे हैं नित्यानंद।
मुख्य बातें
  • नित्यानंद ने हिंदुओं के लिए अलग देश 'कैलासा' की घोषणा की
  • रेप केस में फरार चल रहे हैं स्वयंभू भगवान स्वामी नित्यानंद
  • अलग देश के लिए ध्वज और प्रतीक भी बनाया, मुफ्त रहने-खाने की व्यवस्था

नई दिल्ली : रेप केस में फरार चल रहे स्वामी नित्यानंद के बारे में एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। स्वयंभू भगवान ने अपने लिए कथित रूप से एक अलग देश 'कैलासा' की घोषणा की है। नित्यानंद ने इस देश के बारे में अपनी वेबसाइट पर जानकारी दी है। 'कैलासा' के बारे में कहा गया है कि यह पृथ्वी पर सबसे बड़ा हिंदू राष्ट्र होगा। नित्यानंद ने 'कैलासा' के लिए अपना झंडा एवं प्रतीक चिन्ह भी बनाया है। वेबसाइट पर दावा किया गया है कि 'कैलासा एक ऐसा देश है जिसकी कोई सीमा नहीं है और इसका निर्माण ऐसे हिंदुओं ने किया है जिन्होंने अपने देशों में हिंदुत्व का सही अर्थों में पालन करने का अधिकार खो दिया है।' 

नित्यानंद के इस नए देश में हिंदुओं को मुफ्त में स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा और भोजन देने की बात कही गई है। यहां मंदिर एवं पूजापाठ अधारित जीवनशेली को पुनर्जीवित करने का दावा किया गया है। वेबसाइट पर देश 'कैलासा' की आबादी करीब 100 मिलयन (10 करोड़) बताई गई है। इस देश की भाषा अंग्रेजी, संस्कृत और तमिल है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक नित्यानंद ने इक्वाडोर के पास द्वीप खरीदकर 'कैलासा' देश बनाया है। 

साइबर विशेषज्ञों के मुताबिक इस वेबसाइट को 21 अक्टूबर 2018 को बनाया गया और इसे अंतिम बार 10 अक्टूबर 2019 को अपडेट किया गया। वेबसाइट का पंजीकरण पनामा में हुआ है और इसका आईपी अमेरिका के डलास में है। नित्यानंद का 'कैलासा' कहां  स्थित है, इस बारे में अभी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। 

स्वामी नित्यानंद के देश भर में कई आश्रम हैं।  वह नित्यानंद ध्यानपीठम के महंत हैं। इस पीठ की स्थापना उन्होंने की है। वेबसाइट पर दावा किया गया है कि उन्हें 12 साल की उम्र में 'ज्ञान' की प्राप्ति हुई। वेबसाइट की वीडियो में दावा किया गया है कि वह हिंदुत्व के आध्यात्मिक गुरु हैं और देश में उनके 47 केंद्र चलते हैं। नित्यानंद पर गुजरात में बच्चों को अगवा करने का आरोप है। इसके अलावा जून 2018 से वह रेप, अप्राकृतिक सेक्स और धोखाधड़ी केस का सामना कर रहे हैं।

कुछ दिनों पहले नित्यानंद के कुछ अनुयायी सामने आए और उन पर गंभीर आरोप लगाए। नित्यानंद की एक शिष्या ने बताया कि स्वयंभू गुरु ने उसका ब्रेनवॉश किया था और आश्रम में बच्चों के साथ अमानवीय व्यवहार किया जाता था। शिष्या ने आरोप लगाया कि बच्चों को न तो ठीक से सोने दिया जाता था और न ही उन्हें शौचालय में जाने की इजाजत थी। कुछ दिनों पहले अहमदाबाद पुलिस ने स्वघोषित भगवान के दो साथियों को गिरफ्तार किया। इन पर आश्रम में बच्चों को अवैध तरीके से बंधक बनाकर रखने का आरोप है।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।