लाइव टीवी

पंचायत चुनाव से पहले BJP ने घोषित किए जिला प्रभारी, वेस्ट यूपी की किलेबंदी खास

Updated Jan 31, 2021 | 15:42 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

Uttar Pradesh Panchayat Elections: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने उत्तर प्रदेश में होने वाले पंचायत चुनावों से पहले जिला प्रभारियों की लिस्ट जारी की है। यहां देखें पूरी लिस्ट

Loading ...
उत्तर प्रदेश भाजपा ने की जिला प्रभारियों की सूची जारी
मुख्य बातें
  • पंचायत चुनाव से पहले जिला प्रभारियों की लिस्ट जारी कर दी है।
  • प्रभारियों की ल‍िस्‍ट में पार्टी ने पश्चिमी यूपी पर ज्यादा ध्यान दिया है।

भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने उत्तर प्रदेश में होने वाले पंचायत चुनाव से पहले जिला प्रभारियों की लिस्ट जारी कर दी है। इसके तहत उत्‍तर प्रदेश भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को किसी एक जिले की जिम्‍मेदारी दी गई है। वेस्‍ट यूपी को खास तरजीह देते हुए लोकप्रियता और जनाधार को देखते हुए पंकज स‍िंह, सुरेंद्र नागर, डॉ. चंद्रमोहन जैसे चेहरों को जिम्‍मेदारी दी गई है।
 
भाजपा ने यूपी को छह क्षेत्रों में बांटा है। इनमें काशी क्षेत्र, कानपुर क्षेत्र, अवध क्षेत्र, बृज क्षेत्र, पश्चिम क्षेत्र और बरेली क्षेत्र शामिल हैं। इनमें पश्चिमी क्षेत्र काफी अहम माना जाता है। किसान आंदोलन के चलते इस क्षेत्र में भाजपा का खास फोकस भी हैं क्‍योंकि किसान आंदोलन का असर इस क्षेत्र में शेष यूपी से अधिक है। इसी को देखते हुए पार्टी ने कुशल संगठकों को जिला प्रभारी बनाया है। 

सूची को देखकर कहा जा सकता है कि पार्टी ने पश्चिमी यूपी पर ज्यादा ध्यान दिया है। पश्चिम क्षेत्र के लिए के लिए 19 नामों की घोषणा की गई है। इसमें नोएडा के विधायक पंकज सिंह का भी नाम है। इसके अलावा प्रदेश मंत्री चंद्रमोहन सिंह को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं ब्रज क्षेत्र के लिए भी 19 नामों की घोषणा की गई है। इसके अलावा कानपुर क्षेत्र के लिए 17, अवध के लिए 15, काशी के लिए 16 और गोरखपुर क्षेत्र के लिए 12 प्रभारियों की घोषणा की गई है।

पंकज सिंह और डॉ. चंद्रमोहन को अहम पद 
प्रदेश उपाध्‍यक्ष पंकज सिंह को मेरठ महानगर और मेरठ जिले का प्रभारी बनाया गया है। नोएडा के विधायक के रूप में पंकज सिंह खासा लोकप्रिय हैं। कोरोना काल में असहायों की मदद कर उन्‍होंने अपनी अलग छवि प्रस्‍तुत की है। जबकि प्रदेश मंत्री डॉ. चंद्रमोहन को मुजफ्फरनगर की जिम्मेदारी दी गई है। इससे पहले वह रामपुर के प्रभारी थे और  उन्‍होंने रामपुर और अमरोहा जिले में पार्टी को मजबूत करने का काम किया है। पार्टी उनकी लोकप्रियता को भुनाना चाहती है। प्रवक्‍ता के रूप में टीवी पर पार्टी का मजबूती से पक्ष रखने के ल‍िए पहचाने जाने वाले डॉ. चंद्रमोहन कैडर के कार्यकर्ताओं के खासा लोकप्रिय हैं।

राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर मुरादाबाद प्रभारी
गौतमबुद्धनगर से लोकसभा सांसद रह चुके सुरेंद्र नागर वर्तमान में बीजेपी के राज्‍यसभा सांसद हैं। पार्टी ने उन्‍हें उपाध्‍यक्ष बनाया था। सुरेंद्र नागर गुर्जर बाहुल्‍य गौतमबुद्धनगर और बुलंदशहर जनपद में अच्‍छा दबदबा रखते हैं। उन्‍हें मुरादाबाद का प्रभारी बनाया है। इसी तरह राज्‍यसभा सांसद विजय पाल सिंह तोमर को बिजनौर, राज्‍यसभा सांसद कांता कर्दम को सहारनपुर महानगर का प्रभारी नियुक्‍त किया है। 

यहां देखें पूरी लिस्ट

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।