लाइव टीवी

Khushbu Sundar: कौन है खूशबू सुंदर, कांग्रेस छोड़ बीजेपी की ज्वायन, फैन्स ने जिनके नाम पर बना दिया था 'मंदिर'

Updated Oct 12, 2020 | 15:10 IST

Khushbu Sundar Updated News: कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देकर बीजेपी में शामिल हुई खुशबू सुंदर  तमिल सिनेमा का नामचीन चेहरा रही हैं, उनके नाम पर मंदिर भी बन चुका है।

Loading ...
खुशबू सुंदर ने कांग्रेस पार्टी लाइन से अलग जाकर मोदी सरकार की नई शिक्षा नीति का स्वागत किया था

अभिनेत्री खुशबू सुंदर (Khushbu Sundar) ने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है, कांग्रेस पार्टी का चर्चित चेहरा रहीं खुशबू सुंदर सोमवार को भाजपा में शामिल हो गईं, इसके बाद उन्होंने दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा से मुलाकात की। कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने के बाद पार्टी ने उन्हें तत्काल प्रभाव से राष्ट्रीय प्रवक्ता के पद से हटा दिया था। 

खुशबू सुंदर का राजनीति में पदार्पण की बात करें तो साल 2010 में खुशबू सुंदर की राजनीति में एंट्री हुई उस वक्त उन्होंने डीएमके का दामन थामा था, तब  उन्होंने कहा था, 'मुझे लगता है कि मैंने सही निर्णय लिया है,मैं महिलाओं की भलाई के लिए काम करना चाहती हूं।' वो 2010 से लेकर जून 2014 तक डीएमके में रही थीं फिर वो कांग्रेस में आ गईं थी एक बार फिर उन्होंने पार्टी बदली है और कांग्रेस को बॉय बोल दिया है। 

खुशबू सुंदर ने कांग्रेस पार्टी लाइन से अलग जाकर  मोदी सरकार की नई शिक्षा नीति का स्वागत किया था और  2019 के लोकसभा चुनाव में टिकट नहीं मिलने के बाद से खुशबू कांग्रेस नेतृत्व से नाराज चल रही थीं। 

उनके बारे में और अहम जानकारियों पर एक नजर-

खुशबू सुंदर एक भारतीय फिल्म अभिनेत्री निर्माता हैं जिन्होंने 200 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया है। वह मुख्य रूप से दक्षिण भारतीय फिल्म उद्योग में अपने काम के लिए जानी जाती हैं। उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के लिए पांच तमिलनाडु स्टेट फिल्म अवॉर्ड और एक केरल स्टेट फिल्म अवॉर्ड-स्पेशल मेन्शन मिला है।

आईं थीं उस वक्त सुर्खियों में 

2019 के लोकसभा चुनाव के वक्त उनका एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वे एक शख्स को थप्पड़ मारती दिखाई दे रही थीं। इस पर सुंदर ने कहा था कि जब वह बंगलूरू सेंट्रल में कांग्रेस प्रत्याशी के लिए वोट मांग रही थीं, तभी भीड़ में खड़े एक शख्स ने उन्हें पीछे से पकड़ने की कोशिश की।

फैन्स ने उनका मंदिर बनवाया था

खुशबू भारतीय फिल्म इंडस्ट्री की पहली ऐसी एक्ट्रेस हैं जिनके फैन्स ने उनका मंदिर बनवाया था, यह मंदिर तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में बना था और ये बात 1990 के दशक की है। उस वक्त खुशबू के फैन्स ने अपनी उनका मंदिर बनवाकर सबको हैरान कर दिया था। वहीं खुशबू इडली उस वक्त बहुत चर्चित रही थी, खुशबू कॉफी, खुशबू झुमकी, खुशबू साड़ी भी लोगों के सिर चढ़कर बोल रहे थे।

29 सितंबर 1970 को मुंबई में हुआ था जन्म 

खुशबू का जन्म 29 सितंबर 1970 को मुंबई, महाराष्ट्र, भारत में एक मुस्लिम परिवार में हुआ था।उनका असली नाम नखत खान है, उन्होंने 2000 में फिल्म अभिनेता, निर्देशक और निर्माता सुंदर सी से शादी की। उनकी दो बेटियां हैं, अवंतिका और आनंदिता,जिसके बाद उन्होंने अपने प्रोडक्शन हाउस का नाम अवनी सिनेमैक्स रखा। वह 34 से अधिक वर्षों से चेन्नई में रह रही है। 

खुशबू ने बॉलीवुड में भी खासा रंग जमाया है

खुशबू ने सुपर हिट मेरी जंग (1985) में अनिल कपूर की बहन की महत्वपूर्ण सहायक भूमिका निभाई और जावेद जाफ़री के साथ सुपर-डुपर हिट गाना "बोल बेबी बो, रॉक रोल" में स्क्रीन पर अपनी पहली नृत्यांगना भूमिका में नृत्य किया। खुशबू ने जानू (1985) में जैकी श्रॉफ के साथ उनकी पहली मुख्य भूमिका निभाई। गोविंदा के साथ उन्होंने तन बदन (1986) में अभिनय किया, जो गोविंदा के लिए पहली प्रमुख भूमिका थी। खुशबू ने दीवाना मुझ सा नहीं (1990) में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसमें आमिर खान और माधुरी दीक्षित प्रमुख भूमिका में थे। उनका सोलो डांस नम्बर "सारे लड़कों की कर दो शादी" एक बड़ा हिट बना था और आज भी उत्तरी भारत में महिला संगीत और विवाह समारोहों में लोकप्रिय है। उसके बाद वह ज्यादातर दक्षिण भारतीय फिल्म उद्योगों में काम कर रही थीं।

दक्षिण भारतीय फिल्मों का नामचीन चेहरा

खुशबू को तेलुगू फिल्म कलियुगा पांडवुलु (1986) के माध्यम से वेंकटेश के साथ दक्षिण भारतीय स्क्रीन पर पेश किया गया। इसके बाद उन्होंने चेन्नई को अपना घर बनाया और तमिल और अन्य दक्षिण भारतीय फिल्म उद्योगों पर ध्यान केन्द्रित करना शुरू कर दिया। दक्षिण में जाने के बाद उन्होंने 150 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया है।


 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।