लाइव टीवी
  • Hindi News
  • India News
  • Bihar Political Crisis 2022 Live Hindi News Updates Nitish Kumar Bihar Politics News Nitish Kumar may switch side again RJD Congress JDU BJP meeting today
Live Blog

Bihar Political Crisis News Updates: 22 साल में 8वीं बार बिहार CM बने नीतीश कुमार, बोले- जो 2014 में आए, क्या वो 2024 तक रह पाएंगे?

Updated Aug 10, 2022 | 08:59 PM IST

Bihar Political Crisis 2022 Hindi News, Nitish Kumar Bihar Politics News : राजधानी पटना के राज भवन में राज्यपाल फागू चौहान ने इस दौरान राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता तेजस्वी यादव को बिहार के उप-मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। वह दूसरी बार सूबे के डिप्टी बने।

Loading ...
तस्वीर साभार:  Twitter
बिहार राजनीतिक संकट अपडेट्सः शपथ लेते हुए नीतीश-तेजस्वी। (फोटोः ANI)

Bihar Political Crisis 2022 Hindi News : एनडीए से निकलने के एक रोज़ बाद बुधवार (10 अगस्त, 2022) को जेडी(यू) के नीतीश कुमार फिर से बिहार के मुख्यमंत्री बन गए। राजधानी पटना स्थित राजभवन में उन्होंने पद और गोपनीयता की शपथ ली। वह पहली बार साल 2000 में मुख्यमंत्री बने थे। विधायकों की संख्या बहुमत से कम होने के बावजूद उन्होंने तीन मार्च, 2000 को पहली बार मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी और सात दिनों तक मुख्यमंत्री बने रहे। चूंकि, न तो राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और न ही राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) विधानसभा में आधे रास्ते को पार कर सका, इसलिए नीतीश ने 10 मार्च, 2000 को विधानसभा में विश्वास मत होने से पहले ही इस्तीफा दे दिया था। 2005 में नीतीश कुमार ने दूसरी बार बिहार के सीएम के रूप में शपथ ली, जब उनकी पार्टी ने 88 सीटें जीतीं और उसकी सहयोगी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 55 सीटें जीतीं। झारखंड के गठन के कारण 243 सदस्यीय सदन में सरकार 122 के बहुमत के निशान के माध्यम से रवाना हुई। उन्होंने अपना पांच साल का कार्यकाल सफलतापूर्वक पूरा किया।

2010 में उन्होंने फिर से सीएम के रूप में शपथ ली, लेकिन 2013 में उन्होंने भाजपा को छोड़ दिया और चुनाव हारने के बाद उन्होंने इस्तीफा दे दिया और जीतन राम मांझी को सीएम नियुक्त किया। हालांकि, उन्होंने 2015 में सीएम के रूप में वापसी की और कहा कि इस्तीफा देना एक गलती थी। 2015 में उन्होंने राजद के साथ गठबंधन किया और चुनावों में जीत हासिल की, लेकिन 2017 में उन्होंने राजद को छोड़कर भाजपा के साथ मिलकर सरकार बनाई। भाजपा के साथ गठबंधन 2020 में विधानसभा चुनाव तक जारी रहा और उन्होंने सातवीं बार सीएम के रूप में शपथ ली। आज उन्होंने आठवीं बार इस पद की शपथ ली।

Aug 10, 2022  |  02:37 PM (IST)
जो 2014 में आए, क्या वो 2024 तक रह पाएंगे?- नीतीश का निशाना
नीतीश कुमार ने बिना नाम लिए बीजेपी और पीएम नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है।
Aug 10, 2022  |  02:03 PM (IST)
तेजस्वी पहुंचे राज भवन
राजभवन पहुंचने पर अभिवादन स्वीकारते हुए तेजस्वी यादव।
राजद नेता तेजस्वी यादव बिहार की नई सरकार में डिप्टी सीएम बनाए जा सकते हैं।
Aug 10, 2022  |  02:03 PM (IST)
पांच बार बनाया CM, 17 साल रखा संबंध, फिर भी एक झटके में तोड़ गए नीतीश संबंध- सुशील मोदी

भाजपा के राज्यसभा सांसद और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने पटना में बुधवार को शपथ ग्रहण से ऐन पहले कहा- भाजपा ने आज तक किसी को धोखा नहीं दिया है। हमने नीतीश को एक बार नहीं पांच बार बिहार का मुख्यमंत्री बनाया। 17 साल का हमारा संबंध था, लेकिन आपने दोनों बार एक झटके में तोड़ दिया। कहा जा रहा है कि JDU को तोड़ने की कोशिश की जा रही है। शिवसेना का उदाहरण दिया जा रहा है। शिवसेना हमारा सहयोगी दल थोड़ी था, वो वहां सत्ताधारी दल था। हमने सहयोगी दल रहते हुए किसी पार्टी को नहीं तोड़ा। आपको हम तोड़ भी देते तो सरकार कैसे बनती। राजद नेता तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री आवास पहुंचे हैं। वह दोपहर दो बजे होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में डिप्टी सीएम पद की शपथ ले सकते हैं। इस बीच, चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने बिहार में मंगलवार को जो हुआ, उस पर रहा है कि इस सियासी घटनाक्रम को राष्ट्रीय राजनीति से जोड़ना गलत है। राज्यों की घटनाएं, सूबों तक ही सीमित हैं। सरकार बदलने की वजह से राष्ट्रीय प्रभाव नहीं पड़ेगा।

Aug 10, 2022  |  01:52 PM (IST)
तेजस्वी ही होंगे बिहार के डिप्टी सीएम?

सूत्रों के मुताबिक, जद (यू) के नेतृत्व वाली नई सरकार का आकार पिछली सरकार जैसा ही रहने की संभावना है। तेजस्वी यादव को फिर से उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है, और उन्हें सड़क निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विभाग मिल सकते हैं। राजद भी गृह मंत्रालय पाना चाह रहा है और उम्मीद है कि विधानसभा अध्यक्ष का पद उसी को मिल सकता है। इस बीच, संभावना है कि पार्टी के नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी को वित्त विभाग मिलेगा और सुनील कुमार सिंह सहकारिता मंत्री हो सकते हैं।

Aug 10, 2022  |  01:48 PM (IST)
महाराष्ट्र के उद्धव बनने से डरे नीतीश ने बदला पाला!

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक बार फिर 'पलटीमार' कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को छोड़कर महागठनबंधन के साथ सियासी सफर में आगे बढ़ गए। जदयू जिस तरह पार्टी तोड़ने का आरोप भाजपा पर मढ़ रही है, उससे यह साफ है कि नीतीश कुमार को महाराष्ट्र की कहानी बिहार में दुहराने का डर सताने लगा था। वैसे, नीतीश के लिए अपनी सुविधा से पाला बदलना कोई नई बात नहीं है। इसके पहले भी वे भाजपा का साथ छोड़ते रहे हैं, लेकिन तब से अब की परिस्थितियां बदली हुई हैं। वैसे, कहा जा रहा है आर.सी.पी. सिंह के केंद्रीय मंत्री बनने के बाद से ही जदयू की नाराजगी बाहर आने लगी थी। ऐसे में महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे के सत्ता गंवाने के बाद सचेत जदयू कोई चांस भाजपा को नही देना चाह रही थी। भाजपा के बिहार प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल बार बार कहते रहे हैं कि जदयू से करीब दोगुनी सीट होने के बाद भी भाजपा ने अपने किए वादे के मुताबिक नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनाया। जदयू के एक नेता कहते हैं कि भाजपा ने महाराष्ट्र में पहले क्या किया सबने देखा और बिहार में इसकी तैयारी थी। भाजपा ने शिवसेना के एकनाथ शिंदे को सीएम तो बनाया लेकिन शिवसेना को तोड़ दिया। भाजपा नीतीश को सीएम बनाकर जदयू को तोड़ रही थी। कहा जा रहा है कि नीतीश कुमार को यह बात समझ आ गई कि बिहार में महाराष्ट्र दोहराया जा रहा है।

Aug 10, 2022  |  01:32 PM (IST)
"RCP को बिन पूछे मंत्री बनाना सफेद झूठ"

भाजपा के राज्यसभा सांसद और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने पटना में कहा कि सफेद झूठ कि आर.सी.पी. सिंह को बिना पूछे केंद्र में मंत्री बना दिया गया। अगर बिना पूछे मंत्री बना दिया गया तो 1.5 साल तक वे मंत्री कैसे बने रहे, आप(नीतीश) इतने ताकतवर थे कि एक दिन में उनको हटवा सकते थे। 

Aug 10, 2022  |  01:30 PM (IST)
अब तक सात बार सीएम की गद्दी संभाल चुके हैं 'सुशासन कुमार'

2010 में राजग ने पांच साल बाद विधानसभा चुनाव में उनके नेतृत्व में शानदार जीत हासिल की और कुमार तीसरी बार मुख्यमंत्री बने। हालांकि, कुमार ने 2014 में लोकसभा चुनाव में जदयू की हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए मुख्यमंत्री पद छोड़ दिया था, लेकिन एक साल से भी कम समय में उन्होंने वापसी की और उन्होंने चौथी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। 2015 में कुमार राजद और कांग्रेस के साथ महागठबंधन बनाकर विधानसभा चुनाव में आरामदायक बहुमत हासिल कर मुख्यमंत्री बने थे। उन्होंने जुलाई 2017 में राजद के साथ असंगत मतभेदों का हवाला देते हुए इस्तीफा दे दिया था। हालांकि, 24 घंटे से भी कम समय में फिर से मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण कर उन्होंने भाजपा के साथ एक नई सरकार बनाई। कुमार ने 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव के बाद नवंबर में सातवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।

Aug 10, 2022  |  01:29 PM (IST)
पहली बार सीएम कब बने थे नीतीश कुमार?

जदयू और राजद के अलावा नए मंत्रिमंडल में कांग्रेस के नेताओं के भी शामिल होने की उम्मीद है। वामपंथी दलों भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) ने बाहर से नई सरकार का समर्थन करने का इरादा व्यक्त किया है। कुमार के मंगलवार को इस्तीफा देने और महागठबंधन के समर्थन से नई सरकार बनाने का दावा पेश करने के साथ ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सत्ता से बेदखल हो गई। कुमार ने पहली बार 2000 में मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी, जब उन्होंने केवल एक सप्ताह तक चलने वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार का नेतृत्व किया था। राजग गठबंधन के 2005 में विधानसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत हासिल करने के बाद उन्होंने एक बार फिर मुख्यमंत्री पद संभाला।
 

Aug 10, 2022  |  01:19 PM (IST)
कम से कम अब राज्य में राजनीतिक स्थिरता लौटे- PK


चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने पटना में कहा- बिहार में जो कल हुआ या जो हो रहा है। मैं उसे 2012-13 से बिहार में जो राजनीतिक अस्थिरता को दौर शुरू हुआ है उस परिपेक्ष्य में देखता है। 10 साल में ये छठी बार सरकार बनाई जा रही है। मेरी आशा है कि कम से कम अब राज्य में राजनीतिक स्थिरता लौटे।

Aug 10, 2022  |  01:18 PM (IST)
2024 में भाजपा जीतेगी- ब्रजेश पाठक

बिहार राजनीतिक संकट पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने लखनऊ में बुधवार को पत्रकारों से कहा- भाजपा ने बिहार के लोगों को सुचिता पूर्ण शासन दिया है, क़ानून का राज स्थापित किया है। भाजपा आज भी बिहार के लोगों के भावनाओं के अनुरूप काम करती रहेगी। 2024 में भाजपा जीतेगी। 

Aug 10, 2022  |  11:34 AM (IST)
भारतीय राजनीति में बदलाव का संकेत- विपक्ष

विपक्षी दलों ने बिहार के राजनीतिक घटनाक्रम को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा और कहा कि यह भाजपा की ‘धमकी की राजनीति’ की परिणति है और भारतीय राजनीति में बदलाव का संकेत है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा, ‘‘मार्च 2020 में, मध्य प्रदेश में कमलनाथ सरकार को गिराने के लिए मोदी सरकार ने कोविड-19 लॉकडाउन को आगे बढ़ा दिया था। अब संसद सत्र निर्धारित समय से छोटा करना पड़ा, क्योंकि बिहार में उनकी गठबंधन सरकार जा रही है। उत्थान के बाद पतन तय होता है।’’ कांग्रेस सांसद विवेक तन्खा ने ट्वीट किया, ‘‘भाजपा का ओवर कॉन्फ़िडेन्स ही भाजपा का अभिशाप। अपने साथी दलों के प्रति उदासीनता भाजपा के पतन का कारण बनेगी। नीतीश कुमार के साथ बिहार निकल जाना राजनीतिक रूप से विपक्ष की एकता के लिए सौग़ात और भाजपा के लिए आत्मघाती सिद्ध होगा।’’ भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव डी राजा ने कहा, ‘‘भाजपा के अधिनायकवाद ने सहयोग के लिए गुंजाइश नहीं छोड़ी है। अकाली दल, शिवसेना के बाद जद(यू) इसकी ताजा मिसाल है। भाजपा और अन्नाद्रमुक के रिश्तों भी दरार है।’’

Aug 10, 2022  |  11:34 AM (IST)
RJD, INC कोटे से कितने होंगे मंत्री?

बिहार में आज नीतीश कुमार का शपथ ग्रहण (सीएम) समारोह है। उनके साथ सिर्फ तेज प्रताप पद और गोपनीयता की शपथ (डिप्टी सीएम) लेंगे। सूत्रों ने टाइम्स नाउ नवभारत को बताया कि राजद से 16 तो कांग्रेस से तीन को मंत्री बनाया जा सकता है, जबकि जद(यू) के खराब परफॉर्मेंस वाले मंत्रियों का टिकट काटा जा सकता है।

Aug 10, 2022  |  11:02 AM (IST)
भाई की शपथ से पहले तेज ने दिखाया जीत का 'V'
Photo Credit: एजेंसी
बिहार की राजधानी पटना में अपने आवास पर बुधवार सुबह विक्ट्री साइन दिखाते हुए तेज प्रताप यादव।
अपने आवास पर तेज प्रताप यादव।
Aug 10, 2022  |  10:44 AM (IST)
कौन-कौन बन सकता है मंत्री?

तेज प्रताप यादव
ललित यादव
श्याम रजक
सुनील सिंह

Aug 10, 2022  |  10:11 AM (IST)
नीतीश ‘‘आदतन धोखेबाज'' हैं, हमलोग संघर्ष करेंगे : भाजपा

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने पुराने सहयोगी बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर ‘‘आदतन धोखेबाज’’ होने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को कहा कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के साथ उनका नया गठबंधन बिहार को एक बार फिर अराजकता और भ्रष्टाचार की खाई में धकेल देगा। भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में पार्टी की कोर कमेटी की बैठक के बाद जारी एक बयान में पार्टी ने घोषणा की कि वह बुधवार को सभी जिलों में जनता दल (यूनाइटेड) (जद-यू) नेता द्वारा किए गए ‘‘विश्वासघात’’ के खिलाफ महाधरना का आयोजन करेगी जिसके एक दिन बाद प्रखंड स्तर पर आंदोलन छेड़ा जाएगा।भाजपा सांसद और राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने ट्वीट कर कहा, ‘‘यह सरासर सफ़ेद झूठ है कि भाजपा ने बिना नीतीश जी की सहमति के आरसीपी सिंह को मंत्री बनाया था। यह भी झूठ है की भाजपा जदयू को तोड़ना चाहती थी या तोड़ने का बहाना खोज रही थी। भाजपा 2024 में प्रचंड बहुमत से आएगी।’’

Aug 10, 2022  |  09:02 AM (IST)
RJD के साथ न मिलेगा BJP जैसा सम्मान- सुशील मोदी

सूबे के पूर्व डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने कहा है कि कुमार को लालू प्रसाद यादव के राजद (राष्ट्रीय जनता दल) के साथ  उस तरह का सम्मान नहीं मिलेगा, जो उसे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में मिला करता था। उन्होंने कहा- हमने उन्हें अधिक सीटें होने के बावजूद सीएम बनाया और कभी भी उनकी पार्टी तोड़ने का प्रयास न किया। हमने सिर्फ उन्हें तोड़ा, जिन्होंने हमें धोखा दिया। महाराष्ट्र में शिवसेना ने हमें धोखा दिया तो उसे उसके नजीते भुगतने पड़े थे।

Aug 10, 2022  |  09:01 AM (IST)
बिहारः 8वीं बार CM बनेंगे नीतीश

जनता दल (यूनाइटेड) के नीतीश कुमार आज (10 अगस्त, 2022) को आठवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे, जबकि राजद (राष्ट्रीय जनता दल) के तेजस्वी यादव उप-मुख्यमंत्री होंगे। राजद ने ट्वीट के जरिए बताया कि राज भवन में सीएम और डिप्टी सीएम का यह शपथ समारोह कार्यक्रम दोपहर दो बजे होगा।

Chandrayaan 3