लाइव टीवी

महाराष्ट्र में नया टकराव, राज्यपाल को नहीं दी सरकारी विमान से जाने की अनुमति, टिकट बुक कर दूसरी फ्लाइट से गए

Updated Feb 11, 2021 | 16:42 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को राज्य सरकार के विमान से देहरादून जाने से रोक दिया गया। उन्होंने एक कॉमर्शियल उड़ान बुक की और देहरादून के लिए रवाना हो गए।

Loading ...

नई दिल्ली: महाराष्ट्र में राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी और उद्धव ठाकरे सरकार के बीच एक बार फिर तनातनी देखने को मिली है। दरअसल, राज्यपाल कोश्यारी आज सरकारी विमान से उत्तराखंड जाने वाले थे, लेकिन उन्हें उड़ान के लिए अनुमति नहीं दी गई। राज्यपाल बाद में कमर्शियल फ्लाइट से देहरादून के लिए रवाना हुए। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने इस पर उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली सरकार से माफी मांगने के लिए कहा है।

बीजेपी नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, 'यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। राज्यपाल केवल एक व्यक्ति नहीं है बल्कि एक संवैधानिक पद है। यह घटना राज्य के लिए एक काला अध्याय है। यह एक बचकानी हरकत है, यह बहुत ही घमंडी सरकार है। गवर्नर का पद इससे अधिक महत्वपूर्ण है कि इसे कौन धारण करता है। सरकार ने जानबूझकर उनका अनादर कर अनुमति नहीं दी।'

आरोप-प्रत्यारोप का दौर

MNS के बाला नंदगांवकर ने कहा, 'जो भी हुआ वह बहुत बुरा है। महाराष्ट्र ने ऐसा पहले कभी नहीं देखा था। राज्यपाल एक संवैधानिक पद है और उसका सम्मान किया जाना चाहिए। साथ ही राज्यपाल को राज्य का सम्मान भी करना चाहिए। सीएम और राज्यपाल महत्वपूर्ण पद हैं और उन्हें एक-दूसरे का सम्मान करना चाहिए।' वहीं शिवसेना के सांसद विनायक राउत ने कहा कि  राज्य के बाहर एक निजी कार्यक्रम के लिए महाराष्ट्र सरकार के विमान का लाभ उठाना सही नहीं है। राज्यपाल के पास विमान का उपयोग करने की कोई अनुमति नहीं थी, इसलिए यह सही नहीं था कि वह वहां गए थे। जिस अधिकारी ने उन्हें इसके बारे में नहीं बताया, उसकी जांच होनी चाहिए।

राज्यपाल के कार्यालय ने रखा पक्ष

इस मामले पर महाराष्ट्र के राज्यपाल कार्यालय ने बताया, 'आज, जब राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी मुंबई एयरपोर्ट पर पहुंचे और सरकार के विमान में सवार हुए, राज्यपाल को सूचित किया गया कि विमान के उपयोग की अनुमति नहीं मिली है। तत्काल एक वाणिज्यिक विमान में टिकट बुक किया गया और वह देहरादून के लिए रवाना हुए। यात्रा की तैयारी के लिए राज्यपाल सचिवालय ने महाराष्ट्र सरकार को 2 फरवरी 2021 को राज्यपाल द्वारा सरकारी विमान के उपयोग की अनुमति मांगते हुए पत्र लिखा था। मुख्यमंत्री के कार्यालय को भी सूचित किया गया। 
डिप्टी CM को नहीं जानकारी

इस बारे में पूछे जाने पर महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार ने कहा कि उनके पास कोई जानकारी नहीं है और जानकारी मिलने के बाद ही वह इस पर टिप्पणी कर पाएंगे। कोश्यारी को सुबह 10 बजे मुंबई से देहरादून के लिए रवाना होना था। राज्यपाल को शुक्रवार को मसूरी में एक कार्यक्रम में भाग लेना है। उन्हें पहले देहरादून पहुंचना है और फिर वह वहां से मसूरी जाएंगे। राज्यपाल के कार्यालय ने बाद में एक विमान में सीट बुक की और वह दोपहर करीब 12.15 बजे देहरादून के लिए रवाना हुए।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।