लाइव टीवी

Ranchi Corporation Office: अब रांची में इन कामों के लिए निगम कार्यालय में नहीं लगानी होगी लाइन, आसानी से भर सकेंगे बिल

Updated Jun 01, 2022 | 14:20 IST

Ranchi Corporation Office: अब रांची वालों की नगर निगम से जुड़ी एक और समस्या हल होने वाली है। शहरवासियों को अपने छोटे-छोटे काम के लिए लाइन नहीं लगानी पड़ेगी। इससे उनका समय बचेगा।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspTwitter
रांची नगर निगम में टोकन सिस्टम होगा लागू (प्रतीकात्मक तस्वीर)
मुख्य बातें
  • नगर निगम अगले दो-चार दिनों में पूरी कर लेगा सभी काउंटरों की नंबरिंग
  • काउंटरों पर लगी एलईडी को किया जाएगा अपडेट
  • परिसर में अभी बैठने के लिए 50 से अधिक कुर्सियां

Ranchi Corporation Office:  राजधानी में अब लोगों को जन्म प्रमाण-पत्र, मृत्यु प्रमाण-पत्र, होल्डिंग टैक्स, पानी का बिल आदि जमा करने के लिए नगर निगम में लाइन नहीं लगानी पड़ेगी। नगर निगम द्वारा टोकन सिस्टम की शुरुआत की जा रही है। इससे लोग अपनी बारी का इंतजार कुर्सी पर बैठकर कर सकेंगे। 

इधर, दो से चार दिनों में नगर निगम सभी काउंटरों की नंबरिंग पूरी कर लेगा। फिर एलईडी लगाने का काम होगा। टेंडर निकालकर एजेंसी का चयन किया जाएगा।  फिर चयनित एजेंसी को निगम द्वारा वर्क ऑर्डर जारी कर दिया जाएगा। 

ग्राउंड फ्लोर पर बढ़ेंगीं कुर्सियां

जन्म प्रमाण-पत्र, मृत्यु प्रमाण-पत्र, होल्डिंग टैक्स कलेक्शन का निगम के सबसे निचले तल में काम होता है। यहां फिलहाल लोगों के बैठने के लिए 50 से अधिक कुर्सियां हैं। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि जरूरत पड़ने पर कुर्सियां बढ़ाई जाएंगी। हमारा उद्देश्य है कि किसी भी नागरिक को कोई असुविधा नहीं हो। 

अभी लोगों को लगानी पड़ती है लाइन

अभी हर दिन लोगों को होल्डिंग टैक्स, जन्म प्रमाण-पत्र, मृत्यु प्रमाण-पत्र एवं अन्य कार्यों के लिए घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ता है। इनमें सबसे अधिक परेशानी जन्म और मृत्यु प्रमाण-पत्र, होल्डिंग टैक्स जमा करने वालों को होती है। 

एलईडी स्क्रीन में बारी आने पर मिलेगी जानकारी

नगर निगम कार्यालय के निचले फ्लोर पर चार एलईडी स्क्रीन लगे हुए हैं। इसी स्क्रीन पर लोगों को अपने नंबर की जानकारी मिलती रहेगी। यह व्यवस्था फिलहाल बैंकों एवं डाकघर में लागू है। अपर नगर आयुक्त कुंवर सिंह का कहना है कि समीक्षा के बाद निगम द्वारा यह निर्णय लिया गया है। यह नई व्यवस्था 15 दिनों के अंदर लागू हो जाएगी। लोगों की परेशानी को देखते हुए निगम ने कुछ समय पहले यह तय किया था। हालांकि अब यह नई व्यवस्था लागू की जा रही है। कई बार लोगों एवं वार्ड पार्षदों ने भी बैठक में यह प्रस्ताव रखा था। फिलहाल तमाम तैयारियां जोर-शोर से चल रही है। उम्मीद है कि लोगों को नई व्यवस्था पसंद आएगी।