लाइव टीवी

ISRO Cartosat-3 launch: अंतरिक्ष में भारत की नई उड़ान, इसरो ने लॉन्‍च किया कार्टोसैट-3

Updated Nov 27, 2019 | 10:11 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

ISRO Cartosat-3 launch: इसरो ने कार्टोसैट-3 उपग्रह को आज प्रक्षेपित किया। इसे PSLV-C47 के जरिये प्रक्षेपित किया गया है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspBCCL
इसरो ने कार्टोसैट-3 लॉन्‍च किया है (फाइल फोटो)
मुख्य बातें
  • इसरो ने कार्टोसैट-3 उपग्रह लॉन्‍च किया है, जो इस श्रृंंखला का नौवां उपग्रह है
  • कार्टोसैट-3 का प्रक्षेपण श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से किया गया
  • यह तीसरी पीढ़ी का उन्नत उपग्रह है, जिसमें हाई रिजोल्यूशन की तस्वीरें लेने की क्षमता है

हैदराबाद : भारतीय अंतरिक्ष शोध संगठन (ISRO) ने बुधवार (28 नवंबर) को PSLV-C47 को लॉन्‍च किया, जिसके जरिये पृथ्वी के चित्रण और मानचित्रण उपग्रह 'कार्टोसैट-3' के साथ-साथ अमेरिका के 13 अन्य छोटे उपग्रहों को भी प्रक्षेपित किया गया। कार्टोसैट-3 के लॉन्‍च के लिए 26 घंटे की उल्‍टी गिनती मंगलवार सुबह 7:28 बजे ही शुरू हो गई थी। इसे सुबह 9:28 बजे प्रक्षेपित किया गया।

कार्टोसैट-3 उपग्रह को श्रीहरिकोटा सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र के दूसरे लॉन्‍च पैड से प्रक्षेपित किया गया। यह कार्टोसैट श्रृंखला का 9वां उपग्रह है। वहीं, जिस पीएसएलवी-सी47 के जरिये इसे प्रक्षेपित किया जाएगा, उसकी यह 49वीं उड़ान है। यह कार्टोसैट-3 के साथ-साथ अमेरिका के वाणिज्यिक उद्देश्य वाले 13 छोटे उपग्रहों को भी अंतरिक्ष में ले गया है।

कार्टोसैट-3 तीसरी पीढ़ी का उन्नत उपग्रह है, जिसका प्रक्षेपण 22 जुलाई, 2019 को हुए चंद्रयान -2 के प्रक्षेपण के बाद हुआ है। इसमें हाई रिजोल्यूशन की तस्वीरें लेने की क्षमता है, जिससे शहरी नियोजन, ग्रामीण संसाधन और बुनियादी ढांचे के विकास, तटीय भूमि के उपयोग से जुड़ी जानकारियां सामने आने की उम्‍मीद है। इसका जीवनकाल 5 साल का है, जो 1,625 किलोग्राम वजनी है।

यहां उल्‍लेखनीय है कि इसरो ने अंतरिक्ष में भारत की महत्‍वाकांक्षी परियोजना चंद्रयान-2 को जुलाई में लॉन्‍च किया था। इसके लैंडर 'विक्रम' को 7 सितंबर को चंद्रमा की सतह पर सॉफ्ट लैंडिंग कराने की कोशिश की गई थी, लेकिन इसकी हार्ड लैंडिंग हुई, जिसकी वजह से जमीनी स्‍टेशन से इसका संपर्क टूट गया। हालांकि चंद्रयान-2 का आर्बिटर अब भी ठीक ढंग से काम कर रहा है और चंद्रमा के बारे में कई महत्‍वपूर्ण सूचनाएं भेज रहा है।