लाइव टीवी

क्रिस्टियानो रोनाल्‍डो बने दुनिया के पहले खिलाड़ी, तीन लीग में 50 या ज्‍यादा गोल दागने का बनाया रिकॉर्ड

Updated Jul 21, 2020 | 09:21 IST

Cristiano Ronaldo record: क्रिस्टियानो रोनाल्‍डो ने सोमवार को लाजियो के खिलाफ दो गोल दागकर बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। वह दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्‍होंने तीन लीग में 50 या ज्‍यादा गोल दागे।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspAP
क्रिस्टियानो रोनाल्‍डो
मुख्य बातें
  • क्रिस्टियानो रोनाल्‍डो दुनिया की बेस्‍ट तीन लीग में 50 या ज्‍यादा गोल दागने वाले पहले खिलाड़ी बने
  • रोनाल्‍डो ने लाजियो के खिलाफ दो गोल दागकर यह उपलब्धि अपने नाम की
  • क्रिस्टियानो रोनाल्‍डो युवेंटस फुटबॉल क्‍लब से दो साल पहले जुड़े थे

स्‍टार स्‍ट्राइकर क्रिस्टियानो रोनाल्‍डो ने सोमवार को दो गोल दागकर युवेंटस को लाजियो पर 2-1 की जीत दिलाई। यह जीत कई मायनों में रोनाल्‍डो के लिए खास साबित हुई। सबसे बड़ी बात यह है कि क्रिस्टियानो रोनाल्‍डो फुटबॉल इतिहास में पहले खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्‍होंने दुनिया की तीन सर्वश्रेष्‍ठ लीग सिरी ए, ला लीगा और प्रीमियर लीग में 50 या ज्‍यादा गोल दागे हैं। पुर्तगाल के कप्‍तान दो साल पहले युवेंटस से जुड़े और लीग में 51 गोल दागे। उन्‍होंने मैनचेस्‍टर यूनाइटेड (2003-09) में 84 गोल दागे थे। फिर रियल मैड्रिड (2009-2018) के साथ 311 गोल दागे।

रोनाल्‍डो ने सोमवार को मैच के 51वें मिनट में पहला गोल दागकर रिकॉर्ड कायम कर लिया था। इसके बाद उन्‍होंने दूसरा गोल दागा, जो युवेंटस की जीत का निर्णायक गोल बना। रोनाल्‍डो का दूसरा गोल सिरी ए सीजन में 30वां गोल था। वह छह दशक में तीसरे खिलाड़ी बने, जिन्‍होंने एक सीजन में 30 दागे हो।

इससे पहले फियोरेन्‍टीना के लुका टोनी ने 2005-06 में 31 गोल दागे थे जबकि 2015-16 में नापोली के गोंजालो हिगुएन ने 36 गोल किए थे। लाजियो के सिरो इमोबिल ने भी सोमवार के मुकाबले में सीजन का अपना 30वां गोल दागा और रोनाल्‍डो के साथ संयुक्‍त रूप से यह रिकॉर्ड बनाया। 

रोनाल्‍डो की एक और बड़ी उपलब्धि भी आपको बताते हैं। पिछली एक चौथाई सदी में रोनाल्‍डो सबसे तेज सिरी ए में 50 गोल दागने वाले फुटबॉलर बने हैं। उन्‍होंने सिर्फ 61 मैचों में यह कमाल किया। एंडी शेवचेंको ने एसी मिलान के साथ यह कमाल करने के लिए 68 मैचों का सहारा लिया था। एक और मजेदार बात यह है कि रोनाल्‍डो के दो गोल की मदद से युवेंटस सिरी ए में आठ अंकों की बढ़त के साथ पहले स्‍थान पर है। युवेंटस का लगातार 9वीं बार लीग खिताब जीतना लगभग तय लग हो चुका है।